सरकार का बड़ा फैसला: लखपति दीदी योजना से 1 साल में 1 करोड़ महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर

Share Product प्रकाशित - 29 Dec 2025 by Vivek Tailang

सरकार का बड़ा फैसला: लखपति दीदी योजना से 1 साल में 1 करोड़ महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर

जानें योजना के लाभ, पात्रता और महिलाओं को मिलने वाले आर्थिक फायदे

राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक बड़ा और महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। राज्य सरकार ने लखपति दीदी योजना के तहत एक वर्ष में एक करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रदेश की तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़कर उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक प्रगति की सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास मानी जा रही है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को कृषि और गैर-कृषि आधारित रोजगार से जोड़कर उनकी वार्षिक आय कम से कम एक लाख रुपए या उससे अधिक तक पहुंचाना है। योजना को मिशन मोड में लागू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं ताकि तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल किया जा सके। 

क्या है लखपति दीदी योजना

लखपति दीदी योजना केंद्र सरकार की पहल से प्रेरित है जिसे उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार प्रभावी रूप से लागू कर रही है। इस योजना तहत महिलाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, पूंजी सहायता और बाजार से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर दिए जाते हैं, ताकि वे नियमित और स्थायी आय अर्जित कर सकें। इस योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय कम से कम 1 लाख रुपए या उससे अधिक करना है। 

किन कामों से जोड़ा जाएगा महिलाओं को

योजना के तहत महिलाओं को कृषि और गैर-कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इस योजना में जिन कामों को शामिल किया गया है, वे इस प्रकार से हैं: 

  • पशुपालन और डेयरी
  • मुर्गी पालन
  • सब्जी और बीज उत्पादन
  • मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन
  • हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग
  • खाद्य प्रसंस्करण
  • सिलाई-कढ़ाई, अगरबत्ती, मसाला और पापड़ निर्माण

इन गतिविधियों के जरिए महिलाओं को घर बैठे या स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी। 

प्रशिक्षण से लेकर बाजार तक सरकार देगी पूरा सहयोग

राज्य सरकार इस योजना को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के माध्यम से लागू कर रही है। प्रशिक्षित टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर पात्र महिलाओं की पहचान करेंगी और उन्हें SHG से जोड़ेंगी। महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए कौशल प्रशिक्षण, शुरुआती पूंजी सहायता, बैंक ऋण और उत्पादों की बिक्री के लिए मार्केट सपोर्ट भी दिया जाएगा। सरकार का फोकस केवल सहायता देने पर नहीं, बल्कि महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर है। राज्य सरकार के अनुसार कई जिलों में महिलाएं पहले ही इस मॉडल से लाभ कमा रही हैं।

स्वरोजगार से उद्यमिता की ओर बढ़ेंगी महिलाएं

लखपति दीदी योजना का एक अहम उद्देश्य यह भी है कि महिलाएं सिर्फ स्वरोजगार तक सीमित न रहें, बल्कि आगे चलकर रोजगार देने वाली उद्यमी बनें। इसके लिए वित्त, तकनीक, प्रशिक्षण और विपणन, इन चारों स्तर पर मजबूत व्यवस्था की जा रही है। सरकार का कहना है कि इस योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिलाओं की सामाजिक व आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा। सरकार का दावा है कि इस योजना से गांव की महिलाएं अब केवल गृहणी नहीं, बल्कि आय अर्जित करने वाली उद्यमी बनेंगी। 

कौन ले सकता है योजना का लाभ

लखपति दीदी योजना जिन महिलाओं को दिया जाएगा उनके लिए आवश्यक पात्रता व शर्तें इस प्रकार से हैं: 

  • महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी होनी चाहिए।
  • महिला ग्रामीण या शहरी आजीविका मिशन के तहत पंजीकृत हो। 
  • लाभार्थी किसी न किसी आय सृजन गतिविधि में कार्यरत होनी चाहिए।

लखपति दीदी योजना के क्या है प्रमुख फायदे

  • व्यवसाय से जुड़ा प्रशिक्षण मिलता है। 
  • उद्यम शुरू करने में सरकारी सहयोग प्रदान किया जाता है। 
  • बैंक लिंकेज और आसान ऋण सुविधा मिलती है। 
  • वित्तीय साक्षरता का लाभ मिलता है। 
  • उत्पादों को बाजार से जोड़ने में सहायता मिलती है। 

इस योजना का लक्ष्य स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं की सालाना आय 1 लाख रुपए या उससे अधिक करना है। 

योजना के तहत लाभार्थी का कैसे होगा चयन और कहां करें संपर्क

लखपति दीदी योजना के लिए महिलाओं को अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। चयन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्राम पंचायत, ब्लॉक कार्यालय या आजीविका मिशन द्वारा किया जाता है। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए महिलाएं अपने ग्राम पंचायत कार्यालय, ब्लॉक कार्यालय, NRLM से जुड़े अधिकारी या अपने SHG समूह से संपर्क कर सकती हैं। 

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button