प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना : 9 हजार युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार देने का लक्ष्य

Share Product प्रकाशित - 29 Jun 2023 by Tractor Junction

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना : 9 हजार युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार देने का लक्ष्य

एक हजार रुपए मिलेगी छात्रवृत्ति, पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून

केंद्र सरकार की ओर से किसानों सहित बेरोजगार युवाओं के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। इसके तहत युवाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे आत्मनिर्भर होकर स्वयं का व्यवसाय खोल सके। वहीं यह प्रशिक्षण युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनी में भी नौकरी दिलाने में सहायक होंगे। इसी कड़ी में युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना शुरू की है। इसके तहत देशभर में हर राज्य अपने यहां युवाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण प्रदान करके उन्हें रोजगार दिलाने में मदद करेगा।

इसी कड़ी में राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (Prime Minister Skill Development Scheme) के तहत युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं। इच्छुक युवा इस योजना के तहत पंजीकरण करवा कर इसमें आवेदन करके रोजगार परक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है। खास बात ये है कि इस योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को एक हजार रुपए बतौर छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। इस साल के लिए 9000 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य दिया गया है।  

आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से आपको प्रधामंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रदेश सरकार को दिए गए लक्ष्य और उसके लिए युवाओं के रजिस्ट्रेशन के संबंध में जानकारी दे रहे हैं ताकि प्रदेश के जो युवा इस योजना में पंजीयन कराना चाहते हैं, उन्हें इसमें आसानी हो सके।

क्या है प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना को केंद्र की मोदी सरकार ने साल 2015 में शुरू किया था। इस योजना के जरिये युवाओं को रोजगार देने के लिए कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत देश भर में 30 स्किल्ड सेंटर भी खोले गए हैं जहां युवाओं को ट्रेनिंग दी जाती है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का 4.0 चरण जल्द शुरू किया जाएगा। इसके तहत देश के लाखों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना की खास बात यह है कि इस योजना के तहत आवेदन करने वाले युवा की योग्यता को संबंधित क्षेत्र के लिए मापा जाएगा। इसके अनुसार ही उसे प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अब तक इस योजना के तहत देश के 1.25 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस योजना को चलाने का मुख्य उद्‌देश्य देश के 8 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।

राज्य के लिए 9 हजार युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत हरियाणा राज्य के लिए इस साल 9 हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस काम को राज्य के विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की ओर से किया जाएगा। इसके लिए इस संस्थान ने राज्य के 9 हजार युवाओं को रोजगार सेक्टर के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज नेहरू के अनुसार प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विश्वविद्यालय को देश भर में सबसे बड़ा लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए संस्थान अपने सभी संसाधनों का उपयोग करेगा। कुलपति के मुताबिक इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज भी अपने-अपने क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के साथ जोड़कर प्रशिक्षित करेंगे।

इन कोर्सों का दिया जाएगा प्रशिक्षण/ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना कोर्स लिस्ट

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत राज्य के युवाओं को विश्वविद्यालय की ओर से सिलाई-कढ़ाई, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मीडिया, आई.टी., लॉजिस्टिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट और हेल्थ केयर के सेक्टर में यह प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कुलपति के अनुसार इन कोर्सों के लिए प्रशिक्षण हेतु पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवा 30 जून तक इसमें पंजीकरण करा सकते हैं।  

कहां दिया जाएगा प्रशिक्षण/प्रशिक्षण का स्थान/ कौशल विकास योजना ट्रेनिंग सेंटर (Skill Development Scheme Training Center)

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज नेहरू के अनुसार दूधौला कैंपस और गुरुग्राम स्थित ट्रांजिट कैम्पस में दोनों जगह पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बेरोजगार युवाओं के लिए यह प्रशिक्षण पूर्णत: नि:शुल्क है। वहीं दो लाख रुपए से कम आय वाले परिवारों के बेरोजगार युवा को एक हजार रुपए छात्रवृत्ति के रूप में दिए जाएंगे।

कहां करा सकते हैं प्रशिक्षण के लिए रजिस्ट्रेशन/ कौशल विकास योजना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन (Kaushal Vikas Yojana Online Registration)

विश्वविद्यालय के मूल्याकंन एवं प्रमाणन विभाग के बिजनेस डवलपमेंट हेड सरोज मिश्रा के मुताबिक प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत हरियाणा राज्य के जो युवा प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं, उनके लिए दूधौला कैंपस और गुरुग्राम स्थित ट्रांजिट कैम्पस में वॉक इन रखा गया। इसमें युवाओं ने अपना पंजीकरण कराया है। सामान्यत: इसके लिए आयु सीमा 15 से लेकर 45 के बीच रखी गई। लेकिन कोर्स की आवश्यकता के अनुसार कुछ सेक्टर में आयु सीमा अलग भी हो सकती है। इसके अलावा इसके लिए विभागीय साइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी है।

योजना में रजिस्ट्रेशन के लिए किन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता

पीएम कौशल विकास योजना (PM Skill Development Scheme) में रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए आपको कुछ दस्तावेजों की जरूरत होगी। यह दस्तावेज इस प्रकार से हैं

  • आवेदन करने वाले व्यक्ति का का आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • वोटर आईडी
  • मोबाइल नंबर
  • स्कूल प्रमाण-पत्र
  • बैंक खाता नंबर
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • आवेदक का ईमेल आईडी आदि।

अधिक जानकारी के लिए कहां करें संपर्क

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विश्वविद्यालय की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी के लिए आप इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://svsu.ac.in/ पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button