मृदा हेल्थ कार्ड क्या है? किसानों को मिलते हैं कौन-कौन से लाभ

जानें, मृदा हेल्थ कार्ड बनवाने की पूरी प्रक्रिया और इसकी खेती में उपयोगिता 

मिट्टी सिर्फ खेती के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर खाद्य सुरक्षा तक, हर क्षेत्र में मिट्टी का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष योगदान है। यही कारण है कि हर साल 5 दिसंबर को ‘विश्व मृदा दिवस’ (World Soil Day) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मिट्टी के महत्व पर जागरूकता बढ़ाना और मिट्टी के कटाव, प्रदूषण, पोषक तत्वों की कमी व उर्वरता घटने जैसी चुनौतियों पर ध्यान खींचना है। इस मौके पर किसानों के लिए एक बेहद उपयोगी योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) को समझना जरूरी है, जिसे अभी भी देश के बड़े वर्ग के किसान पूरी तरह नहीं जानते। ऐसे में हम आज आपको मृदा हेल्थ कार्ड (Soil Health Card) के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं, तो आइए जानते हैं, इसके बारे में। 

मृदा हेल्थ कार्ड क्या है

मृदा स्वास्थ्य कार्ड केंद्र सरकार की एक अहम योजना है, जिसके तहत किसानों को उनके खेत की मिट्टी की संपूर्ण जानकारी वाला कार्ड दिया जाता है। यह कार्ड बताता है कि मिट्टी में कौन-कौन से पोषक तत्व मौजूद हैं, किसकी कमी है और कौन सा तत्व आवश्यकता से अधिक है। यह कार्ड किसानों को यह भी सुझाता है कि फसल के अनुसार कौन-सी खाद देनी चाहिए, कितनी मात्रा में देनी चाहिए, कौन से पोषक तत्वों की पूर्ति की आवश्यकता है, मिट्टी का pH मान व लवणता स्तर क्या है। इससे किसानों के लिए खाद व उर्वरक का सही उपयोग आसान हो जाता है। अनावश्यक रसायनों के प्रयोग में कमी आती है, मिट्टी की सेहत सुधरती है और फसल उत्पादन भी बढ़ता है। यही वजह है कि यह कार्ड किसानों की खेती लागत घटाने और पैदावार बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाता है।

कैसे मिलता है मृदा हेल्थ कार्ड

कई किसान यह जानते हैं कि मृदा कार्ड लाभदायक है, लेकिन इसकी प्रक्रिया को लेकर भ्रम रहता है। दरअसल इसका तरीका बेहद सरल है। कृषि विभाग या कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की टीम आपके खेत से मिट्टी का सैंपल लेती है। इसके बाद यह सैंपल मान्यता प्राप्त लैब में भेजा जाता है, जहां वैज्ञानिक मिट्टी के विभिन्न तत्वों की जांच करते हैं। टेस्ट के बाद पूरी रिपोर्ट तैयार होती है और उसी रिपोर्ट के आधार पर किसान को Soil Health Card उपलब्ध कराया जाता है। किसान यह कार्ड दो तरीके से प्राप्त कर सकते हैं। पहला ऑनलाइन जिसके लिए किसान पोर्टल पर लॉगिन करके डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन तरीके में इसे विभाग द्वारा सीधे प्रदान किया जाता है। मिट्टी की जांच पूरी तरह वैज्ञानिक पद्धति से की जाती है, ताकि किसानों को सटीक और उपयोगी जानकारी दी जा सके।

मृदा हेल्थ कार्ड में क्या-क्या मिलती हैं जानकारियां

मृदा हेल्थ कार्ड खेती की योजना बनाने में एक तरह से ‘रोडमैप’ की तरह काम करता है। इसमें मिलने वाली प्रमुख जानकारियां इस प्रकार हैं:

  • किसान का नाम, गांव और खेत की लोकेशन
  • मिट्टी के पोषक तत्वों की मात्रा (NPK, जिंक, सल्फर आदि)
  • pH मान यानी मिट्टी की अम्लीय या क्षारीय स्थिति
  • मिट्टी की लवणता (EC वैल्यू)
  • कौन-सी खाद कितनी मात्रा में उपयोग करनी है
  • मिट्टी जैविक खेती के लिए बेहतर है या रासायनिक खेती के लिए
  • सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी व सुधार के सुझाव

इन जानकारियों के आधार पर किसान आसानी से यह तय कर सकते हैं कि कौन-सी फसल उनके खेत की मिट्टी के लिए सबसे बेहतर है। इससे फसल उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार देखा जाता है।

किसान इन तरीकों से बनवा सकते हैं मृदा हेल्थ कार्ड 

इस कार्ड को बनवाने की प्रक्रिया बेहद सरल और निःशुल्क है। किसान नीचे दिए किसी भी माध्यम से इसका लाभ ले सकते हैं:

  1. नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क करें: किसान सीधे ब्लॉक या जिले के कृषि विभाग में जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहां से टीम खेत का सैंपल लेने आएगी।
  1. कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) में आवेदन करें : KVK की वैज्ञानिक टीम खेत से मिट्टी लेकर उसे लैब में भेजती है और रिपोर्ट तैयार करवाती है।
  1. ऑनलाइन माध्यम : किसान घर बैठे ऑनलाइन भी अपना कार्ड देख या डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए इस वेबसाइट: soilhealth.dac.gov.in पर जाकर अप्लाई करना होगा। 

सैंपल देने के बाद विभाग समय-समय पर अपडेट देता है और रिपोर्ट तैयार होते ही किसान को सूचना मिल जाती है।

मृदा हेल्थ कार्ड से किसानों के लिए लाभ

मृदा हेल्थ कार्ड किसान को न सिर्फ मिट्टी की सटीक जानकारी देता है, बल्कि खेती लाभकारी बनाने में मददगार साबित होता है। इसके मुख्य फायदे इस प्रकार से हैं:

  • फसल की पैदावार बढ़ती है। 
  • उर्वरकों का सही और कम उपयोग होता है। 
  • खेती की लागत घटती है। 
  • मिट्टी की सेहत लंबे समय तक सुरक्षित रहती है। 
  • फसल चयन में मदद मिलती है। 
  • जैविक खेती को बढ़ावा मिलता है।

मृदा हेल्थ कार्ड से संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न व उनके उत्तर–

प्रश्न 1. मृदा हेल्थ कार्ड क्या होता है?

उत्तर: मृदा हेल्थ कार्ड एक सरकारी दस्तावेज है जिसमें किसान के खेत की मिट्टी की पूरी जांच रिपोर्ट होती है जैसे– कौन से पोषक तत्व मौजूद हैं, किसकी कमी है, pH और लवणता कितनी है और कौन-सी खाद कितनी मात्रा में देनी चाहिए। 

प्रश्न 2. मृदा हेल्थ कार्ड बनवाना जरूरी क्यों है?

उत्तर: क्योंकि मृदा हेल्थ कार्ड किसान को बताता है कि मिट्टी में किस उर्वरक की कमी है, जिससे किसान सही खाद का उपयोग कर सके। इससे लागत घटती है और पैदावार बढ़ती है। 

प्रश्न 3. क्या मृदा हेल्थ कार्ड बनवाना बिल्कुल मुफ्त है?

उत्तर: हां, मृदा हेल्थ कार्ड पूरी तरह निःशुल्क सरकारी सुविधा है। 

प्रश्न 4. मृदा हेल्थ कार्ड कैसे मिलता है?

उत्तर: कृषि विभाग या KVK की टीम किसान के खेत से मिट्टी का नमूना लेकर उसे लैब में जांचती है। रिपोर्ट बनने के बाद किसान को Soil Health Card दे दिया जाता है। 

प्रश्न 5. क्या किसान ऑनलाइन भी मृदा हेल्थ कार्ड प्राप्त कर सकता है?

उत्तर: हां, किसान वेबसाइट soilhealth.dac.gov.in पर जाकर ऑनलाइन अपना कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। 

प्रश्न 6. मिट्टी का नमूना कौन लेता है?

उत्तर : सामान्यत: कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) या अधिकृत प्रयोगशाला की टीम खेत से सैंपल लेती है। 

प्रश्न 7. मृदा हेल्थ कार्ड में कौन-कौन सी जानकारी मिलती है?

उत्तर: मृदा हेल्थ कार्ड में NPK सहित पोषक तत्वों की मात्रा, pH (अम्लीय/क्षारीय स्तर), लवणता (EC), सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी, कौन-सी खाद कितनी मात्रा में डालनी है के संबंध में जानकारी के साथ ही खेती के लिए उपयुक्त फसल के सुझाव भी दिए जाते हैं।

प्रश्न 8. मिट्टी का pH क्या होता है और यह क्यों जरूरी है?

उत्तर : pH बताता है कि मिट्टी अम्लीय है या क्षारीय। pH सही होने से फसल पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाती है। 

प्रश्न 9. मृदा हेल्थ कार्ड कितने समय के लिए मान्य होता है?

उत्तर : आमतौर पर मिट्टी का सैंपल हर 2 साल में लिया जाता है, इसलिए मृदा हैल्थ कार्ड को 2 साल बाद दोबारा अपडेट करवाना चाहिए। 

प्रश्न 10. क्या मृदा हैल्थ कार्ड में सूक्ष्म तत्वों (जैसे जिंक, सल्फर) की जानकारी भी इसमें मिलती है?

उत्तर : हां, मृदा हैल्थ कार्ड (Soil Health Card) में मुख्य और सूक्ष्म सभी पोषक तत्वों की जानकारी दी जाती है। 

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स

स्वराज 855 एक्स एम

48 एचपी | 2014 Model | देवास, मध्यप्रदेश

₹ 2,17,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
पॉवर ट्रैक 434 डीएस

35 एचपी | 2010 Model | जबलपुर, मध्यप्रदेश

₹ 1,30,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
पॉवर ट्रैक यूरो 50

50 एचपी | 2021 Model | रायसेन, मध्यप्रदेश

₹ 3,51,150
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें
मैसी फर्ग्यूसन 7250

46 एचपी | 2012 Model | अजमेर, राजस्थान

₹ 2,50,000
प्रमाणित
icon icon-phone-callविक्रेता से संपर्क करें

सभी देखें

ट्रैक्टर ऑफ़र जांचें
ट्रैक्टर की कीमत जानें