डेयरी फार्म खोलने के लिए मिलेगा लाखों का लोन, ऐसे उठाएं लाभ
प्रकाशित - 05 Dec 2022
by Tractor Junction
जानें, कैसे करें डेयरी फार्मिंग लोन के लिए अप्लाई, जानें, पूरी जानकारी
देश में जितनी दूध की खपत है, उतना उसका उत्पादन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सरकार किसानों को खेती के साथ ही पशुपालन को बढ़ावा दे रही है। इतना ही नहीं सरकार किसानों को डेयरी खोलने में भी आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इसके लिए किसानों को सब्सिडी का लाभ भी प्रदान किया जाता है। वहीं सरकार बैंक के माध्यम से किसानों को लाखों रुपए का लोन भी प्रदान कर रही है। इसके लिए एसबीआई बैंक किसानों को डेयरी फार्मिंग के लिए लोन प्रदान कर रहा है। वो भी बिना कुछ चीज गिरवी रखे। इस योजना के तहत किसान जितनी बड़ी डेयरी खोलना चाहते हैं उसी हिसाब से आपको लोन मिल सकेगा। एसबीआई बैंक के अलावा भी कई बैंक है जो डेयरी फार्मिंग के लिए लोन देते हैं। आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से किसानों को डेयरी फार्मिंग के लिए एसबीआई से मिलने वाले लोन की जानकारी दे रहे हैँ।
क्या है एसबीआई डेयरी फार्मिंग लोन (Dairy Farming)
किसानों को डेयरी फार्मिंग के लिए एसबीआई डेयरी लोन प्रदान करता है। इसके तहत आप 10 से 40 लाख रुपए का लोन ले सकते हैं। ये आप पर निर्भर करता है कि आप अपना डेयरी प्रोजेक्ट कितना छोटा बना कर देते है या कितना बड़ा। उसी हिसाब से आपको बैंक लोन देगा। एसबीआई डेयरी लोन किसान और बिजनेस करने वालों को दिया जाता है। डेयरी को भी एक व्यवसाय के रूप में परिभाषित किया गया है। इसलिए डेयरी बिजनेस के लिए भी एसबीआई लोन देता है।
डेयरी बिजनेस के किन कामों के लिए मिल सकता है एसबीआई से लोन
- किसान भाई डेयरी बिजनेस के लिए एसबीआई से लोन ले सकते हैं। एसबीआई डेयरी लोन जिन कामों के लिए दिया जाता है वे इस प्रकार से हैं-
- यह लोन गाय या भैंस खरीदने के लिए लिया जा सकता है।
- एसबीआई से डेयरी फार्म लगाने के लिए जो मशीनरी की जरूरत होती है उनके लिए भी यह लोन लिया जा सकता है।
- इसमें गायों और भैंसों का दूध निकालने वाली मशीनों को खरीदने के लिए आप लोन ले सकते हैं।
- पशुओं के लिए जो टीन शेड लगाने के लिए भी आप एसबीआई से लोन ले सकते हैं।
डेयरी फार्म के लिए किसान को किस काम के लिए कितना मिल सकता है लोन
- ऑटोमेटिक मिल्क कलेक्शन सिस्टम के लिए अधिकतम 10,0000 रुपए तक का लोन आप ले सकते हैं।
- मिल्क हाउस /सोसायटी ऑफिस के लिए न्यूनतम लोन राशि 20,0000 रुपए तक लिया जा सकता है।
- मिल्क ट्रांसपोर्ट व्हीकल के लिए अधिकतम 30,0000 रुपए तक लोन मिल सकता है।
- चिलिंग यूनिट के लिए एसबीआई डेयरी लोन 40,0000 रुपए तक मिल सकता है।
डेयरी फार्मिंग के लिए और अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें।
10 पशुओं की डेयरी खोलने पर कितना मिल सकता है लोन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यदि आप 10 पशुओं की डेयरी खोलते हैं तो आपको एसबीआई से 10 लाख रुपए तक का लोन मिल सकता है। इसके लिए स्टेट बैंक आफ इंडिया यानि एसबीआई बैंक डेयरी फार्म से जुड़े अलग-अलग कार्यों के लिए लोन देता है जिनकी दरें अलग-अलग निर्धारित हैं। उदाहरण के लिए ऑटोमेटिक मिल्क कलेक्शन सिस्टम के लिए 1 लाख रुपए तक का लोन दिया जाता है। डेयरी फार्मिंग के लिए भवन निर्माण के लिए 2 लाख रुपए तक लोन मिलता है। वहीं दूध को संरक्षण के लिए कोल्ड स्टोरेज मशीन के लिए 4 लाख रुपए का लोन दिया जाता है। इसके अलावा दूध लाने-ले जाने वाली गाड़ी यानी मिल्क टैंक ट्रांसपोर्टेशन के लिए 3 लाख रुपए तक के लोन मिलता है। इस तरह 10 पशुओं की डेयरी खोलने पर आपको कुल 10 लाख रुपए तक लोन बिना कुछ गिरवी रखें मिल सकता है।
डेयरी लोन पर सरकार से कितनी मिलती है सब्सिडी
यदि आप डेयरी फार्मिंग के लिए बैंक से लोन लेते हैं तो उस पर सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाता है। इसके तहत आपको डेयरी बिजनेस शुरू करने के लिए सरकार डेयरी उद्यमिता विकास योजना के तहत किसानों को सब्सिडी का लाभ प्रदान करती है। इसके तहत सामान्य किसानों को 25 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों को 33 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाता है।
एसबीआई डेयरी लोन के लिए क्या है पात्रता और शर्तें
एसबीआई डेयरी लोन के लिए कुछ पात्रता और शर्तें भी तय की गई है, जो इस प्रकार से हैं।
- आवेदक करने वाला व्यक्ति भारतीय नागरिक होना चाहिए।
- आवेदन करने वाले व्यक्ति की उम्र 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- आवेदन करने वाला किसी अन्य बैंक से डिफॉल्टर घोषित नहीं होना चाहिए।
- आवेदन करने वाला व्यक्ति का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं होना चाहिए।
- आवेदन करने वाला जिस डेयरी पर लोन ले रहा है वो डेयरी किसी मान्यता प्राप्त कंपनी से लाइसेंस प्राप्त होनी चाहिए।
- उसी डेयरी फार्म को लोन मिलेगा जो मिल्क यूनियन को हमेशा कम से कम 1000 लीटर दूध की पूर्ति करने वाला होना चाहिए।
- जो लास्ट ऑडिट किया गया हो उसका परिणाम ए ग्रेड का होना चाहिए।
- पिछले 2 वर्ष की बैलेंस शीट जो ऑडिट की गई हो उसकी जानकारी देनी जरूरी है।
- डेयरी फार्मिंग से पिछले 2 वर्ष में जो आवेदनकर्ता को लाभ हुआ उसे बैंक को बताना जरूरी है।
एसबीआई डेयरी लोन के लिए आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज
एसबीआई से डेयरी लोन लेने के लिए आपको इसके लिए बैंक को आवेदन फार्म भरकर देना होगा। इसके लिए आपको कुछ दस्तावेजों की जरूरत होगी, जो इस प्रकार से हैं-
- आवेदन करने वाले व्यक्ति का पहचान पत्र (इसके लिए आप मतदाता पहचान पत्र, ड्राईविंग लाइसेंस या पासपोर्ट की कॉपी लगा सकते हैं)
- निवास का प्रमाण यानि एड्रेस प्रूफ (इसके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र संलग्न कर सकते हैं)
- आपके खाते का पिछले 6 माह का बैंक स्टेटमेट
- डेयरी फार्म का लाइसेंस
- आवेदक की पासपोर्ट साइज फोटो आदि।
कैसे करें डेयरी फार्म के लिए लोन हेतु कैसे करें आवेदन
डेयरी फार्म खोलने के इच्छुक व्यक्ति अपने जिले की निकटतम एसबीआई बैंक शाखा में जाकर डेयरी बिजनेस खोलने के लिए फार्म प्राप्त करें। इस फार्म में पूछी गई सभी जानकारी सही-सही भरें। इसके साथ मांगे गए सभी दस्तावेज और प्रोजक्ट की कॉपी अटैच करें। अब इस भरे फार्म को बैंक में जमा करा दें। इसके बाद बैंक आपके फार्म का सत्यापन करेगा। यदि आप डेयरी लोन लेने के लिए सभी पात्रताएं पूरी करते होंगे तो आपका लोन पास कर दिया जाएगा। एसबीआई डेयरी लोन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आप इसकी निकटतम एसबीआई बैंक शाखा से संपर्क करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, स्वराज ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।