ट्रैक्टर खरीदने पर किसानों को मिलेगी 3 लाख रुपये तक सब्सिडी, 15 दिसंबर तक करें आवेदन
प्रकाशित - 17 Nov 2026 by Vivek Tailang
45 HP से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर मिलेगा अनुदान, जानें पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया
हरियाणा के किसानों के लिए ट्रैक्टर खरीदने का अच्छा मौका है। राज्य सरकार अनुसूचित जाति (SC) के किसानों को नया ट्रैक्टर खरीदने के लिए 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी दे रही है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की इस योजना के तहत 45 हॉर्स पावर (HP) से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र किसान 15 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, सब्सिडी प्राप्त करने के लिए किसानों को जमीन के स्वामित्व, पंजीकरण और ट्रैक्टर खरीद से जुड़ी निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा।
हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने अनुसूचित जाति के किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की है। विभाग के अनुसार, ट्रैक्टर पर अनुदान मिलने से किसानों की कृषि कार्यक्षमता बढ़ाने और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसान आधुनिक मशीनों की सहायता से समय पर कृषि कार्य पूरा कर सकेंगे।
15 दिसंबर तक यहां करें ऑनलाइन आवेदन
कृषि विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। पात्र किसान 15 दिसंबर 2026 तक विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। किसानों को आवेदन करते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी और जमीन से संबंधित जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। यदि किसी जिले में निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया जाएगा। यह चयन प्रक्रिया संबंधित जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की निगरानी में पूरी होगी। चयनित किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए विभाग की ओर से परमिट जारी किया जाएगा।
Popular Tractors
ट्रैक्टर सब्सिडी के लिए ये किसान होंगे पात्र
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का अनुसूचित जाति से संबंधित होना जरूरी है। इसके अलावा किसान के पास स्वयं की कृषि भूमि होनी चाहिए। परिवार पहचान पत्र (PPP) में परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम दर्ज कृषि भूमि को भी पात्रता के लिए मान्य किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान भूमि स्वामित्व का प्रमाण पत्र और विभाग द्वारा निर्धारित अंडरटेकिंग भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि आवेदक ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कृषि विभाग से ट्रैक्टर खरीदने पर कोई अनुदान प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। यानी जिन किसानों ने इस अवधि में ट्रैक्टर खरीद पर सरकारी सब्सिडी ली है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
5 साल तक नहीं बेच सकेंगे ट्रैक्टर
योजना के तहत सब्सिडी प्राप्त करने वाले किसानों को ट्रैक्टर बेचने को लेकर भी एक शर्त का पालन करना होगा। अनुदान मिलने के बाद किसान अगले पांच वर्षों तक अपना ट्रैक्टर नहीं बेच सकेंगे। इसके लिए आवेदन करते समय पोर्टल पर निर्धारित शपथ पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। विभाग मुख्यालय की ओर से 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकृत अनुसूचित जाति के किसानों की संख्या के आधार पर जिलावार लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन होने के बाद उन्हें ट्रैक्टर खरीदने के लिए परमिट जारी किया जाएगा। परमिट मिलने के 15 दिनों के भीतर किसान को विभाग द्वारा अनुमोदित ट्रैक्टर निर्माता से नया ट्रैक्टर खरीदना होगा।
बैंक खाते से ऑनलाइन भुगतान करना होगा अनिवार्य
ट्रैक्टर खरीदने के लिए भुगतान की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है। किसान को ट्रैक्टर की पूरी कीमत का भुगतान अपने बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। नकद भुगतान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ट्रैक्टर खरीदने के बाद जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की ओर से उसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसमें ट्रैक्टर और खरीद से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने और सत्यापन के बाद सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी। इसलिए हरियाणा के अनुसूचित जाति के जो किसान नया ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे 15 दिसंबर 2026 से पहले कृषि विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले पात्रता, जरूरी दस्तावेज और ट्रैक्टर खरीद से जुड़ी सभी शर्तों की जानकारी जरूर जांच लें।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें