पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त जारी, 540 करोड़ रुपए ट्रांसफर, समय से पहले जारी हुई किस्त
प्रकाशित - 29 Sep 2025 by Vivek Tailang
इन तीन राज्यों के किसानों को मिली बड़ी राहत, जानें, कैसे चेक करें खाते में पैसा आया या नहीं
केंद्र सरकार की ओर से पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त बाढ़ से प्रभावित तीन राज्यों पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के किसानों को जारी कर दी गई है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की इस किस्त के तहत कुल 27 लाख किसानों के खाते में 540 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। सरकार ने यह कदम उन किसानों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया है जिनकी फसलें भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण बर्बाद हो गईं। सरकार की ओर से दी गई यह आर्थिक सहायता किसानों के लिए बहुत बड़ी राहत का काम करेगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया किस्त का वितरण
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली के कृषि भवन से इस किस्त का वितरण किया। उन्हें डीबीटी के माध्यम से यह किस्त सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर की। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के साथ खड़े हैं और इस तरह की सीधी सहायता किसानों के लिए तुरंत राहत प्रदान करने का काम करेगी। किसानों को भेजी गई यह राशि उन्हें आगामी रबी सीजन के लिए खाद, बीज व अन्य कृषि सामग्री खरीदने में मदद करेगी।
किस राज्य के कितने किसानों को किया गया किस्त का वितरण
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत समय से पहले तीन राज्यों को दी गई इस किस्त के वितरण में हिमाचल प्रदेश के 8 लाख किसानों को करीब 160 करोड़ रुपए, पंजाब के 11 लाख किसानों को 225 करोड़ रुपए और उत्तराखंड के 7 लाख किसानों को 157 करोड़ रुपए वितरण किया गया। किसानों को यह राशि सीधे उनके बैंक खातों ट्रांसफर की गई है। कृषि मंत्रालय के अनुसार यह राशि किसानों के खाते में ट्रांसफर कर सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है कि वे प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी किसानों के साथ खड़े हैं।
पीएम मोदी ने किया था बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और किसानों से मुलाकात की थी। इस दौरान पीएम ने उनके नुकसान का जायजा लिया था। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया था कि पीएम किसान योजना के तहत उनको सहायता की जाएगी। इसके बाद सरकार ने इस पर तेजी से काम किया और इन तीन राज्यों के किसानों को राहत प्रदान करने के लिए समय से पहले 21वीं किस्त जारी कर दी है।
पीएम किसान योजना से किसान बन रहे हैं सशक्त और आत्मनिर्भर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि उन्हें 2000–2000 रुपए की तीन समान किस्तों में हर चार माह के अंतराल में सीधे उनके खाते में भेजी जाती है। यह योजना किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हो रही है। इस योजना को मुख्य रूप से छोटे व सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। अब जब प्राकृतिक आपदा आई तो केंद्र सरकार ने किसानों की फसल नुकसान को देखते हुए पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त इन किसानों को अग्रिम किस्त जारी कर दी है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस योजना की सहायता से किसानों को न केवल तत्काल राहत मिलती है, बल्कि वे अपने खेतों के लिए आवश्यक संसाधनों भी समय पर खरीद पाते हैं, जिससे उनकी आय स्थिर बनी रहती है।
किसान कैसे चेक करें खाते में 21वीं किस्त का पैसा आया या नहीं
यदि आप उपरोक्त राज्यों के किसान हैं और पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े हुए हैं तो आप यह जरूर जानना चाहेंगे कि आपके खाते में 21वीं किस्त का पैसा आया या नहीं। आप बहुत आसानी से यह चेक कर सकते हैं कि सरकार ने आपके खाते में पीएम किसान योजना की किस्त का पैसा भेजा है या नहीं। इसके लिए आप नीचे दिए तरीके को फॉलो कर सकते हैं:
- सबसे पहले आपको पीएम किसान सम्मान निधि योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा।
- यहां “बेनिफिशियरी स्टेटस (Beneficiary Status)” के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा।
- अब अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज करना होगा।
- कैप्चा कोड भरकर “Get Data” पर क्लिक करना होगा।
- ऐसा करते ही आपकी किस्तों की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी। इससे आपको पता चल जाएगा कि आपके खाते में 21वी किस्त ट्रांसफर हुई है या नहीं।
खाते में नहीं आया पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त का पैसा तो कहां करें शिकायत
सरकारी योजनाओं का पैसा खाते में ट्रांसफर होने में एक से दो दिन का समय लगता है। यदि आपके खाते में कोई गड़बड़ है तो इससे अधिक समय भी लग सकता है, इसके लिए आपको अपने खाते को सही करना चाहिए जिसमें आधार लिंक या ईकेवाई की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। यदि आपका खाता भी सही है और उसके बाद भी आपको किस्त नहीं मिली है तो आप इस संबंध में अपने नजदीकी किसान सेवा केंद्र या ब्लॉक कृषि कार्यालय में संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 / 1800115526 पर कॉल करके भी अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते है।
अन्य राज्यों के किसानों को कब जारी होगी पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त
अब बात करें अन्य राज्यों के किसानों को पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त कब जारी की जाएगी तो इस बार पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त दिवाली या छठ के त्योहार से पहले जारी की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अन्य राज्यों के किसानों को 21वीं किस्त के वितरण के संबंध में तारीख को लेकर कोई आधिकारिक रूप से जानकारी नहीं दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अन्य राज्यों को अक्टूबर माह में पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त जारी की जा सकती है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें