गांव ग्वाला योजना: गायों की देखरेख पर मिलेगा 10 हजार रुपये प्रतिमाह
प्रकाशित - 04 Mar 2026 by Vivek Tailang
हर गांव में नियुक्त होगा एक ग्वाला, चारागाह भूमि और गौ संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
राजस्थान सरकार ने गोवंश संरक्षण और चारागाह भूमि के बेहतर उपयोग को लेकर एक नई पहल की है। राज्य में “गांव ग्वाला योजना” की शुरुआत की गई है, जिसके तहत प्रत्येक गांव में एक ग्वाला नियुक्त किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य न केवल गोवंश की देखरेख सुनिश्चित करना है, बल्कि ग्रामीण युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना भी है।
योजना के तहत नियुक्त ग्वाले का क्या होगा काम
इस योजना के अंतर्गत नियुक्त ग्वाला प्रतिदिन सुबह गांव के सभी गोवंश को एकत्र करेगा और उन्हें गांव की गोचर (चारागाह) भूमि पर चराने के लिए ले जाएगा। दिनभर गोवंश की देखरेख करने के बाद वह उन्हें सुरक्षित रूप से वापस संबंधित पशुपालकों के घर तक छोड़ेगा। इससे जहां पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं आवारा पशुओं की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।
योजना के तहत कितना मिलेगा मानदेय
राजस्थान के पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक ग्वाला को 10 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना गोवंश संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। योजना की शुरुआत हाल ही में रामगंजमंडी (जिला कोटा) से की गई है। मंत्री के अनुसार, रामगंजमंडी उपखंड में फिलहाल 14 ग्वालों की नियुक्ति की जा चुकी है। आने वाले समय में इस योजना को चरणबद्ध तरीके से पूरे राजस्थान के गांवों में लागू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव में कम से कम एक जिम्मेदार ग्वाला हो, जो गांव के गोवंश की नियमित देखरेख कर सके।
योजना का क्या है उद्देश्य
योजना का मुख्य मकसद गोवंश को संरक्षित करना और उन्हें असुरक्षित परिस्थितियों से बचाना है। सरकार का मानना है कि संगठित रूप से गोवंश को चराने की व्यवस्था होने से उन्हें बुचड़खानों तक जाने से रोका जा सकेगा। इसके साथ ही गांवों की चारागाह भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। नियमित रूप से गोचर भूमि का उपयोग होने से वह संरक्षित रहेगी और पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध हो सकेगा।
योजना के सफल संचालन के लिए समिति का होगा गठन
गांव ग्वाला योजना के सफल संचालन के लिए प्रत्येक गांव में एक समिति का गठन भी किया जाएगा। यह समिति स्थानीय जनप्रतिनिधियों और दानदाताओं के सहयोग से ग्वाले के मानदेय की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। समिति की भूमिका निगरानी और समन्वय की भी होगी, ताकि योजना सुचारु रूप से चल सके। हालांकि, एक ग्वाला को कितने गोवंश की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस पर आगामी दिनों में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। योजना की निगरानी के लिए पंचायत स्तर पर संबंधित विभाग के कर्मचारी, विशेष रूप से पटवारी, व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
चारागाह भूमि पर अतिक्रमण की समस्या का होगा समाधान
ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा गोवंश और चारागाह भूमि के अतिक्रमण की समस्या सामने आती रही है। ऐसे में सरकार की यह पहल दोहरी समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। एक ओर जहां पशुपालकों को राहत मिलेगी, वहीं गांवों में पशुधन संरक्षण की परंपरा को भी मजबूती मिलेगी। यदि योजना सफलतापूर्वक लागू होती है तो यह मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन सकता है। फिलहाल राजस्थान में इसकी शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में इसके परिणामों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
गांव ग्वाला योजना के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ)
प्रश्न 1. गांव ग्वाला योजना क्या है?
उत्तर: गांव ग्वाला योजना राजस्थान सरकार की एक पहल है, जिसके तहत प्रत्येक गांव में एक ग्वाला नियुक्त किया जाएगा। इसका उद्देश्य गोवंश की देखरेख, चारागाह (गोचर) भूमि का संरक्षण और ग्रामीण युवाओं को रोजगार देना है।
प्रश्न 2. गांव ग्वाला योजना के तहत ग्वाले को कितना मानदेय मिलेगा?
उत्तर: योजना के तहत नियुक्त प्रत्येक ग्वाला को ₹10,000 प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। यह राशि गोवंश की नियमित देखभाल और प्रबंधन के बदले दी जाएगी।
प्रश्न 3. गांव ग्वाला योजना की शुरुआत कहां से हुई है?
उत्तर: इस योजना की शुरुआत रामगंजमंडी (जिला कोटा) से की गई है। यहां प्रारंभिक चरण में 14 ग्वालों की नियुक्ति की जा चुकी है।
प्रश्न 4. नियुक्त ग्वाले का क्या कार्य होगा?
उत्तर: सुबह गांव के सभी गोवंश को एकत्र करना, उन्हें गोचर (चारागाह) भूमि पर चराने ले जाना, दिनभर उनकी निगरानी करना और शाम को सुरक्षित रूप से पशुपालकों के घर तक पहुंचाना होगा। ये ग्वाले का काम होगा।
प्रश्न 5. गांव ग्वाला योजना का मुख्य उद्देश्य क्या है?
उत्तर: गोवंश संरक्षण और चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना है। इससे आवारा पशुओं की समस्या का समाधान होगा और ग्रामीण युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
प्रश्न 6. क्या यह योजना पूरे राजस्थान में लागू होगी?
उत्तर: हाँ, सरकार की योजना है कि इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे राजस्थान के गांवों में लागू किया जाए, ताकि हर गांव में कम से कम एक जिम्मेदार ग्वाला नियुक्त हो सके।
प्रश्न 7. गांव ग्वाला योजना के संचालन की निगरानी कौन करेगा?
उत्तर: प्रत्येक गांव में एक समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि और दानदाता शामिल होंगे। पंचायत स्तर पर संबंधित विभाग के कर्मचारी, विशेषकर पटवारी, योजना की निगरानी करेंगे।
प्रश्न 8. क्या इस योजना से चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कम होगा?
उत्तर: सरकार का मानना है कि नियमित रूप से गोचर भूमि का उपयोग होने से अवैध अतिक्रमण पर नियंत्रण लगेगा और पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध रहेगा।
प्रश्न 9. क्या एक ग्वाला को गोवंश की संख्या तय कर दी गई है?
उत्तर: फिलहाल एक ग्वाले को कितने गोवंश की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। जल्द ही इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें