प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: नया नियम लागू, बिना सत्यापन नहीं होगा बीमा

खरीफ 2026 से लागू होंगे नए दिशा-निर्देश, गलत पॉलिसी मंजूर होने पर बीमा कंपनी की होगी पूरी जिम्मेदारी

किसानों की फसल बीमा पॉलिसियों में होने वाली गलतियों और क्लेम के समय सामने आने वाले विवादों को कम करने के लिए कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये नए प्रावधान खरीफ 2026 से लागू होंगे। अब फसल बीमा पॉलिसी को मंजूरी देने से पहले किसान की वास्तविक बोई गई फसल, भूमि रिकॉर्ड और पॉलिसी में दर्ज बीमित फसल का सत्यापन किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य फसल बीमा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ गलत पॉलिसियों को रोकना और किसानों के हितों की रक्षा करना है।

नए नियमों के तहत गलत पॉलिसी के अनुमोदन की स्थिति में संबंधित बीमा कंपनी की जवाबदेही भी तय की जाएगी। यदि गलत पॉलिसी के कारण किसी तरह का वित्तीय या अन्य भार उत्पन्न होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बीमा कंपनी की होगी।

पॉलिसी मंजूर होने से पहले होगा सत्यापन

कृषि विभाग के अनुसार, गैर-ऋणी किसानों की फसल बीमा पॉलिसियों का सत्यापन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिसूचित बीमा कंपनी की होगी। बीमा कंपनी को किसान के इंश्योरेबल इंटरेस्ट का भी सत्यापन करना होगा। इसके तहत किसान के आवेदन, वास्तविक रूप से बोई गई फसल और भूमि रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। इन जानकारियों के सत्यापन के बाद ही फसल बीमा पॉलिसी को मंजूरी दी जाएगी। इससे गलत फसल या गलत भूमि के आधार पर पॉलिसी जारी होने की संभावना को कम किया जा सकेगा।

वास्तविक फसल और बीमित फसल का होगा मिलान

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में नए नियमों में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव वास्तविक खेत में बोई गई फसल और बीमा पॉलिसी में दर्ज फसल के सत्यापन को लेकर किया गया है। इसके लिए भौतिक सत्यापन, क्रॉप हेल्थ मॉनिटरिंग सर्वे और उपलब्ध तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। वास्तविक बुवाई और बीमित फसल से जुड़े आंकड़ों का मिलान किया जाएगा। यदि किसी फसल का बीमित क्षेत्र उसके औसत बुवाई क्षेत्र से अधिक पाया जाता है, तो संबंधित पॉलिसियों की अनिवार्य रूप से जांच की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर राज्य प्रीमियम अंश का भुगतान रोका जा सकता है।

ई-गिरदावरी और डीसीएस (DCS) सर्वे रिपोर्ट से जांच

यदि बीमित फसल और वास्तविक बोई गई फसल में अंतर पाया जाता है, तो ई-गिरदावरी/डीसीएस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर फसल का मिलान किया जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर और संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) के समन्वय से रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी। बीमा कंपनी की ओर से रिपोर्ट मांगे जाने पर जिला स्तर के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी। इससे फसल की वास्तविक स्थिति और पॉलिसी में दर्ज जानकारी के बीच अंतर की जांच की जा सकेगी।

पॉलिसी मंजूरी में देरी पर भी होगी कार्रवाई

नए दिशा-निर्देशों में फसल बीमा पॉलिसी के अनुमोदन की निर्धारित समय-सीमा का पालन करने पर भी जोर दिया गया है। यदि पॉलिसी के अनुमोदन में अनावश्यक देरी होती है, तो ऑटो-अनुमोदन रोकने का अनुरोध किया जा सकता है। वहीं, यदि कोई पॉलिसी गलत तरीके से मंजूर हो जाती है, तो जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी की अनुशंसा के आधार पर उसे रिवर्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इससे गलत पॉलिसियों को समय रहते ठीक करने की व्यवस्था मजबूत होगी।

गलत पॉलिसी का आर्थिक भार बीमा कंपनी पर

नए नियमों में बीमा कंपनियों की जवाबदेही स्पष्ट की गई है। यदि गलत पॉलिसी के अनुमोदन के कारण कोई वित्तीय या अन्य भार उत्पन्न होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बीमा कंपनी की होगी। इससे गलत जानकारी के आधार पर पॉलिसी जारी होने और बाद में क्लेम के समय होने वाले विवादों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ऋणी किसानों की पॉलिसी में भी विवाद रोकने पर जोर

कृषि विभाग के अनुसार, ऋणी किसानों की पॉलिसी तैयार करते समय कई बार किसान की सहमति नहीं लिए जाने या वास्तविक बोई गई फसल और बीमित फसल में अंतर के कारण क्लेम भुगतान के समय विवाद सामने आते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अब पॉलिसी के अनुमोदन स्तर पर ही फसल का सत्यापन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

जिला स्तर पर होगी निगरानी

फसल बीमा पॉलिसियों के अनुमोदन और निरस्तीकरण से जुड़ी रिपोर्ट जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। कृषि विभाग ने संबंधित बीमा कंपनियों और जिला स्तरीय अधिकारियों को नए दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

किसानों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है नया नियम

फसल बीमा पॉलिसी में सही फसल और सही भूमि रिकॉर्ड दर्ज होना क्लेम के समय महत्वपूर्ण होता है। नई व्यवस्था में पॉलिसी जारी होने से पहले ही इन जानकारियों का सत्यापन करने से गलत पॉलिसियों की संख्या कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही क्रॉप हेल्थ मॉनिटरिंग, ई-गिरदावरी और DCS सर्वे जैसी व्यवस्थाओं के इस्तेमाल से प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है। खरीफ 2026 से लागू होने वाली यह व्यवस्था प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में पॉलिसी सत्यापन को अधिक व्यवस्थित करने और किसानों के क्लेम से जुड़े विवादों को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

“प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में नया नियम लागू” होने के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):

प्रश्न 1. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में नया नियम कब से लागू होगा?

उत्तर: नए दिशा-निर्देश खरीफ 2026 से लागू होंगे।

प्रश्न 2. फसल बीमा पॉलिसी मंजूर होने से पहले क्या सत्यापन होगा?

उत्तर: अब किसान की वास्तविक बोई गई फसल, भूमि रिकॉर्ड और बीमा पॉलिसी में दर्ज फसल का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही पॉलिसी को मंजूरी दी जाएगी।

प्रश्न 3. गलत फसल बीमा पॉलिसी मंजूर होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी?

उत्तर: गलत पॉलिसी मंजूर होने के कारण वित्तीय या अन्य भार उत्पन्न होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बीमा कंपनी की होगी।

प्रश्न 4. फसल बीमा के सत्यापन में किन तरीकों का इस्तेमाल होगा?

उत्तर: सत्यापन के लिए भौतिक सत्यापन, क्रॉप हेल्थ मॉनिटरिंग सर्वे, उपलब्ध तकनीक, ई-गिरदावरी और DCS सर्वे रिपोर्ट का इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रश्न 5. नए नियमों से किसानों को क्या फायदा होगा?

उत्तर: नए नियमों से पॉलिसी में गलत फसल या भूमि रिकॉर्ड दर्ज होने की संभावना कम होगी। इससे फसल बीमा क्लेम के समय होने वाले विवादों को कम करने और बीमा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स

स्वराज 855 एक्स एम

48 एचपी | 2014 Model | देवास, मध्यप्रदेश

₹ 2,17,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
पॉवर ट्रैक 434 डीएस

35 एचपी | 2010 Model | जबलपुर, मध्यप्रदेश

₹ 1,30,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
पॉवर ट्रैक यूरो 50

50 एचपी | 2021 Model | रायसेन, मध्यप्रदेश

₹ 3,51,150
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
मैसी फर्ग्यूसन 7250

46 एचपी | 2012 Model | अजमेर, राजस्थान

₹ 2,50,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें

सभी देखें

ट्रैक्टर ऑफ़र जांचें
ट्रैक्टर की कीमत जानें