इंतजार खत्म, अब इस तारीख को आ रही है लाड़ली बहना योजना की 26वीं किस्त
प्रकाशित - 07 Jul 2025
by Tractor Junction
जानिए, किस तारीख को आएगी 26वीं किस्त और केसे चेक करें लिस्ट में नाम
Ladli Behna Yojana 26th Installment Date 2025 : मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए जुलाई का महीना एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में घोषणा की है कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 26वीं किस्त इस बार तय समय से पहले जारी की जाएगी और इस बार महिलाओं को 1250 रुपए के बजाय 1500 रुपए की राशि दी जाएगी।
यह अतिरिक्त 250 रुपए की सहायता विशेष रूप से रक्षाबंधन 2025 के मौके पर महिलाओं को दी जा रही है, ताकि वे इस पावन पर्व की तैयारी बिना किसी आर्थिक तनाव के कर सकें। इस बढ़ी हुई राशि से महिलाओं को घरेलू आवश्यकता पूरी करने और त्योहार को खुशी से मनाने में सहायता मिलेगी।
लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन से पहले मिलेगी शगुन की राशि
हर महीने लाडली बहना योजना की राशि 10 से 15 तारीख के बीच दी जाती है। लेकिन रक्षाबंधन 9 अगस्त 2025 को पड़ने के कारण सरकार ने निर्णय लिया है कि जुलाई में ही रक्षाबंधन के शगुन की राशि 250 महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। इस निर्णय से प्रदेश की करीब 1.27 करोड़ लाडली बहनें लाभान्वित होंगी। यह कदम राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण और त्योहारी सीजन में आर्थिक सहयोग देने की नीति को दिखाता है।
कब आएगी लाडली बहना योजना की 26वीं किस्त
सरकारी सूत्रों के मुताबिक लाडली बहना योजना की 26वीं किस्त जुलाई के दूसरे सप्ताह में जारी की जाएगी, उम्मीद है कि यह किस्त 10 से 15 जुलाई 2025 के बीच आ सकती है। राशि सीधे महिलाओं के जनधन या आधार लिंक्ड बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस बार की खास बात यह है कि यह राशि रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए समय से पहले दी जा रही है, जिससे महिलाओं को त्योहार से पहले खरीदारी करने का पूरा अवसर मिल सके। हालांकि राज्य सरकार की ओर से लाड़ली बहना योजना की 26वीं किस्त जारी करने की तारीख को लेकर आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं की गई है।
दीवाली से बढ़ेगी किस्त की राशि, 1250 की जगह हर माह मिलेंगे 1500 रुपए
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की कि दीवाली 2025 से लाडली बहना योजना की राशि स्थाई रूप से 1500 प्रति माह कर दी जाएगी। यह बढ़ोतरी केवल रक्षाबंधन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में भी नियमित तौर पर 1500 रुपए की राशि दी जाएगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
योजना के तहत 2028 तक 3000 महीना देने का लक्ष्य
राज्य सरकार का अगला लक्ष्य 2028 तक इस योजना के तहत 3000 प्रति माह की राशि देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना मध्यम वर्गीय और निम्न आय वर्ग की महिलाओं को स्थाई आर्थिक सहायता देने के लिए बनाई गई है। इस क्रमिक बढ़ोतरी का लाभ लाखों महिलाओं को मिलेगा और वे छोटे व्यापार, शिक्षा, और घरेलू आवश्यकताओं के लिए स्वतंत्र रूप से निर्णय ले सकेंगी।
कैसे चेक करें कि आपका नाम सूची में है या नहीं
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश में लगातार अपात्र लाभार्थियों को सूची से हटाया जा रहा है। ऐसे में यह जरूरी है कि महिलाएं खुद यह जांचें कि क्या उनका नाम अब भी लाभार्थियों की सूची में है या नहीं।
- लाड़ली बहना योजना पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट https://cmladlibahna.mp.gov.in/ पर जाएं।
- “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” लिंक पर क्लिक करें।
- अपनी समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- “सर्च” बटन पर क्लिक करके जानकारी देखें।
- यदि आपका नाम सक्रिय लिस्ट में दिख रहा है तो आपकी किस्त तय तिथि को आ जाएगी।
इसके अलावा लोक सेवा केंद्र पर जाकर महिलाएं अपना नाम सूची में चेक कर सकती हैं। साथ ही, योजना से जुड़ी सूचना एसएमएस, व्हाट्सएप या लोकल पंचायत कार्यालयों के जरिए भी दी जाती है।
लाड़ली बहना योजना का महिलाओं के जीवन पर बड़ा असर
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने मध्य प्रदेश में महिलाओं के जीवन पर बड़ा असर डाला है। महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है, वे स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो रही हैं और परिवारों की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं। त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए दी जा रही यह अतिरिक्त राशि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से एक संवेदनशील और सहायक कदम माना जा रहा है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
