गेहूं की बुआई शुरू करने से पहले जरूर जानें ये बातें, अनुसंधान संस्थान की बड़ी सलाह
प्रकाशित - 08 Nov 2025 by Vivek Tailang
देशभर के किसानों के लिए गेहूं अनुसंधान संस्थान की गाइडलाइन जारी, दिए अहम सुझाव
रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई का समय आ गया है। इस सीजन में अधिक उपज प्राप्त करने और लागत कम करने के लिए भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (IIWBR), करनाल ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संस्थान ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपने क्षेत्र के अनुसार उपयुक्त किस्मों का चयन करें, समय पर बुआई करें और बीज उपचार एवं पोषक तत्व प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। ऐसे में किसानों को चाहिए कि गेहूं की बेहतर पैदावार प्राप्त करने के लिए संस्थान की सलाह को अपनाना चाहिए। आज हम आपको गेहूं की बुवाई के बारे में संस्थान द्वारा बताई गई महत्वपूर्ण बातों की जानकारी दे रहे हैं।
सही समय पर करें गेहूं की बुवाई
संस्थान के अनुसार वर्तमान तापमान गेहूं की समय पर बुआई के लिए अत्यंत उपयुक्त है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अगेती बुआई नवंबर के पहले सप्ताह तक और सामान्य बुआई 20 नवंबर तक कर लें। बुआई में देरी करने से उपज में गिरावट आती है और फसल पर गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
किसान क्षेत्र के अनुसार करें किस्मों का चयन
संस्थान ने देश के विभिन्न कृषि जलवायु क्षेत्रों के लिए उपयुक्त किस्मों की सिफारिश की है। क्षेत्र के अनुसार बुवाई के लिए गेहूं की किस्में इस प्रकार से हैं:
- उत्तर पश्चिम क्षेत्र (पंजाब, हरियाणा, पश्चिम यूपी, राजस्थान) के लिए DBW 187, DBW 222, HD 3046, PBW 826, HD 3386, WH 1105 जैसी किस्में उपयोगी हैं।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, झारखंड के लिए PBW 826, DBW 252, HD 3086, K 1006, DBW 386 जैसी किस्में अच्छी उपज देने वाली मानी गई हैं।
- मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान (केंद्रीय क्षेत्र) के लिए HI 1636, HI 8759, JW 366, DBW 303 जैसी गेहूं की किस्में अच्छी उपज दे सकती हैं।
- महाराष्ट्र, कर्नाटक (दक्षिणी क्षेत्र) क्षेत्र के लिए DBW 168, MACS 6478, PBW 891, UAS 304 जैसी किस्में अच्छी मानी जाती हैं।
बीजोपचार और बुआई की दर
संस्थान ने सलाह दी है कि किसान बीज केवल विश्वसनीय स्रोत से खरीदें और बुआई से पहले उसका उपचार अवश्य करना चाहिए। बीज जनित रोगों जैसे लूज स्मट, करनाल बंट और सीडलिंग ब्लाइट से सुरक्षा के लिए बीज को कॉर्बोक्सिन 75 WP (2.5 ग्राम/किग्रा बीज), कार्बेंडाजिम 50 WP (2.5 ग्राम/किग्रा) या टेबुकोनाजोल 2 DS (1.25 ग्राम/किग्रा) से उपचारित करना चाहिए। समय पर बुआई के लिए 100 किलोग्राम बीज प्रति हेक्टेयर की दर उचित मानी गई है।
गेहूं में खाद डालने की सटीक मात्रा
- संस्थान के अनुसार गेहूं की उर्वरक आवश्यकता क्षेत्र के अनुसार भिन्न होती है।
- NWPZ एवं NEPZ क्षेत्रों में: 150:60:40 (N:P:K किग्रा/हेक्टेयर)
- CZ एवं PZ क्षेत्रों में: 120:60:40 (N:P:K किग्रा/हेक्टेयर)
- सीमित सिंचाई वाले क्षेत्रों में: 90:60:40 (N:P:K किग्रा/हेक्टेयर)
नाइट्रोजन की एक-तिहाई मात्रा बुआई के समय तथा शेष दो बराबर भाग पहली और दूसरी सिंचाई में डालने की सलाह दी गई है। फास्फोरस और पोटाश की पूरी मात्रा बुआई के समय ही प्रयोग करें।
खेत की तैयारी और बुबाई तकनीक
धान की कटाई के बाद बचे अवशेषों वाले खेतों में हैप्पी सीडर या स्मार्ट सीडर से सीधे गेहूं की बुबाई करने की सलाह दी गई है। इससे पराली जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। संस्थान ने यह भी कहा है कि किसान पराली न जलाएं, क्योंकि इससे न केवल पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है बल्कि मिट्टी की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है।
सिंचाई और पोषक तत्व प्रबंधन
अधिकतम उपज के लिए फसल को इष्टतम सिंचाई और संतुलित पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मृदा परीक्षण कराकर ही उर्वरकों की मात्रा तय करें। सिंचाई समय पर और आवश्यकता के अनुसार करें ताकि पानी की बचत के साथ फसल की बढ़वार पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।
खरपतवार प्रबंधन
- खरपतवार नियंत्रण के लिए संस्थान ने सलाह दी है कि किसान बुआई के 0–3 दिन बाद पाइरोक्सासल्फोन 85 WG (60 ग्राम/एकड़) का अकेले या पेंडामेथालिन 30 EC (2 लीटर/एकड़) के साथ छिड़काव करें।
- वैकल्पिक रूप से ऐक्लोनिफेन + डाईफ्लुफेनिकन + पाइरोक्सासल्फ़ोन (मैटनोमोर) मिश्रण का 800 मिलीलीटर प्रति एकड़ की दर से 150–200 लीटर पानी में छिड़काव किया जा सकता है। हालांकि कठिया गेहूं में पाइरोक्सासल्फ़ोन आधारित शाकनाशी से बचने की सलाह दी गई है।
भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान ने किसानों से अपील की है कि वे इन गाइडलाइनों का पालन करके अधिक उपज, कम लागत और पर्यावरण संतुलन सुनिश्चित करें। समय पर बुआई, सही गेहूं की किस्मों का चयन, बीजोपचार और पोषक तत्व प्रबंधन, यही सफल गेहूं उत्पादन की कुंजी है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें