गौशाला योजना: फ्री में मिलेगी साहीवाल और रेड सिंधी गाय, हर माह 1500 रुपए की सहायता
प्रकाशित - 16 Dec 2025 by Tractor Junction
पशुपालकों के लिए सुनहरा मौका, जानें योजना की पूरी जानकारी
किसानों और पशुपालकों के लिए जिला प्रशासन ने एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल की शुरुआत की है। यह योजना न केवल ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि वर्षों से चली आ रही अन्ना प्रथा की समस्या का भी व्यावहारिक समाधान बन सकती है। अब चित्रकूट जिले की गौशालाओं में संरक्षित गौवंश बोझ नहीं, बल्कि पशुपालकों के लिए आजीविका का मजबूत साधन बनने जा रहे हैं।
दरअसल चित्रकूट के पाठा क्षेत्र में रहने वाले जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई इस गौशाला योजना के तहत कोई भी आम नागरिक गौशाला से गाय या बछिया अपने घर ले जाकर पाल सकता है। इसके बदले पशुपालक को सरकार की ओर से 1500 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य गौवंश संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
गौशालाओं का बढ़ता खर्च होगा कम
चित्रकूट जिले की विभिन्न गौशालाओं में बड़ी संख्या में गौवंश संरक्षित हैं। इन पशुओं के रखरखाव पर सरकार को हर महीने लाखों रुपए खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में प्रशासन ने यह नई व्यवस्था लागू की है, ताकि गौवंश का बेहतर उपयोग हो सके और उनका पालन-पोषण स्थानीय स्तर पर किया जाए। योजना के तहत गौशाला से ली गई प्रत्येक गाय या बछिया के पालन के बदले पशुपालक को 1500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। इससे एक ओर चारे और देखभाल में आर्थिक मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर दूध उत्पादन से अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त होगा।
नस्ल सुधार पर भी खास फोकस
कर्वी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेश कुमार पांडेय ने बताया कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि गौवंश की गुणवत्ता सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के तहत साहीवाल और रेड सिंधी जैसी उन्नत नस्लों का 50 प्रतिशत अंश शामिल किया जाएगा। इससे भविष्य में पैदा होने वाली गायें 8 से 10 लीटर प्रतिदिन तक दूध देने में सक्षम होंगी। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और स्थानीय बाजारों में दूध की उपलब्धता भी बेहतर होगी।
घर आकर जांच करेगी विभागीय टीम
इस योजना के तहत एक व्यक्ति अधिकतम चार गौवंश गोद ले सकता है। इसके लिए पशुपालक को पशुपालन विभाग में उपलब्ध निर्धारित फार्म भरना होगा। फार्म की जांच और सत्यापन के बाद संबंधित गौशाला से गौवंश दिया जाएगा। पशुपालन विभाग की टीम समय-समय पर पशुपालकों के घर जाकर निरीक्षण करेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जानवरों की उचित देखभाल की जा रही है और योजना का सही तरीके से क्रियान्वयन हो रहा है।
अन्ना प्रथा पर लगेगी लगाम
इस योजना से सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं की संख्या में भी कमी आएगी। अक्सर ये पशु खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी होती है। गौशाला योजना के जरिए इन पशुओं को सुरक्षित आश्रय और बेहतर देखभाल मिलेगी, वहीं किसानों और पशुपालकों को नियमित आय का साधन भी प्राप्त होगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और आय का नया रास्ता खोलने वाली साबित हो सकती है। पशुपालकों को एक ओर सरकार से मासिक सहायता मिलेगी, तो दूसरी ओर दूध बिक्री से अतिरिक्त कमाई का अवसर भी मिलेगा। इससे आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और गौवंश संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। कुल मिलाकर, गौशाला योजना चित्रकूट जिले के किसानों और पशुपालकों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो आर्थिक लाभ के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय संतुलन स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें