किसान कल्याण योजना: किसानों को बड़ी सौगात, एक साथ जारी हुईं दो किस्तें, खातों में पहुंचे ₹3,308 करोड़
प्रकाशित - 28 Jul 2026 by Vivek Tailang
घर बैठे ऐसे चेक करें, आपके खाते में किस्त का पैसा आया या नहीं
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए सोमवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना (CM Kisan Kalyan Yojana) के तहत 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹3,308 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की। इस दौरान किसानों को योजना की 14वीं और 15वीं किस्त एक साथ जारी की गई। मुख्यमंत्री ने आधुनिक कृषि तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील भी की।
किसानों के खातों में पहुंचे ₹4,000
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना (CM Kisan Kalyan Yojana) के तहत किसानों के खातों में एक साथ ₹4,000 की सम्मान निधि भेजी गई है। इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार पात्र किसानों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की सहायता देती है। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi) योजना के ₹6,000 जोड़ने पर किसानों को कुल ₹12,000 प्रति वर्ष की वित्तीय सहायता प्राप्त होती है।
दिन में भी मिलेगी सिंचाई के लिए बिजली
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वर्षाकाल समाप्त होने के बाद किसानों को रात के साथ-साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को रात में खेतों पर जाने की परेशानी कम होगी और सिंचाई कार्य अधिक सुविधाजनक बन सकेगा।
Popular Tractors
सिंचाई रकबे में हुआ बड़ा विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2002-03 में 44 लाख हेक्टेयर रहा सिंचित क्षेत्र अब बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है। खास बात यह है कि पिछले ढाई वर्षों में ही 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र सिंचाई के दायरे में जोड़ा गया है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ना है।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी सरकार का फोकस
राज्य सरकार कृषि के साथ पशुपालन को भी आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम मान रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 9 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
वर्ष 2026 मनाया जा रहा ‘कृषक कल्याण वर्ष’
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं, जहां किसानों को नई तकनीकों, योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है।
किसानों से आधुनिक और जैविक खेती अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी भूमि की मिट्टी की जांच कराकर उसी के अनुसार फसल का चयन करें। साथ ही रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करते हुए प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा दें। उन्होंने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और एक ही खेत में अलग-अलग फसलों की खेती करने की सलाह दी, ताकि जोखिम कम हो और आय बढ़ सके। इसके अलावा खेती में ड्रोन तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया गया, जिससे खाद और बीज का छिड़काव कम समय और कम लागत में किया जा सके।
ऐसे चेक करें खाते में किस्त का पैसा
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है। किसान अपने बैंक खाते की पासबुक अपडेट कराकर, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग या बैंक की मिनी स्टेटमेंट के माध्यम से यह पता कर सकते हैं कि किस्त की राशि खाते में जमा हुई है या नहीं। जिन किसानों के खाते में राशि नहीं पहुंची है, वे संबंधित कृषि विभाग या बैंक शाखा से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
“किसान कल्याण योजना के तहत ₹3,308 करोड़ जारी” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs):
प्रश्न 1. मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत कितनी राशि जारी की गई है?
उत्तर: मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹3,308 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई है।
प्रश्न 2. किसानों को एक साथ कितनी किस्तें जारी की गई हैं?
उत्तर: इस बार किसानों को योजना की 14वीं और 15वीं किस्त एक साथ जारी की गई है।
प्रश्न 3. मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में किसानों को सालाना कितनी सहायता मिलती है?
उत्तर: इस योजना के तहत राज्य सरकार ₹6,000 प्रति वर्ष देती है। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के ₹6,000 जोड़ने पर पात्र किसानों को कुल ₹12,000 प्रति वर्ष की सहायता मिलती है।
प्रश्न 4. किसान अपने खाते में किस्त का पैसा कैसे चेक कर सकते हैं?
उत्तर: किसान बैंक पासबुक अपडेट कराकर, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग या मिनी स्टेटमेंट के माध्यम से अपने खाते में किस्त की राशि जमा होने की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्रश्न 5. मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कौन-कौन सी बड़ी घोषणाएं की हैं?
उत्तर: मुख्यमंत्री ने दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने, सिंचाई क्षेत्र का विस्तार, आधुनिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण और ड्रोन तकनीक के उपयोग पर जोर देने जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें