PM फसल बीमा योजना 2026: धान, मक्का, सोयाबीन समेत 11 फसलों का बीमा शुरू

किसान खरीफ 2026 सीजन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 31 जुलाई तक करा सकते हैं पंजीयन

खरीफ सीजन 2026 में किसानों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत खरीफ फसलों के बीमा के लिए पंजीयन प्रक्रिया 12 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है। किसान 31 जुलाई 2026 तक अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। कृषि विभाग ने अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं या प्रतिकूल मौसम से होने वाले नुकसान की स्थिति में मुआवजे का लाभ मिल सके।

मौसम विभाग ने इस वर्ष अल नीनो (El Nino) के प्रभाव के कारण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में सामान्य से कम या अनियमित वर्षा की संभावना जताई है। ऐसे में धान, मक्का, सोयाबीन सहित खरीफ फसलों की सुरक्षा के लिए फसल बीमा किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा कवच साबित हो सकता है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जोखिम से बचने के लिए समय पर योजना में पंजीयन अवश्य कराएं।

किसान इन 11 खरीफ फसलों का करा सकते हैं बीमा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को खरीफ सीजन की 11 अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की सुविधा दी गई है। इनमें मुख्य रूप से धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का और सोयाबीन शामिल हैं। इसके अलावा दलहन एवं तिलहन फसलों में अरहर, मूंगफली, मूंग और उड़द तथा मोटे अनाज (मिलेट्स) में कोदो, कुटकी और रागी का भी बीमा कराया जा सकता है। किसान अपने गांव में अधिसूचित फसल की जानकारी के लिए संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

फसल बीमा के लिए कहां करें आवेदन

योजना के तहत ऋणी और अऋणी दोनों प्रकार के किसान आवेदन कर सकते हैं। जिन किसानों ने कृषि ऋण लिया है, वे संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। वहीं अऋणी किसान नजदीकी बैंक, लोक सेवा केंद्र (CSC), अधिकृत बीमा एजेंट या कृषि विभाग के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसान भारत सरकार के आधिकारिक फसल बीमा पोर्टल (pmfby.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा का भी लाभ उठा सकते हैं।

इन 4 प्रमुख जोखिमों पर मिलेगा फसल बीमा का लाभ

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल चक्र के विभिन्न चरणों में होने वाले नुकसान पर बीमा सुरक्षा प्रदान की जाती है। यदि खराब मौसम के कारण बुआई नहीं हो पाती है तो बाधित बोनी (Prevented Sowing) की स्थिति में भी योजना का लाभ मिलता है। बुआई के बाद शुरुआती अवस्था में फसल खराब होने पर रोपण में विफलता (Planting Failure) का प्रावधान भी शामिल है। इसके अलावा ओलावृष्टि, बादल फटना, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थानीयकृत आपदाओं से होने वाले नुकसान पर भी बीमा कवर मिलता है। वहीं फसल कटाई के बाद खेत में रखी उपज यदि चक्रवात या बेमौसम बारिश से प्रभावित होती है, तो पोस्ट हार्वेस्ट लॉस (Post-Harvest Loss) के तहत भी किसान मुआवजे के पात्र होंगे।

फसल खराब होने पर कहां दें सूचना

यदि प्राकृतिक आपदा, बाढ़, ओलावृष्टि, अत्यधिक वर्षा या अन्य कारणों से फसल को नुकसान पहुंचता है, तो किसानों को इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर संबंधित विभाग या बीमा कंपनी को देना जरूरी होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर सूचना देने पर ही बीमा दावा (क्लेम) प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी। किसान शिकायत दर्ज कराने या सहायता प्राप्त करने के लिए भारत सरकार के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय कृषि विभाग, राजस्व विभाग, संबंधित बैंक या बीमा कंपनी के कार्यालय में भी लिखित सूचना देकर दावा प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

फसल सुरक्षा के लिए अंतिम तिथि से पहले कराएं बीमा

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि तक इंतजार करने के बजाय समय रहते फसल बीमा कराएं। मौसम की अनिश्चितता और प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते जोखिम को देखते हुए यह योजना किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। समय पर पंजीयन कराने से सूखा, कम वर्षा, बाढ़, ओलावृष्टि, जलभराव और अन्य प्राकृतिक कारणों से होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को मुआवजा प्राप्त करने में आसानी होगी। खरीफ 2026 सीजन में बेहतर सुरक्षा के लिए किसान 31 जुलाई 2026 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अपना पंजीयन अवश्य करा लें।

“प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ सीजन 2026)” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs): 

प्रश्न 1. PM फसल बीमा योजना 2026 में आवेदन की अंतिम तिथि क्या है? 

उत्तर: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 सीजन के लिए किसान 31 जुलाई 2026 तक अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। 

प्रश्न 2. PM फसल बीमा योजना 2026 में किन फसलों का बीमा कराया जा सकता है? 

उत्तर: योजना के तहत धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, सोयाबीन, अरहर, मूंगफली, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी और रागी सहित अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा कराया जा सकता है। 

प्रश्न 3. PM फसल बीमा योजना में आवेदन कैसे करें? 

उत्तर: ऋणी किसान संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं अऋणी किसान बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), अधिकृत बीमा एजेंट या PMFBY के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

प्रश्न 4. फसल खराब होने पर बीमा क्लेम के लिए क्या करना होगा? 

उत्तर: प्राकृतिक आपदा, बाढ़, ओलावृष्टि या अन्य कारणों से फसल खराब होने पर किसान को 72 घंटे के भीतर संबंधित कृषि विभाग, बैंक, बीमा कंपनी या हेल्पलाइन पर सूचना देनी होगी, तभी क्लेम प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। 

प्रश्न 5. PM फसल बीमा योजना में किन जोखिमों को कवर किया जाता है? 

उत्तर: इस योजना में बाधित बोनी, रोपण में विफलता, स्थानीयकृत प्राकृतिक आपदाएं (ओलावृष्टि, जलभराव, बादल फटना आदि) और फसल कटाई के बाद बेमौसम बारिश या चक्रवात से होने वाले नुकसान को बीमा कवरेज में शामिल किया गया है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स

स्वराज 855 एक्स एम

48 एचपी | 2014 Model | देवास, मध्यप्रदेश

₹ 2,17,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
पॉवर ट्रैक 434 डीएस

35 एचपी | 2010 Model | जबलपुर, मध्यप्रदेश

₹ 1,30,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
पॉवर ट्रैक यूरो 50

50 एचपी | 2021 Model | रायसेन, मध्यप्रदेश

₹ 3,51,150
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
मैसी फर्ग्यूसन 7250

46 एचपी | 2012 Model | अजमेर, राजस्थान

₹ 2,50,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें

सभी देखें

ट्रैक्टर ऑफ़र जांचें
ट्रैक्टर की कीमत जानें