प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना : मुआवजे में देरी पर किसानों को मिलेगा 12 प्रतिशत ब्याज
प्रकाशित - 07 Jan 2025
by Tractor Junction
केंद्रीय कृषि मंत्री मंत्री ने की घोषणा, भुगतान में विलंब होने पर बीमा कंपनी को देना होगा ब्याज
PM Fasal Bima Yojana Update 2025 : किसानों को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana) चलाई जा रही है। इसके तहत किसानोें को बहुत ही कम प्रीमियम पर अपनी फसल के लिए सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जाता है। हाल ही में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में राज्य के कृषि मंत्रियों के साथ मंत्रालय की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजना की वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि अब सैटैलाइट बेस्ट यानी रिमोट सेंसिंग के जरिये फसल नुकसान का आकलन किया जाएगा। इससे फसल के नुकसान का सही व सटीक आकलन हो सकेगा। इससे पहले क्रॉप कटिंग मैन्युअल से नुकसान का आकलन होता था।
फसल बीमा क्लेम की राशि किसानों के खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। यदि कोई बीमा कंपनी क्लेम देने में विलंब करती है तो उसे किसान को बीमा क्लेम राशि पर 12 प्रतिशत से ब्याज देना होगा। केंद्रीय कृषि मंत्री की इस घोषणा से किसानों को लाभ होगा और बीमा कंपनियों द्वारा समय पर क्लेम का भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा।
चार करोड़ किसानों को मिला फसल बीमा योजना का लाभ
कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana) के संबंध में कहा कि पीएम फसल बीमा योजना विश्व की सबसे बड़ी फसल बीमा योजना है। इसमें ऋणी आवेदन 876 लाख है और गैर-ऋणी आवेदन 552 लाख हैं। पीएम फसल बीमा योजना (PM Fasal Bima Yojana) के तहत कुल 14 करोड़ किसानों ने आवेदन किया है, 602 लाख हैक्टेयर क्षेत्र बीमित है और सकल बीमित राशि 2 लाख 73 हजार 049 करोड़ रुपए है। 4 करोड़ किसानों को योजना से लाभ मिला है। योजना के प्रारंभ से अब तक 17 हजार करोड़ रुपए बीमा क्लेम (Insurance Claim) के रूप में किसानों को दिया जा चुका है।
केंद्र सरकार फसल बीमा योजना के तहत तत्काल देगी अपने हिस्से की राशि
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana) के तहत अपने हिस्से की राशि तत्काल देगी। उन्होंने राज्यों से अपील करते हुए कहा कि वह भी ऐसी स्थिति में तत्काल पैसा देने का प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों में मौसम आधारित फसल के लिए भी कई इंतजाम किए जा रहे हैं और किसानों के हितों में पिछले दिनों में कई फैसले किए गए हैं।
किसान कितनी तारीख तक करा सकते हैं अपनी रबी फसलों का बीमा
किसान अपनी रबी फसलों का बीमा अब 10 जनवरी 2025 तक करा सकते हैं। सरकार ने पीएम फसल बीमा योजना (PM Fasal Bima Yojana) में आवेदन की तारीख को बढ़ा दिया है। वहीं यूपी के किसान 15 जनवरी 2025 तक इस योजना के तहत अपनी रबी फसलों का बीमा करा सकेंगे। किसान रबी फसलों के तहत अपनी गेहूं, चना, राई/सरसों, अलसी, मसूर की फसलों का बीमा करा सकते हैं। योजना के तहत किसानों को 80 प्रतिशत तक फसल नुकसान की भरपाई की जाती है।
किसानों को रबी की किस फसल के लिए कितना देना होगा प्रीमियम
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana) के तहत किसानों की रबी फसलों का बीमा बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत की दर से किया जाएगा। उप संचालक कृषि ग्वालियर आर एस शाक्यवार के अनुसार सरसों की फसल का बीमा कराने के लिए प्रति हैक्टेयर बीमा धन 31 हजार 460 रुपए निर्धारित है। इसका बीमा कराने के लिए 1.5 प्रतिशत राशि यानी 417.9 रुपए बीमा प्रीमियम (Bima Premium) देना होगा। इसी तरह गेहूं सिचिंत फसल के लिए बीमाधन राशि प्रति हैक्टेयर 37,290 रुपए है, जिसकी प्रीमियम दर 1.5 प्रतिशत के हिसाब से बीमा प्रीमियम राशि 559.35 रखी गई गई है। वहीं गेहूं असिंचित फसल की प्रति हैक्टेयर बीमाधन राशि 25 हजार रुपए है जिसके लिए 1.5 प्रतिशत की दर से बीमा प्रीमियम राशि 375 रुपए निर्धारित है। चना की प्रति हैक्टेयर बीमाधन राशि 34 हजार रुपए है जिसकी 1.5 प्रतिशत से दर से बीमा प्रीमियम राशि 510 रुपए जमा करनी होगी।
योजना के तहत किसान कैसे करा सकते हैं अपनी रबी फसलों का बीमा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana) के तहत किसान अपनी फसलों का बीमा ऑनलाइन तरीके से करा सकते हैं। इसके लिए आप इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://pmfby.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं आवेदन में कोई समस्या आ रही है तो आप इसके लिए कृषि रक्षक पोर्टल हेल्पलाइन नंबर 14447 पर भी सपर्क कर सकते हैं। यदि आप ऑनलाइन आवेदन नहीं कर रहे हैं तो सीएससी सेंटर पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपनी नजदीकी बैंक शाखा से पीएम फसल बीमा योजना का फार्म प्राप्त करके इसे भरकर जमा करा सकते हैं। फसल बीमा योजना में आवेदन करते समय आपको आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी, खेत के कागजातों की आवश्कता होती है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।