सर्दियों में गाय-भैंस का दूध कम होने से हैं परेशान? पशुओं के आहार में करें ये बदलाव, बढ़ेगा दूध उत्पादन

Share Product प्रकाशित - 18 Nov 2026 by Vivek Tailang

सर्दियों में गाय-भैंस का दूध कम होने से हैं परेशान? पशुओं के आहार में करें ये बदलाव, बढ़ेगा दूध उत्पादन

जानें, सर्दियों में गाय-भैंस का दूध घटने के क्या हैं कारण और दूध उत्पादन बनाए रखने के लिए उनके आहार में कौन-से बदलाव करना चाहिए

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही पशुपालकों के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। इस मौसम में कई बार गाय और भैंस के दूध उत्पादन में गिरावट देखने को मिलती है। इससे पशुपालकों की आमदनी पर भी असर पड़ता है। दरअसल, तापमान में गिरावट के कारण पशुओं के शरीर को सामान्य तापमान बनाए रखने के लिए अधिक ऊर्जा खर्च करनी पड़ती है। वहीं, ठंड के चलते पशुओं की खान-पान की आदतों में भी बदलाव आ सकता है। ऐसे में अगर पशुओं को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता है तो दूध उत्पादन प्रभावित होने लगता है। हालांकि, पशुओं के आहार और देखभाल में कुछ जरूरी बदलाव करके सर्दियों में भी दूध उत्पादन को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

सर्दियों में क्यों कम हो जाता है गाय-भैंस का दूध

पशु विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में तापमान कम होने के कारण गाय और भैंस को अपने शरीर को गर्म रखने के लिए अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। इस दौरान शरीर की ऊर्जा का बड़ा हिस्सा ठंड से बचाव में खर्च होने लगता है। अगर पशुओं को उनकी जरूरत के अनुसार पौष्टिक आहार नहीं दिया जाए तो इसका सीधा असर दूध उत्पादन पर पड़ सकता है। इसके अलावा ठंड के मौसम में कई पशु कम पानी पीते हैं और उनकी चारा खाने की मात्रा भी प्रभावित हो सकती है। पशुशाला में नमी, ठंडी हवा और साफ-सफाई की कमी से पशुओं की सेहत बिगड़ने का खतरा भी रहता है। सर्दी-जुकाम, बुखार और दूसरी बीमारियां भी दूध उत्पादन में गिरावट की वजह बन सकती हैं। इसलिए इस मौसम में पशुओं के खान-पान के साथ उनकी देखभाल पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।

पशुओं के आहार में करें ये जरूरी बदलाव

सर्दियों में गाय-भैंस को ऐसा आहार देना चाहिए, जिससे उन्हें पर्याप्त ऊर्जा और पोषक तत्व मिल सकें। इसके लिए उनके रोजाना के भोजन में हरा चारा, सूखा चारा और संतुलित दाने को शामिल करना फायदेमंद रहता है।

  1. हरा चारा जरूर खिलाएं: सर्दियों में पशुओं को बरसीम, जई, लोबिया और अन्य पौष्टिक हरा चारा देना चाहिए। हरे चारे में प्रोटीन, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पशुओं की सेहत बनाए रखने में मदद करते हैं। हालांकि, दलहनी हरे चारे को गेहूं के भूसे या अन्य सूखे चारे के साथ मिलाकर देना बेहतर रहता है।
  2. सूखे चारे को न करें नजरअंदाज: पशुओं के भोजन में गेहूं का भूसा, सूखी घास और अन्य रेशेदार चारा भी शामिल करना चाहिए। इससे पशुओं का पाचन बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। हरे और सूखे चारे का संतुलित मिश्रण खिलाना फायदेमंद होता है।
  3. दाने और खली की मात्रा रखें संतुलित: दूध देने वाले पशुओं को उनकी दूध उत्पादन क्षमता और शारीरिक जरूरत के अनुसार दाना देना चाहिए। पशुओं के आहार में मक्का, जौ, चोकर, सरसों की खली और बिनौला खली जैसे पोषक तत्व शामिल किए जा सकते हैं। इनसे पशुओं को ऊर्जा और प्रोटीन मिलता है, जो दूध उत्पादन बनाए रखने में सहायक है।
  4. मिनरल मिक्सचर और नमक दें: पशुओं के शरीर में खनिज तत्वों की कमी होने से उनकी सेहत और दूध उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसलिए उनके आहार में उचित मात्रा में मिनरल मिक्सचर और नमक शामिल करना चाहिए। इनकी मात्रा पशु की उम्र, वजन और दूध देने की क्षमता के अनुसार तय करनी चाहिए।

सर्दियों में गुनगुना पानी पिलाना भी जरूरी

ठंड के मौसम में पशुओं के पानी पीने की मात्रा कम हो सकती है। इससे शरीर में पानी की कमी होने और दूध उत्पादन प्रभावित होने का खतरा रहता है। इसलिए पशुओं को हमेशा साफ और ताजा पानी उपलब्ध कराएं। बहुत अधिक ठंड होने पर हल्का गुनगुना पानी पिलाना बेहतर रहता है। ध्यान रखें कि पशुओं को दिनभर पर्याप्त पानी मिलता रहे।

पशुशाला को ठंड और नमी से बचाएं के लिए यह करें उपाय

सिर्फ पौष्टिक आहार देने से ही पशुओं का दूध उत्पादन बनाए रखना संभव नहीं है। इसके लिए पशुशाला का वातावरण भी अनुकूल होना चाहिए। पशुओं को सीधे ठंडी हवा से बचाएं और उनके बैठने की जगह पर सूखा भूसा या पुआल बिछाएं। पशुशाला में नमी और गंदगी जमा न होने दें। दिन में कुछ समय पशुओं को धूप में भी रखें। इसके अलावा पशुओं की नियमित साफ-सफाई करें और टीकाकरण व पेट के कीड़ों से बचाव के लिए पशु चिकित्सक की सलाह लें। अगर किसी पशु का दूध अचानक कम हो जाए, वह खाना छोड़ दे या बीमार दिखाई दे तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। इस तरह सर्दियों में संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और बेहतर देखभाल का ध्यान रखकर पशुपालक गाय-भैंस की सेहत को ठीक रख सकते हैं और दूध उत्पादन में होने वाली गिरावट से बचने में मदद पा सकते हैं।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button