किसान सोयाबीन-धान की बुवाई में न करें जल्दबाजी, खेत में पर्याप्त नमी होने पर ही डालें बीज

Share Product प्रकाशित - 12 Jul 2026 by Vivek Tailang

किसान सोयाबीन-धान की बुवाई में न करें जल्दबाजी, खेत में पर्याप्त नमी होने पर ही डालें बीज

कृषि विभाग की एडवायजरी, कम नमी में बुवाई करने से अंकुरण प्रभावित होने और दोबारा बुवाई की नौबत आने का खतरा

खरीफ सीजन की बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। ऐसे में खेतों में नमी कम होने के बावजूद जल्दबाजी में सोयाबीन और धान की बुवाई करना किसानों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इसी को देखते हुए कृषक कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, मध्य प्रदेश ने कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के आधार पर किसानों के लिए महत्वपूर्ण एडवायजरी जारी की है।

कृषि विभाग के संचालक उमाशंकर भार्गव ने मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों के लगातार संपर्क में रहें और उन्हें मौसम की स्थिति के अनुसार कृषि कार्य करने के लिए जागरूक करें। विभाग का कहना है कि जिन जिलों में अभी तक सामान्य से कम बारिश हुई है, वहां पर्याप्त नमी आने तक बुवाई टालना ही बेहतर रहेगा।

खेत में कब करें खरीफ फसलों की बुवाई

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, बुवाई का निर्णय केवल कैलेंडर देखकर नहीं, बल्कि खेत की वास्तविक नमी को ध्यान में रखकर लेना चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि जब मिट्टी में लगभग 4 इंच (करीब एक बालिश्त) की गहराई तक पर्याप्त नमी पहुंच जाए और खेत में 'बतर' की स्थिति बन जाए, तभी बुवाई करना सुरक्षित माना जाता है। यदि कम नमी में बीज बो दिए जाएं, तो अंकुरण प्रभावित हो सकता है और कई बार किसानों को दोबारा बुवाई भी करनी पड़ सकती है।

सिंचाई की सुविधा वाले किसान अभी करें ये तैयारी

जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वे इस समय का उपयोग खेत की उर्वरता बढ़ाने में कर सकते हैं। कृषि विभाग ने सलाह दी है कि खेतों में ढैंचा या सनई जैसी हरित खाद वाली फसलों की बुवाई करें, ताकि मिट्टी में जैविक तत्व बढ़ सकें। इसके अलावा खेत तैयार करते समय गोबर की सड़ी खाद, वर्मी कम्पोस्ट, सिंगल सुपर फॉस्फेट, म्यूरेट ऑफ पोटाश, जिंक सल्फेट और जिप्सम का उपयोग मिट्टी परीक्षण और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करना लाभदायक रहेगा।

सोयाबीन और धान की खेती के लिए वैज्ञानिक सलाह

कृषि विभाग ने सोयाबीन और धान उत्पादक किसानों को कुछ विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, सोयाबीन की बुवाई से पहले बीजों का अंकुरण परीक्षण जरूर करें और केवल 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंकुरण क्षमता वाले बीजों का ही उपयोग करें। इसके साथ ही कम पानी की आवश्यकता वाली तथा रोग एवं कीट प्रतिरोधी किस्मों का चयन करने की सलाह दी गई है। बुवाई से पहले बीजों को फफूंदनाशक और जैव उर्वरकों से उपचारित करना भी जरूरी बताया गया है, जिससे शुरुआती अवस्था में फसल सुरक्षित रह सके। धान की खेती करने वाले किसानों को पारंपरिक रोपाई के बजाय श्री पद्धति (SRI) या डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है। इन तकनीकों से पानी की बचत होने के साथ उत्पादन लागत भी कम होती है।

आधुनिक कृषि यंत्रों का करें उपयोग

विभाग ने किसानों को रिज एंड फरो सीड ड्रिल, ब्रॉड बेड एंड फरो (BBF) सीड ड्रिल तथा हस्तचालित सीड डिब्लर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की भी सलाह दी है। इन तकनीकों से खेत में जल निकास बेहतर रहता है और सूखा या जलभराव जैसी परिस्थितियों में फसल को होने वाले नुकसान की संभावना कम हो जाती है।

जोखिम कम करने के लिए अपनाएं इंटरक्रॉपिंग

मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए कृषि विभाग ने अंतरवर्ती खेती (इंटरक्रॉपिंग) अपनाने की भी सलाह दी है। एक ही खेत में दो या दो से अधिक फसलों अथवा एक ही फसल की अलग-अलग किस्मों की बुवाई करने से मौसम संबंधी जोखिम कम होता है और किसी एक फसल के प्रभावित होने पर किसानों को पूरी तरह नुकसान नहीं उठाना पड़ता। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराने की भी सलाह दी गई है, ताकि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।

वर्षा जल संचयन पर भी दें विशेष ध्यान

कृषि विभाग ने किसानों से वर्षा जल संचयन को प्राथमिकता देने की अपील की है। खेत तालाब, पोखर, सोख्ता गड्ढे और कुओं में वर्षा जल का संग्रह भविष्य में सिंचाई के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। वहीं, जलभराव वाले क्षेत्रों से कुओं और नलकूपों को रिचार्ज करने से भूजल स्तर बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखें और स्थानीय कृषि अधिकारियों के संपर्क में रहकर ही खरीफ फसलों की बुवाई का निर्णय लें। थोड़ी सावधानी और वैज्ञानिक सलाह के अनुसार की गई खेती बेहतर अंकुरण, अच्छी फसल और अधिक उत्पादन का आधार बन सकती है।

"किसान क्या करें और क्या न करें" 

करें न करें
पर्याप्त नमी के बाद ही बुवाई करें पहली हल्की बारिश के तुरंत बाद बुवाई न करें
बीजोपचार करें बिना अंकुरण परीक्षण के बीज न बोएं
कम अवधि वाली किस्में चुनें सूखी मिट्टी में बीज न डालें
मौसम पूर्वानुमान देखें जल्दबाजी में पूरी बुवाई न करें

“सोयाबीन और धान की खेती के लिए वैज्ञानिक सलाह” के अक्सर संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब ( FAQs):

प्रश्न 1. सोयाबीन और धान की बुवाई कब करनी चाहिए?

उत्तर: कृषि विभाग के अनुसार, खेत में लगभग 4 इंच (करीब एक बालिश्त) गहराई तक पर्याप्त नमी बनने और 'बतर' की स्थिति आने के बाद ही सोयाबीन और धान की बुवाई करनी चाहिए।

प्रश्न 2. कम नमी में बुवाई करने से क्या नुकसान हो सकता है?

उत्तर: अपर्याप्त नमी में बुवाई करने पर बीजों का अंकुरण प्रभावित हो सकता है। इससे पौधों की संख्या कम हो सकती है और कई मामलों में दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है, जिससे लागत बढ़ जाती है।

प्रश्न 3. सोयाबीन की बुवाई से पहले बीजों की क्या तैयारी करनी चाहिए?

उत्तर: बुवाई से पहले बीजों का अंकुरण परीक्षण करें और केवल 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंकुरण क्षमता वाले बीजों का उपयोग करें। साथ ही बीजों को फफूंदनाशक और जैव उर्वरकों से उपचारित करना चाहिए।

प्रश्न 4. धान की खेती के लिए कृषि विभाग ने कौन-सी तकनीक अपनाने की सलाह दी है?

उत्तर: कृषि विभाग ने पारंपरिक रोपाई के बजाय श्री पद्धति (SRI) और डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) तकनीक अपनाने की सलाह दी है। इससे पानी की बचत होती है और खेती की लागत भी कम होती है।

प्रश्न 5. खरीफ सीजन में मौसम के जोखिम को कम करने के लिए किसानों को क्या करना चाहिए?

उत्तर: कृषि विभाग ने किसानों को अंतरवर्ती खेती (इंटरक्रॉपिंग), वर्षा जल संचयन, मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्य करने और फसल बीमा कराने की सलाह दी है, ताकि मौसम की अनिश्चितता से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button