खुशखबरी: हैप्पी सीडर समेत इन टॉप 5 कृषि यंत्रों पर मिल रही है भारी सब्सिडी, यहां करें आवेदन

Share Product प्रकाशित - 29 Jul 2026 by Vivek Tailang

खुशखबरी: हैप्पी सीडर समेत इन टॉप 5 कृषि यंत्रों पर मिल रही है भारी सब्सिडी, यहां करें आवेदन

4 अगस्त तक आवेदन का मौका, 5 अगस्त को होगी लॉटरी; चयनित किसानों को सब्सिडी पर मिलेंगे कृषि यंत्र, जानें पूरी प्रक्रिया

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, क्लीनर कम ग्रेडर, सीड ट्रीटिंग ड्रम और जीरो टिल सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल जैसे 5 कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। जो किसान सब्सिडी पर इन कृषि यंत्रों को खरीदना चाहते हैं, 4 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत आवेदन 27 जुलाई से से शुरू हो चुके हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 5 अगस्त 2026 को लॉटरी के माध्यम से पात्र किसानों का चयन किया जाएगा। चयनित किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ मिलेगा।

योजना के तहत आवेदन करने वाले किसानों को संबंधित कृषि यंत्र के लिए निर्धारित धरोहर राशि (डिमांड ड्राफ्ट) जमा करना अनिवार्य होगा। यह डीडी किसान के स्वयं के बैंक खाते से संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम बनवाना होगा। बिना धरोहर राशि के आवेदन मान्य नहीं किया जाएगा। इसलिए किसान आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज और डीडी की व्यवस्था कर लें।

इन कृषि यंत्रों पर मांगे गए आवेदन

इस चरण में जिन कृषि यंत्रों पर आवेदन लिए जा रहे हैं, उनमें हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, क्लीनर कम ग्रेडर, सीड ट्रीटिंग ड्रम और जीरो टिल सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल शामिल हैं। प्रत्येक कृषि यंत्र के लिए अलग-अलग धरोहर राशि निर्धारित की गई है, जो आवेदन के साथ जमा करनी होगी।

कृषि यंत्र धरोहर राशि (DD)
हैप्पी सीडर ₹5,250
स्मार्ट सीडर ₹4,550
क्लीनर कम ग्रेडर ₹6,350
सीड ट्रीटिंग ड्रम ₹2,200
जीरो टिल सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल ₹3,550

किसानों को कितनी मिलेगी सब्सिडी?

योजना के तहत किसानों को उनकी श्रेणी के अनुसार अनुदान दिया जाता है। लघु, सीमांत, महिला तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) वर्ग के किसानों को कृषि यंत्र की लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान मिलता है। वहीं सामान्य वर्ग के किसानों को कृषि यंत्र की लागत का 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। किसान अपनी पात्रता और संबंधित कृषि यंत्र पर मिलने वाली अनुमानित सब्सिडी की जानकारी ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर उपलब्ध सब्सिडी कैलकुलेटर के माध्यम से भी देख सकते हैं।

आवेदन के लिए ये दस्तावेज रखना जरूरी

ऑनलाइन आवेदन करते समय किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें एग्री-स्टैक फार्मर आईडी (Farmer ID), आधार कार्ड, बैंक पासबुक के पहले पेज की प्रति, भूमि की बी-1 (B-1) प्रति, ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन कार्ड (ट्रैक्टर चालित यंत्रों के लिए), निर्धारित धरोहर राशि (DD) की स्कैन कॉपी तथा SC/ST वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण पत्र शामिल है। यदि इनमें से कोई जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होगा, तो आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

फार्मर आईडी के बिना नहीं कर सकेंगे आवेदन

इस बार आवेदन प्रक्रिया में एग्री-स्टैक फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है। पोर्टल पर भूमि संबंधी जानकारी लिंक करने के लिए किसान के पास Farmer ID होना जरूरी है। जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे पहले एग्री-स्टैक पोर्टल पर अपनी भूमि का पंजीकरण कर Farmer ID प्राप्त करें। इसके बाद ही वे ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।

ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

मध्य प्रदेश के किसान ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो किसान पहले से पोर्टल पर पंजीकृत हैं, वे आधार ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर आवेदन जमा कर सकते हैं। वहीं नए आवेदकों को पहले एमपी ऑनलाइन (MP Online) या सीएससी (CSC) केंद्र पर जाकर बायोमैट्रिक आधार प्रमाणीकरण के जरिए पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद वे अपनी पात्रता के अनुसार कृषि यंत्र का चयन कर आवेदन कर सकते हैं। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने ब्लॉक या जिला कृषि कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।

योजना से संबंधित महत्वपूर्ण लिंक

  • ई–कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर ओवदन के लिए लिंक

https://farmer.mpdage.org/Home/Index 

  • जिलेवार कृषि यंत्री की सूची देखने के लिए लिंक 

https://www.mpdage.org/Advertisement/DD%20Format-17072026170726032608.pdf 

“एमपी में कृषि यंत्रों पर सब्सिडी” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs):

प्रश्न 1. मध्य प्रदेश में कृषि यंत्र सब्सिडी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि क्या है?
उत्तर: किसान ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर 4 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित किसानों की लॉटरी 5 अगस्त 2026 को निकाली जाएगी।

प्रश्न 2. किन कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए आवेदन मांगे गए हैं?
उत्तर: इस चरण में हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, क्लीनर कम ग्रेडर, सीड ट्रीटिंग ड्रम और जीरो टिल सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

प्रश्न 3. किसानों को कृषि यंत्र पर कितनी सब्सिडी मिलेगी?
उत्तर: लघु, सीमांत, महिला और SC/ST वर्ग के किसानों को कृषि यंत्र की लागत का 50% तक तथा सामान्य वर्ग के किसानों को 40% तक अनुदान मिलेगा।

प्रश्न 4. कृषि यंत्र सब्सिडी के लिए आवेदन करते समय कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
उत्तर: आवेदन के लिए फार्मर आईडी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1 की प्रति, ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन (ट्रैक्टर चालित यंत्रों के लिए), डीडी की स्कैन कॉपी और SC/ST किसानों के लिए जाति प्रमाण पत्र आवश्यक है।

प्रश्न 5. क्या फार्मर आईडी (Farmer ID) के बिना आवेदन किया जा सकता है?
उत्तर: नहीं। इस बार आवेदन प्रक्रिया में एग्री-स्टैक फार्मर आईडी अनिवार्य है। Farmer ID के बिना ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button