किसान की बेटी झांकी ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय गणित चैंपियनशिप में पाया पहला स्थान

Share Product प्रकाशित - 31 Aug 2025 by Tractor Junction

किसान की बेटी झांकी ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय गणित चैंपियनशिप में पाया पहला स्थान

गुजरात के सावरकुंडला की 13 वर्षीय झांकी ने यूसी-एमएएस अबेकस और मानसिक गणित प्रतियोगिता में बाजी मारी

जब लगन, मेहनत और अनुशासन एक साथ चलते हैं, तो सफलता सिर झुकाकर सलाम करती है। गुजरात के अमरेली जिले के एक छोटे से गांव पिथवाड़ी की 13 वर्षीय झांकी भागीरथभाई सुहागिया ने इसी कथन को सच कर दिखाया। 16 अगस्त 2025 को हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय यूसी-एमएएस अबेकस और मानसिक गणित प्रतियोगिता में झांकी ने पहला स्थान प्राप्त कर देशभर के 8000 से अधिक प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया। आइए जानते हैं झांकी की सफलता की कहानी, जिसमें यह भी जानेंगे कि किस तरह उसने राष्ट्रीय गणित चैंपियनशिप में पहला स्थान हासिल किया।

गांव से चैंपियन तक का सफर

झांकी एक किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी उन्होंने जो उपलब्धि हासिल की है, वह न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे गुजरात और भारत के लिए गर्व की बात है। सिर्फ 13 साल की उम्र में झांकी ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा न तो साधनों की मोहताज होती है और न ही बड़े शहरों की। मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के दम पर कोई भी बच्चा ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। 

कठिन प्रतियोगिता, दमदार प्रदर्शन

यह प्रतियोगिता भारत की सबसे कठिन अबेकस और मानसिक गणित प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है। इसमें छात्रों को केवल आठ मिनट में 200 जटिल गणितीय सवाल हल करने होते हैं, वो भी बिना किसी कागज, कलम या कैलकुलेटर के। यह प्रतियोगिता न सिर्फ गणना क्षमता बल्कि गति, एकाग्रता, ध्यान और मानसिक कौशल का भी कठोर परीक्षण करती है। झांकी ने इस चुनौती को पूरे आत्मविश्वास के साथ स्वीकार किया और चैंपियन बनकर उभरीं। 

सिर्फ गणित नहीं, जीवन कौशल की भी जीत

यूसी-एमएएस प्रतियोगिता का उद्देश्य सिर्फ गणना करवाना नहीं होता, बल्कि बच्चों में जीवन कौशल विकसित करना होता है। अबेकस तकनीक से बाएं और दाएं मस्तिष्क को एकसाथ सक्रिय किया जाता है, जिससे बच्चों का ध्यान केंद्रित करने की क्षमता, समय प्रबंधन, दबाव में सोचने की कला, और आत्मविश्वास बढ़ता है। झांकी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यह प्रशिक्षण सिर्फ अकादमिक नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी माध्यम बनता है। 

सफलता के पीछे अनुशासन और समर्पण

झांकी ने बताया कि वह पिछले तीन महीनों से लगातार अभ्यास कर रही थीं। उन्होंने हर दिन घंटों अभ्यास किया और अपनी दिनचर्या में अनुशासन को प्रमुखता दी। झांकी ने एक बेहद प्रभावशाली बात साझा की जिसमें उसने बताया कि "मैं दिनभर में सिर्फ 30 मिनट ही मोबाइल का इस्तेमाल करती थी, वो भी केवल ऑनलाइन क्लास और अभ्यास के लिए। बाकी समय अभ्यास, सीखने और खुद को बेहतर बनाने में लगाती थी।" आज जब अधिकतर बच्चे मोबाइल और सोशल मीडिया में उलझे रहते हैं, झांकी ने अपने अनुशासित जीवन और तकनीक के सकारात्मक उपयोग से एक मिसाल कायम की है। 
शिक्षक की भूमिका और 2 लाख उदाहरणों का अभ्यास

झांकी की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके गुरु पार्थ सूचक का भी अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि झांकी ने प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान करीब 2 लाख उदाहरणों की गणना का अभ्यास किया था। यह संख्या न सिर्फ मेहनत को दर्शाती है, बल्कि उस समर्पण को भी दर्शाती है जिसने झांकी को आज की ऊंचाई तक पहुंचाया। 

पूरे गांव और राज्य में खुशी की लहर

झांकी की जीत पर उनके परिवार, स्कूल के शिक्षक, दोस्त और गांववाले बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी सफलता को लेकर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है। एक ग्रामीण किसान परिवार की बेटी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करना अपने आप में एक बहुत बड़ी प्रेरणादायक कहानी है। 

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा 

झांकी सुहागिया की यह उपलब्धि सिर्फ एक पदक या ट्रॉफी से कहीं बढ़कर है। यह एक पथप्रदर्शक कहानी है, उस नई पीढ़ी के लिए जो मेहनत और अनुशासन से अपने सपनों को साकार करना चाहती है। झांकी ने साबित किया कि अगर लक्ष्य साफ हो, मार्गदर्शन सही हो और मेहनत निरंतर हो, तो कोई भी बच्चा देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकता है। झांकी सुहागिया जैसी प्रतिभाएं भारत का उज्ज्वल भविष्य हैं और उनकी कहानी न सिर्फ बच्चों, बल्कि हर व्यक्ति को प्रेरणा देती है कि कुछ कर दिखाने की कोई उम्र, सीमा या परिस्थिति नहीं होती।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

 

Call Back Button