देश के 6 राज्यों में होगा यूरिया का उत्पादन, किसानों को मिलेगी राहत!
प्रकाशित - 26 Nov 2026 by Vivek Tailang
₹54,000 करोड़ के निवेश से बढ़ेगी घरेलू उत्पादन क्षमता, यूरिया आयात पर निर्भरता होगी कम
भारत को यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने राष्ट्रीय निवेश नीति (NIPU-2026) के तहत देश में छह ब्राउनफील्ड यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर करीब 54,000 करोड़ रुपये का निवेश होने की उम्मीद है। इससे देश की घरेलू यूरिया उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी होगी और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उर्वरक विभाग ने हाल ही में इन परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा की।
इन छह परियोजनाओं के तहत पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में मौजूदा औद्योगिक परिसरों का उपयोग करते हुए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे या उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को फसल सीजन के दौरान पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराना और विदेशी मुद्रा की बचत करना है।
किन राज्यों लगेंगे छह नए यूरिया प्लांट
प्रस्तावित छह यूरिया इकाइयों में से प्रत्येक की वार्षिक उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन होगी। इस तरह इनकी कुल प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 76.2 लाख मीट्रिक टन सालाना होगी। इन परियोजनाओं में दो पुराने संयंत्रों को हटाकर उनकी जगह आधुनिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जबकि चार मौजूदा परिसरों का विस्तार किया जाएगा। परियोजनाओं की सूची में तमिलनाडु के चेन्नई में मद्रास फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (MFL) के 60 साल से अधिक पुराने संयंत्र को बदलकर नई इकाई स्थापित की जाएगी। वहीं, पंजाब के नंगल में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) के पुराने संयंत्र की जगह 12.7 लाख मीट्रिक टन सालाना क्षमता वाली आधुनिक इकाई लगेगी। वर्तमान में नंगल संयंत्र की क्षमता 4.73 लाख मीट्रिक टन सालाना है। ऐसे में यहां 7.97 लाख मीट्रिक टन की शुद्ध उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कृभको से जुड़ी सहकारी क्षेत्र की परियोजना के तहत मौजूदा परिसर का विस्तार किया जाएगा। इसी तरह उत्तर प्रदेश के जगदीशपुर में इंडियन इंडस्ट्रियल यूरिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (IIPL) की मौजूदा इकाई की क्षमता बढ़ाई जाएगी। पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में मैटिक्स के मौजूदा परिसर में नई यूरिया इकाई स्थापित होगी। राजस्थान के कोटा स्थित गड़ेपन में चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (CFCL) के परिसर में उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना है।
Popular Tractors
पुराने संयंत्रों की जगह लगेंगी आधुनिक इकाइयां
सरकार की इस योजना का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि पुराने संयंत्रों की ऊर्जा खपत और उत्पादन लागत को कम करना भी है। चेन्नई और नंगल के पुराने संयंत्रों में आधुनिक तकनीक के मुकाबले ऊर्जा की खपत अधिक है। उदाहरण के तौर पर नंगल संयंत्र में एक मीट्रिक टन यूरिया उत्पादन पर 6.498 गीगाकैलोरी ऊर्जा खर्च होती है, जबकि उद्योग का भारित औसत 5.95 गीगाकैलोरी है। नए ऊर्जा मानक के अनुसार यह खपत 5 गीगाकैलोरी प्रति मीट्रिक टन निर्धारित है। नई इकाइयों से ऊर्जा की बचत, परिचालन सुरक्षा और उत्पादन दक्षता में सुधार होने की उम्मीद है।
यूरिया उत्पादन बढ़ने से आयात पर घटेगी निर्भरता
भारत में यूरिया की सालाना खपत करीब 400 लाख मीट्रिक टन है। घरेलू उत्पादन बढ़ाना इसलिए जरूरी है, ताकि किसानों की मांग को देश में ही पूरा किया जा सके। वर्ष 2014-15 में भारत का यूरिया उत्पादन 225 लाख मीट्रिक टन था, जो वर्ष 2023-24 में बढ़कर रिकॉर्ड 314.07 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया। वर्ष 2025-26 में उत्पादन 293.30 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया। वहीं, देश की पुनर्मूल्यांकित स्वदेशी उत्पादन क्षमता वर्ष 2014-15 के 207.54 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 269.42 लाख मीट्रिक टन सालाना हो गई है। नई परियोजनाओं से इसमें और इजाफा होने की संभावना है। इससे यूरिया आयात पर निर्भरता घटाने, विदेशी मुद्रा बचाने और किसानों तक समय पर खाद पहुंचाने में मदद मिलेगी।
निवेशकों को मिलेंगे ये प्रोत्साहन
छह परियोजनाओं पर करीब 54,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यानी प्रत्येक परियोजना की औसत पूंजीगत लागत लगभग 9,000 करोड़ रुपये होगी। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए NIPU-2026 में इक्विटी पर प्रतिफल (ROE) की न्यूनतम सीमा 12 प्रतिशत और अधिकतम सीमा 16 प्रतिशत तय की गई है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा विनिमय दर में उतार-चढ़ाव से होने वाले जोखिम को कम करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। दरों को सामान्यीकृत किया जाएगा और चार वर्ष बाद प्रचलित विनिमय दरों के आधार पर राशि को भारतीय रुपये में परिवर्तित किया जाएगा। मौजूदा जमीन, परिवहन व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का इस्तेमाल करने से प्रतिवर्ष करीब 225 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान है। आठ वर्षों में यह बचत लगभग 1,800 करोड़ रुपये हो सकती है।
तलचर और नामरूप में भी बढ़ेगा यूरिया उत्पादन
छह ब्राउनफील्ड परियोजनाओं के अलावा ओडिशा के तलचर और असम के नामरूप में भी यूरिया संयंत्रों से जुड़ी परियोजनाओं पर काम जारी है। दोनों संयंत्रों की प्रस्तावित क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन सालाना होगी। तलचर परियोजना में कोयला गैसीकरण तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उर्वरक विभाग को इस परियोजना के दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, इन परियोजनाओं से भारत की घरेलू यूरिया उत्पादन क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को खाद की उपलब्धता बेहतर बनाने और देश को यूरिया आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें