पशुपालक यहां करें आवेदन, मिल सकता है 5 लाख रुपए का पुरस्कार
प्रकाशित - 20 Aug 2023 by Tractor Junction
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार : जानें, क्या है सरकार की पशुपालकों के लिए योजना और इसमें कैसे करना होगा आवेदन
सरकार की ओर से देसी गाय के संरक्षण के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। देसी गाय को पालने के लिए सब्सिडी (subsidy) दी जा रही है। उनके चारे-पानी के लिए भी पैसा दिया जाता है। इतना ही नहीं अभी लंपी बीमारी का नि:शुल्क टीकाकरण (free vaccination) भी किया गया है। पशुधन हानि पर भी मुआवजा दिया जाता है। इस तरह सभी राज्य सरकारें देसी गाय को पालने और उनका संरक्षण करने के लिए किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
इसी क्रम में केंद्र सरकार की ओर से देसी गाय के संरक्षण पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसके तहत हर साल देसी गाय के संरक्षण के संदर्भ में उत्कृट कार्य करने वाले किसान पशुपालक को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इसके अलावा प्रमाण-पत्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाते हैं। इस पुरस्कार का नाम राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (National Gopal Ratna Award) है। इसमें लाखों रुपए के पुरस्कार जीतने का मौका मिलता है। यदि आप भी देसी गाय के संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं तो आप भी इस योजना में भाग ले सकते हैं।
आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से आपको राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (National Gopal Ratna Award) के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
क्या है राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (What is National Gopal Ratna Award)
भारत सरकार की ओर से पशुपालन क्षेत्र में देसी गायों के संरक्षण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले पशुपालकों को गोपाल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। यह पुरस्कार राष्ट्रीय गोकुल मिशन (Rashtriya Gokul Mission) के तहत दिया जाता है। इस पुरस्कार का उद्देश्य देसी गाय का संरक्षण करने के साथ ही दूध की उत्पादकता को बढ़ाना है। यह पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। इसके तहत प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार 5 लाख रुपए का होता है, दूसरा पुरस्कार 3 लाख रुपए और तीसरा पुरस्कार 2 लाख रुपए का दिया जाता है। इसके अलावा प्रशस्ति पत्र व प्रमाण-पत्र वितरित किए जाते हैं।
किन तीन श्रेणियों में मिलता है पुरस्कार/पुरस्कारों का विवरण
राष्ट्रीय गोकुल मिशन (Rashtriya Gokul Mission) के तहत दुग्ध उत्पादक किसानों, डेयरी सहकारी समितियों अथवा एफपीओ और कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों (एआईटी) को प्रोत्साहित करने के जिन तीन श्रेणियों में गोपाल रत्न पुरस्कार दिए जाते हैं वे इस प्रकार से हैं-
- पंजीकृत स्वदेशी गाय/भैंस नस्लों को पालने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान
- सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति/दूध उत्पादक कंपनी/डेयरी किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ)
- सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन
उपरोक्त ऊपर की दोनों श्रेणियों में पहले स्थान पर आने वाले किसान या एफपीओ को 5 लाख रुपए का पुरस्कार और दूसरे स्थान पर आने वाले को 3 लाख रुपए का पुरस्कार एवं तीसरे स्थान पर आने वाले को 2 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाता है। वहीं तीसरी श्रेणी यानी सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन में नकद पुरस्कार नहीं देकर केवल योग्यता प्रमाण-पत्र और एक स्मृति चिह्न प्रदान किया जाता है। बता दें कि उपरोक्त दी गई प्रत्येक श्रेणी में तीन पुरस्कार दिए जाते हैं। इस प्रकार गोपाल रत्न अवार्ड में कुल 9 पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
कब तक किया जा सकता है गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए आवेदन
यदि आप गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो इसके लिए आवेदन इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://awards.gov.in या https://lahd.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए आवेदन 14 अगस्त 2023 से शुरू हो गए हैं और 15 सितंबर 2023 तक इसके लिए आवेदन किया जा सकता है।
कब किया जाएगा पुरस्कारों का वितरण
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के तहत पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को सरदार बल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस पर की जाएगी। यह पुरस्कार वितरण समारोह राष्ट्रीय दुग्ध दिवस, 26 नवंबर 2023 को पशुपालन और डेयरी विभाग द्वारा निर्धारित स्थान पर आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कहां करें संपर्क
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आप इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://awards.gov.in विजिट पर जाकर चयन प्रक्रिया, पात्रता की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपने निकटतम पशुपालन विभाग के माध्यम से भी इस पुरस्कार के संबंध में जानकारी हासिल कर सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों पॉवर ट्रैक ट्रैक्टर, सॉलिस ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें