गाय-भैंस के लिए हरा चारा स्टोर करने का आसान तरीका, सालभर नहीं होगी कमी

Share Product प्रकाशित - 13 Apr 2026 by Vivek Tailang

गाय-भैंस के लिए हरा चारा स्टोर करने का आसान तरीका, सालभर नहीं होगी कमी

साइलेंज बनाकर हरे चारे को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की पूरी जानकारी

पशुपालन में बढ़ती लागत के बीच हरे चारे की कमी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। खासकर डेयरी सेक्टर में, जहां पशुओं के पोषण का सीधा असर दूध उत्पादन पर पड़ता है, वहां सालभर हरा चारा उपलब्ध कराना आसान नहीं होता। ऐसे में साइलेंज (Silage) और हे (Hay) जैसे तरीके पशुपालकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। इन तकनीकों को अपनाकर किसान न सिर्फ चारे की कमी से बच सकते हैं, बल्कि पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन को भी बेहतर बना सकते हैं।

साइलेंज क्या है और क्यों जरूरी है

साइलेंज हरे चारे को नियंत्रित तरीके से सड़ाकर (फर्मेंटेशन प्रक्रिया) लंबे समय तक सुरक्षित रखने की तकनीक है। इसमें चारे की पौष्टिकता काफी हद तक बनी रहती है और इसे सालभर उपयोग में लाया जा सकता है। यह खासतौर पर मक्का, ज्वार, बाजरा जैसे हरे चारे के लिए उपयुक्त होता है। 

साइलेंज कैसे बनाया जाताा है (साइलेज बनाने की आसान विधि)

साइलेंज बनाने के लिए सबसे पहले सही अवस्था में फसल की कटाई करना जरूरी है। चारा न तो बहुत कच्चा हो और न ही पूरी तरह पका हुआ, मध्यम अवस्था सबसे बेहतर मानी जाती है। कटाई के बाद चारे को छोटे-छोटे टुकड़ों (चाफ) में काट लिया जाता है। इसके बाद इस कटे हुए चारे को गड्ढे (साइलो पिट) या टैंक में अच्छी तरह दबाकर भरा जाता है, ताकि उसमें हवा न रह जाए। हवा रह जाने से चारा खराब हो सकता है। परत दर परत चारा डालकर उसे दबाया जाता है और अंत में प्लास्टिक शीट या मिट्टी से पूरी तरह ढक दिया जाता है। लगभग 40 से 50 दिनों में साइलेंज तैयार हो जाता है, जिसका रंग हल्का हरा या पीला और खुशबू हल्की खट्टी होती है। 

हे (Hay) कैसे बनाएं?

हे बनाने की प्रक्रिया साइलेंज से अलग होती है। इसमें हरे चारे को पूरी तरह सुखाकर स्टोर किया जाता है। इसके लिए चारे को सही समय पर काटना जरूरी है, जब उसमें पोषक तत्व भरपूर हों। कटाई के बाद चारे को जमीन पर सीधे न फैलाकर जाली या ऊंचे स्थान पर सुखाना चाहिए, ताकि उसमें मिट्टी न लगे और फंगस का खतरा कम हो। चारे को तब तक सुखाया जाता है जब तक उसमें नमी लगभग 15–18 प्रतिशत न रह जाए। इसके बाद इसे बंडल बनाकर सूखी और हवादार जगह पर स्टोर किया जाता है, जहां नमी और बारिश का असर न हो। पतले तने वाली घास या फसल हे बनाने के लिए ज्यादा उपयुक्त मानी जाती है, क्योंकि यह जल्दी सूख जाती है और खराब होने की संभावना कम रहती है। 

साइलेंज और हे के फायदे

साइलेंज और हे दोनों ही पशुपालकों के लिए कई तरह से फायदेमंद हैं। सबसे बड़ा लाभ यह है कि इससे सालभर हरे चारे की उपलब्धता बनी रहती है। सूखे या ऑफ-सीजन में भी पशुओं को पोषक आहार मिल पाता है। साइलेंज में पोषक तत्व अच्छी तरह सुरक्षित रहते हैं, जिससे पशुओं की सेहत बेहतर रहती है और दूध उत्पादन में भी वृद्धि होती है। वहीं हे हल्का और आसानी से स्टोर होने वाला चारा है, जिसे लंबे समय तक बिना खराब हुए रखा जा सकता है। इसके अलावा इन तकनीकों को अपनाने से चारे की बर्बादी कम होती है और पशुपालकों की लागत भी नियंत्रित रहती है। सही तरीके से तैयार किया गया चारा पशुओं को बीमारियों से भी बचाता है। 

चारा स्टोर करते समय किन बातों का रखें ध्यान 

चारा स्टोर करते समय नमी का स्तर नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। ज्यादा नमी से फंगस लगने का खतरा बढ़ जाता है, जो पशुओं के लिए हानिकारक हो सकता है। साथ ही, साइलेंज बनाते समय हवा का प्रवेश पूरी तरह रोकना चाहिए। कुल मिलाकर, साइलेंज और हे बनाने की तकनीक अपनाकर पशुपालक सालभर चारे की समस्या से राहत पा सकते हैं और अपने डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।

“गाय-भैंस के लिए हरा चारा स्टोर करने का आसान तरीका” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ)

प्रश्न 1: साइलेंज क्या होता है?

उत्तर: साइलेंज हरे चारे को बिना हवा के फर्मेंट करके लंबे समय तक सुरक्षित रखने की प्रक्रिया है।

प्रश्न 2: साइलेंज कितने दिन में तैयार हो जाता है?

उत्तर: आमतौर पर साइलेंज 40 से 50 दिनों में तैयार हो जाता है।

प्रश्न 3: साइलेंज बनाने के लिए कौन सा चारा सबसे अच्छा है?

उत्तर: मक्का, ज्वार और बाजरा साइलेंज बनाने के लिए सबसे उपयुक्त माने जाते हैं।

प्रश्न 4: हे (Hay) बनाने के लिए नमी कितनी होनी चाहिए?

उत्तर: हे बनाने के लिए चारे में नमी लगभग 15–18% रहनी चाहिए।

प्रश्न 5: क्या साइलेंज से दूध उत्पादन बढ़ता है?

उत्तर: हां, पोषक तत्वों से भरपूर साइलेंज पशुओं की सेहत सुधारता है और दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद करता है।

प्रश्न 6: साइलेंज खराब होने की पहचान क्या है?

उत्तर: यदि साइलेंज में बदबू, फंगस या काला रंग दिखाई दे तो वह खराब हो चुका है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button