भीषण गर्मी से धान की नर्सरी पर संकट, किसान ऐसे करें बचाव
प्रकाशित - 23 May 2026
by Vivek Tailang
जानें किसानों के लिए कृषि वैज्ञानिकों की जरूरी सलाह
बिहार में मई महीने के दूसरे पखवाड़े में अचानक बढ़ी भीषण गर्मी ने जनजीवन के साथ-साथ खेती-किसानी को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। महीने की शुरुआत में जहां मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो रहा था, वहीं अब कई जिलों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति बन चुकी है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले धान की नर्सरी तैयार कर रहे किसानों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
इन जिलों में लगातार तापमान 40–44 डिग्री सेल्सियस
कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, छपरा, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में लगातार तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि लोग सुबह 9 बजे के बाद केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दूसरी ओर किसान खरीफ सीजन की मुख्य फसल धान की नर्सरी तैयार करने में जुटे हैं, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाएं नर्सरी के लिए खतरा बनती जा रही हैं।
बढ़ती गर्मी के करण अंकुरण व पौधों की वृद्धि प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 5 से 7 दिनों से बिहार के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। कैमूर, रोहतास, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों को प्रदेश का ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है, लेकिन यहां भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। किसान 25 मई से धान की नर्सरी डालने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बढ़ती गर्मी के कारण अंकुरण और पौधों की शुरुआती वृद्धि प्रभावित हो सकती है।
Popular Tractors
धान की नर्सरी के लिए 30–35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहता है सही
कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) भोजपुर के पूर्व प्रमुख और कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार द्विवेदी के अनुसार धान की नर्सरी के लिए आदर्श तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस माना जाता है। लेकिन वर्तमान में तापमान इससे 7 से 8 डिग्री अधिक चल रहा है। ऐसे में तेज गर्मी धान के बीजों के अंकुरण और छोटे पौधों की बढ़वार पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने कहा कि अगर किसान सावधानी नहीं बरतेंगे तो खरीफ सीजन की शुरुआत में ही नुकसान उठाना पड़ सकता है।
वैज्ञानिकों ने नर्सरी सुरक्षा के कई सुझाव दिए
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को धान की नर्सरी सुरक्षित रखने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसान कोशिश करें कि नर्सरी बाग-बगीचों या पेड़ों के आसपास तैयार की जाए, ताकि सीधे तेज धूप का असर कम हो सके। इसके अलावा नर्सरी हमेशा शाम के समय डालनी चाहिए, क्योंकि दिन के समय मिट्टी और वातावरण का तापमान काफी अधिक रहता है। सिंचाई को लेकर भी कृषि वैज्ञानिकों ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि खेत में पानी सुबह जल्दी या शाम के समय ही देना चाहिए। दोपहर में सिंचाई करने से गर्म मिट्टी और गर्म पानी के कारण पौधों को नुकसान पहुंच सकता है। लगातार नमी बनाए रखना भी जरूरी है ताकि अंकुरण सही तरीके से हो सके।
धान की नर्सरी से पहले सही खेत तैयार करना बेहद जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार अधिक तापमान में नर्सरी डालने से पहले खेत की सही तैयारी बेहद जरूरी है। किसानों को 3 डिसमिल जमीन के लिए 1 से 2 किलो 60 प्रतिशत पोटाश (लाल पोटाश), 5 टोकरी सड़ी गोबर खाद, 300 ग्राम कार्बोफ्यूरान 3G, 3 किलो सरसों खली चूर्ण, 1.5 किलो ध्रुवी गोल्ड, 2 किलो पोटाश, 1.5 किलो DAP, 1 किलो यूरिया और 250 ग्राम सल्फर मिलाकर खेत की अच्छी तरह जुताई करने की सलाह दी गई है। इसके बाद खेत में भरपूर सिंचाई करनी चाहिए ताकि खाद और दवाएं मिट्टी में अच्छी तरह मिल सकें।
किसान कब डाले धान की नर्सरी
धान की नर्सरी के सही समय को लेकर भी विशेषज्ञों ने सलाह दी है। लंबी अवधि वाले धान की नर्सरी 25 मई से 31 मई के बीच डालने की सलाह दी गई है। वहीं मध्यम और कम अवधि वाले धान का बीज 20 जून यानी आद्रा नक्षत्र के दौरान डालना बेहतर माना गया है। कृषि वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि 25 मई से नौतपा शुरू होने की संभावना है, जिससे तापमान और अधिक बढ़ सकता है। बता दें कि इस समय बिहार के किसानों के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ भीषण गर्मी और हीट वेव का खतरा है, तो दूसरी तरफ धान की नर्सरी को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसान सही समय, सही तकनीक और वैज्ञानिक सलाह के अनुसार काम करें, तो वे इस चुनौती से काफी हद तक बच सकते हैं और खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं।
“भीषण गर्मी से धान की नर्सरी पर संकट, किसान ऐसे करें बचाव” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):
प्रश्न 1. धान की नर्सरी के लिए आदर्श तापमान कितना होना चाहिए?
उत्तर: कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार धान की नर्सरी के लिए 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त माना जाता है।
प्रश्न 2. भीषण गर्मी में धान की नर्सरी कैसे सुरक्षित रखें?
उत्तर: नर्सरी को पेड़ों या बाग-बगीचों के पास तैयार करें और सिंचाई सुबह या शाम के समय करें।
प्रश्न 3. धान की नर्सरी डालने का सही समय क्या है?
उत्तर: लंबी अवधि वाले धान की नर्सरी 25 मई से 31 मई के बीच डालने की सलाह दी गई है।
प्रश्न 4. गर्मी में दोपहर के समय सिंचाई क्यों नहीं करनी चाहिए?
उत्तर: दोपहर में अधिक तापमान के कारण पौधों को नुकसान हो सकता है और अंकुरण प्रभावित हो सकता है।
प्रश्न 5. नर्सरी तैयार करने से पहले खेत में क्या मिलाना चाहिए?
उत्तर: खेत की तैयारी के लिए गोबर खाद, पोटाश, DAP, यूरिया, सल्फर और अन्य जरूरी तत्व मिलाकर जुताई करनी चाहिए।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।