लाड़ली बहना योजना: एक लाख महिलाओं को नहीं मिली 33वीं किस्त, जानें वजह
प्रकाशित - 16 Feb 2026 by Vivek Tailang
प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं को मिला योजना का लाभ
मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) की 33वीं किस्त 14 फरवरी को जारी कर दी गई है। इस बार करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई। हालांकि करीब 1 लाख महिलाएं इस बार योजना के लाभ से वंचित रह गईं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा जिले के पंधाना में आयोजित कार्यक्रम से इस किस्त को जारी किया।
एक लाख महिलाओं क्यों नहीं मिला 33वीं किस्त का लाभ
हालांकि इस बार करीब 1 लाख महिलाओं को 33वीं किस्त का लाभ नहीं मिल पाया। योजना की शुरुआत में लगभग 1.32 करोड़ महिलाएं जुड़ी थीं, जो बाद में घटकर 1.29 करोड़ और फिर 1.26 करोड़ रह गईं। अब पात्र लाभार्थियों की संख्या करीब 1.25 करोड़ है। सरकार के अनुसार जिन महिलाओं ने पात्रता की शर्तें पूरी नहीं कीं या जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक हो गई है, उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं। योजना की गाइडलाइंस के मुताबिक 60 वर्ष की आयु तक ही इस योजना का लाभ दिया जाता है। ऐसे में जिनका नाम हट गया है, वे अपनी पात्रता की जांच जरूर करें।
33वीं किस्त 1865 करोड़ की राशि ट्रांसफर
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 33वीं किस्त की राशि सीधे आधार से लिंक बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। इससे पहले 32वीं किस्त 16 जनवरी को नर्मदापुरम से जारी की गई थी, जिसमें लगभग 1856 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इस बार भी लाभार्थी महिलाओं को 1500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया और कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कैसे चेक करें पेमेंट स्टेटस
यदि आपके खाते में 1500 रुपये की राशि नहीं पहुंची है या आपको मैसेज नहीं मिला है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकती हैं। सबसे पहले योजना की वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं। वहां “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना एप्लीकेशन आईडी या समग्र आईडी दर्ज करें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से वेरिफिकेशन करें। इसके बाद आपकी पेमेंट हिस्ट्री स्क्रीन पर दिखाई देगी, जहां 33वीं किस्त का स्टेटस भी देखा जा सकता है।
खाते में पैसा नहीं आया तो क्या करें
अगर आपके खाते में राशि नहीं आई है, तो इसके पीछे कुछ सामान्य कारण हो सकते हैं। समग्र आईडी और आधार की केवाईसी अपडेट न होना, बैंक अकाउंट का आधार से लिंक न होना या डीबीटी सुविधा सक्रिय न होना आदि। ऐसी स्थिति में अपने बैंक या नजदीकी पंचायत/लोक सेवा केंद्र पर जाकर दस्तावेज अपडेट करवाएं। जरूरी सुधार के बाद अगली किस्त के साथ पिछली बकाया राशि भी खाते में आ सकती है।
क्या राज्य बजट में होगा बड़ा ऐलान
लाड़ली बहना योजना में लंबे समय से नए रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं हुए हैं। ऐसे में प्रदेश की महिलाओं की नजर आगामी बजट पर टिकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार योजना की मासिक राशि बढ़ाने या नए पंजीयन शुरू करने को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकती है। शुरुआत में इस योजना के तहत 1000 रुपये दिए जाते थे, जिसे बाद में 1250 रुपये और अब 1500 रुपये तक बढ़ाया गया है। यदि राशि में और बढ़ोतरी होती है, तो यह लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
महिलाओं को मिल रहा आर्थिक सहारा
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से महिलाएं घरेलू जरूरतें पूरी कर पा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। कुल मिलाकर, 33वीं किस्त जारी होने से जहां 1.25 करोड़ महिलाओं को राहत मिली है, वहीं पात्रता से बाहर हुई महिलाओं को अपने दस्तावेज और शर्तों की जांच करने की जरूरत है। आने वाले समय में योजना से जुड़े नए फैसलों पर सभी की नजर बनी हुई है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों प्रीत ट्रैक्टर, जॉन डियर ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें