मिनी ट्रैक्टर सहित 11 प्रकार के कृषि यंत्रों पर भारी सब्सिडी
प्रकाशित - 22 Feb 2026 by Vivek Tailang
बिहार गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत 324 किसानों को मशीन खरीदने दिया परमिट
बिहार में गन्ना खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गन्ना उद्योग विभाग की ओर से संचालित गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत 324 किसानों को कृषि मशीनों की खरीद के लिए परमिट जारी किया गया है। योजना का उद्देश्य गन्ना उत्पादन में मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देना, श्रम पर निर्भरता कम करना और खेती की लागत घटाना है।
विभाग के अनुसार 300 से अधिक किसानों ने खेत की तैयारी से लेकर गन्ना कटाई तक उपयोग होने वाली मशीनों की खरीद भी कर ली है। इन मशीनों की कीमत पर किसानों को 50 से 60 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। राज्य सरकार के निर्देश पर लागू इस योजना से किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने में आर्थिक सहायता मिल रही है।
11 प्रकार की मशीनों पर मिल रही सब्सिडी
गन्ना उत्पादन को पूरी तरह यंत्रीकृत करने के लिए योजना में कुल 11 प्रकार की मशीनों को शामिल किया गया है। इनमें डिस्क हैरो, पावर वीडर, पावर टिलर, लैंड लेवलर, लेजर लेवलर, रैटून मैनेजमेंट डिवाइस, रोटावेटर, मिनी ट्रैक्टर 4WD, ट्रैक्टर माउंटेड हाइड्रॉलिक स्प्रेयर, शुगरकेन कटर प्लांटर और हाइड्रॉलिक डिस्क हैरो जैसी मशीनें शामिल हैं। इन उपकरणों की सहायता से खेत की जुताई, समतलीकरण, बुवाई, छिड़काव और कटाई जैसे कार्य कम समय में और कम लागत में किए जा सकते हैं। विभाग का मानना है कि मशीनों के इस्तेमाल से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और किसानों की आय में भी सुधार होगा।
विभिन्न जिलों में लगाए गए यंत्रीकरण कैंप
योजना के प्रचार-प्रसार और मशीनों की बुकिंग के लिए फरवरी माह में राज्य की विभिन्न चीनी मिलों में यंत्रीकरण कैंप आयोजित किए गए। 5 और 6 फरवरी को बगहा, लौरिया, मझौलिया, नरकटियागंज और हरिनगर चीनी मिलों में कैंप लगाए गए। इसके बाद 9 और 10 फरवरी को सुगौली, सिधवलिया, विष्णु और प्रतापपुर चीनी मिलों में तथा 11 और 12 फरवरी को समस्तीपुर जिले के हसनपुर चीनी मिल में कैंप आयोजित हुए। 13 और 14 फरवरी को सीतामढ़ी जिले के रीगा चीनी मिल में भी किसानों को योजना की जानकारी दी गई और आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इन कैंपों के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने मशीनों की एडवांस बुकिंग कराई। कई किसानों ने मौके पर ही खरीद प्रक्रिया पूरी की। विभाग का कहना है कि आगे भी अन्य जिलों में कैंप लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक गन्ना उत्पादक किसान योजना का लाभ उठा सकें।
गन्ना उद्योग विभाग की प्रतिक्रिया
गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने बताया कि चयनित किसानों को मशीन खरीद के लिए परमिट दी जा रही है, जिससे वे सब्सिडी दर पर आधुनिक कृषि यंत्र प्राप्त कर सकें। उनका कहना है कि गन्ना यंत्रीकरण योजना से खेती अधिक व्यावहारिक और लाभकारी बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य गन्ना उत्पादन में तकनीकी सुधार लाना और किसानों को श्रम संकट से राहत दिलाना है। मशीनों के उपयोग से समय की बचत होगी और फसल की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
गन्ना यंत्रीकरण योजना, गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत
बिहार सरकार की गन्ना यंत्रीकरण योजना राज्य के गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। 50 से 60 प्रतिशत तक की सब्सिडी और 11 प्रकार की मशीनों पर सहायता से खेती की लागत घटेगी और उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है। आने वाले समय में योजना का दायरा बढ़ने से और अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी गन्ना उद्योग विभाग कार्यालय या संबंधित चीनी मिल में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय से भी आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें