किसानों के लिए राहत: हैप्पी सीडर सहित 7 कृषि यंत्रों पर आवेदन की तारीख बढ़ी
प्रकाशित - 20 Dec 2025 by Vivek Tailang
जानें, एक बार फिर क्यों बढ़ाई गई आवेदन की तारीख और इस योजना से कैसे मिलेगा कृषि यंत्रों पर सब्सिडी का लाभ
Agricultural Machinery Subsidy Scheme 2025 : राज्य के किसानों के लिए एक बार फिर राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने ई–कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से दी जा रही सब्सिडी योजना के तहत हैप्पी सीडर सहित 7 कृषि यंत्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब किसान इन कृषि यंत्रों के लिए 23 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर अब 23 दिसंबर 2025 कर दिया गया है।
क्यों बढ़ाई योजना में आवेदन की तारीख
मध्यप्रदेश सरकार की ओर से कृषि यंत्राें पर सब्सिडी के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाने का उद्देश्य यह है कि प्रदेश के अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा सकें और आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से खेती को आसान और किफायती बना सकें। खासकर पराली प्रबंधन और आधुनिक बुवाई से जुड़े यंत्रों की मांग को देखते हुए यह फैसला किसानों के हित में लिया गया है।
किन 7 कृषि यंत्रों के लिए बढ़ी आवेदन तारीख
ई–कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर जिन कृषि यंत्रों के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाई गई है, उनमें हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, श्रेडर/मल्चर, बेलर, हे रेक / स्ट्रॉ रेक और स्लेशर शामिल हैं। इन सभी कृषि यंत्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2025 से शुरू की गई थी। यह दूसरी बार है जब इस योजना के तहत आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई गई है, जिससे यह साफ है कि सरकार किसानों को कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत सब्सिडी का अधिक अवसर देना चाहती है।
आवेदन के साथ डिमांड ड्राफ्ट करना होगा जमा
इस कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत आवेदन करने वाले किसानों को कुछ जरूरी शर्तों का पालन करना होगा। आवेदन के साथ किसान को अपने स्वयं के बैंक खाते से डिमांड ड्राफ्ट (DD) बनवाकर संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम से जमा करना अनिवार्य होगा। बिना धरोहर राशि के आवेदन मान्य नहीं किया जाएगा। अलग-अलग कृषि यंत्रों के लिए अलग–अलग धरोहर राशि निर्धारित की गई हैं, जो इस प्रकार से है:
|
क्र. सं. |
कृषि यंत्र का नाम |
धरोहर राशि (रुपए) |
|
1 |
हैप्पी सीडर |
4,500 रुपए |
|
2 |
सुपर सीडर |
4,500 रुपए |
|
3 |
स्मार्ट सीडर |
4,500 रुपए |
|
4 |
श्रेडर / मल्चर |
5,500 रुपए |
|
5 |
बेलर |
15,000 रुपए |
|
6 |
हे रेक / स्ट्रॉ रेक |
5,000 रुपए |
|
7 |
स्लेशर |
2,000 रुपए |
यह राशि केवल सुरक्षा जमा (धरोहर) के रूप में ली जाती है, ताकि आवेदन प्रक्रिया को गंभीर और पारदर्शी बनाया जा सके।
योजना के तहत कितनी मिलेगी सब्सिडी
मध्यप्रदेश में किसानों को कृषि यंत्रों पर आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जाती है, जो यंत्र के प्रकार, किसान की श्रेणी और स्कीम के आधार पर तय होती है। योजना के तहत सामान्य किसान को 40% से 50% तक सब्सिडी दी जाती है। वहीं अनुसूचित जाति/जनजाति, महिला व लघु–सीमान्त किसान को 50%–70% तक सब्सिडी प्रदान की जाती है। यह सब्सिडी राशि सीधे किसान के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है। किस कृषि यंत्र पर कितनी सब्सिडी मिलेगी इसकी सटीक जानकारी के लिए किसान ई–कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल एमपी पर दिए गए कैलकुलेटर पर जाकर इसका पता आसानी से लगा सकते हैं।
किसान कृषि यंत्र लेने के लिए कैसे करें आवेदन
यदि आप मध्यप्रदेश के किसान हैं तो आप इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इन कृषि यंत्रों के लिए किसान मध्यप्रदेश सरकार के कृषि अभियांत्रिकी विभाग के ई–कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि, गलत जानकारी या दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर आवेदन सीधे निरस्त कर दिया जाएगा। इसलिए किसानों को सलाह दी गई है कि फॉर्म भरते समय सभी विवरण ध्यानपूर्वक भरें। अधिक जानकारी के लिए किसान ई–कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल मध्यप्रदेश पर विजिट कर सकते हैं या अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
किसानों को क्या होगा फायदा
मध्यप्रदेश सरकार की इस कृषि यंत्र अनुदान योजना से किसानों को कई तरह के लाभ मिलेंगे। एक ओर जहां महंगे कृषि यंत्र सब्सिडी पर उपलब्ध होंगे, वहीं दूसरी ओर खेती की लागत कम होगी और समय की बचत भी होगी। खासकर हैप्पी सीडर और सुपर सीडर जैसे यंत्र पराली जलाने की समस्या को कम करने में सहायता करेंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर, आवेदन की तारीख बढ़ने से प्रदेश के अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। जिन किसानों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास 23 दिसंबर 2025 तक का सुनहरा मौका है। ऐसे में इच्छुक किसानों को समय रहते ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। आवेदन से पहले पोर्टल पर दी गई गाइडलाइंस अवश्य पढ़ें।
योजना से संबंधित महत्वपूर्ण लिंक
योजना में आवेदन के लिए लिंक– https://farmer.mpdage.org/Home/Index
अपने जिले के सहायक कृषि यंत्री की सूची देखने के लिए लिंक– https://www.mpdage.org/Advertisement/e-krishi-DD_090921062243.pdf
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें