उन्नत कृषि महोत्सव 2026: कृषि यंत्र, बीज और नई तकनीकों का भव्य प्रदर्शन
प्रकाशित - 07 Apr 2026 by Vivek Tailang
मध्य प्रदेश के रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक होगा आयोजन, किसानों को होगा लाभ
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में 11 से 13 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाला “उन्नत कृषि महोत्सव 2026: प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण” किसानों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के कृषि मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि यंत्रों और बाजार से सीधे जोड़ना है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस आयोजन को खेती के क्षेत्र में “गेम-चेंजर” बताया है।
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ने रायसेन के दशहरा मैदान स्थित मेला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों और प्रबुद्धजनों से संवाद करते हुए मेले में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
मेले के लिए क्यों खास है यह मेला
यह मेला भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की पहल पर आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में किसानों को “प्रयोगशाला से खेत तक” और “बीज से बाजार तक” की पूरी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को खेती के आधुनिक तरीकों को समझने और अपनाने में सहायता मिलेगी।
300 स्टॉल्स में दिखेगी आधुनिक कृषि की झलक
दशहरा मैदान को तीन बड़े हैंगर और सेमिनार हॉल के रूप में विकसित किया गया है, जहां लगभग 300 स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल्स में कृषि मशीनरी, उन्नत बीज, उर्वरक, मृदा पोषण, फसल सुरक्षा, सूक्ष्म सिंचाई, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, एफपीओ (FPOs), स्टार्टअप्स और ICAR जैसे संस्थानों की भागीदारी होगी। यहां किसानों को ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि उपकरण, जैविक खेती और नई तकनीकों का लाइव प्रदर्शन देखने का मौका मिलेगा। इससे किसान सीधे तौर पर इन तकनीकों को समझ सकेंगे और अपनी खेती में लागू कर पाएंगे।
किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण और सीधा संवाद
मेले में किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें मुफ्त प्रशिक्षण सत्र, कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों से सीधा संवाद, सरकारी योजनाओं की जानकारी और स्टार्टअप प्रेजेंटेशन शामिल हैं। इसके अलावा किसानों को बाजार से सीधे जुड़ने और अपनी उपज को बिना बिचौलियों के बेचने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी।
मेले की थीम और खास फोकस
इस राष्ट्रीय कृषि मेले की थीम “सरकारी योजनाओं का साथ, बिचौलियों से मुक्त बाज़ार” और “सुरक्षित उपज, समृद्ध किसान” रखी गई है। इसके तहत किसानों को कृषि अवसंरचना कोष (AIF) के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसमें वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और भंडारण सुविधाओं पर मिलने वाली सरकारी छूट और ब्याज सबवेंशन के बारे में बताया जाएगा, ताकि किसान अपनी उपज का बेहतर भंडारण कर सही समय पर अच्छा मूल्य प्राप्त कर सकें।
उद्घाटन और समापन में शामिल होंगे बड़े नेता
कार्यक्रम के अनुसार, 10 अप्रैल की शाम प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन होगा। 11 अप्रैल को मुख्य उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और किसानों को संबोधित करेंगे। वहीं, 13 अप्रैल को समापन समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समापन अवसर पर रायसेन, विदिशा, सीहोर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक व्यापक “कृषि रोडमैप” भी प्रस्तुत किया जाएगा। यह रोडमैप क्षेत्रीय कृषि विकास को नई दिशा देने में मदद करेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह राष्ट्रीय कृषि मेला किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आएगा। उन्होंने इसे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्नत कृषि महोत्सव 2026 के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ)
प्रश्न 1. उन्नत कृषि महोत्सव 2026 कब और कहां आयोजित होगा?
उत्तर: उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का आयोजन रायसेन (मध्य प्रदेश) में 11 से 13 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा।
प्रश्न 2. इस कृषि मेले का मुख्य उद्देश्य क्या है?
उत्तर: इस मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों और बाजार से सीधे जोड़ना है, ताकि वे अपनी आय बढ़ा सकें।
प्रश्न 3. इस मेले में किसानों को क्या-क्या देखने को मिलेगा?
उत्तर: मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां कृषि मशीनरी, ड्रोन तकनीक, उन्नत बीज, जैविक खेती, सिंचाई तकनीक और पशुपालन से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
प्रश्न 4. क्या किसानों को इस मेले में प्रशिक्षण मिलेगा?
उत्तर: हाँ, किसानों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां वे कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकेंगे।
प्रश्न 5. इस कृषि महोत्सव की थीम क्या है?
उत्तर: इस मेले की थीम “सरकारी योजनाओं का साथ, बिचौलियों से मुक्त बाज़ार” और “सुरक्षित उपज, समृद्ध किसान” है।
प्रश्न 6. मेले में कौन-कौन से बड़े नेता शामिल होंगे?
उत्तर: इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी जैसे प्रमुख नेता शामिल होंगे।
प्रश्न 7. इस मेले से किसानों को क्या फायदा होगा?
उत्तर: किसानों को नई तकनीकों की जानकारी, सरकारी योजनाओं का लाभ, बाजार से सीधा जुड़ने के अवसर और बेहतर खेती के तरीके सीखने को मिलेंगे।
प्रश्न 8. क्या यहां कृषि योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी?
उत्तर: हाँ, मेले में कृषि अवसंरचना कोष (AIF) समेत कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे किसान भंडारण और विपणन में लाभ ले सकें।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें