लाड़ली बहना योजना का बदलेगा नाम, किस्त की राशि बढ़ने के संकेत

Share Product प्रकाशित - 04 Feb 2026 by Vivek Tailang

लाड़ली बहना योजना का बदलेगा नाम, किस्त की राशि बढ़ने के संकेत

उप मुख्यमंत्री ने दिया संकेत, सही समय आने पर राशि 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये की जाएगी

महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति सरकार की सबसे चर्चित और लोकप्रिय योजनाओं में शामिल मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। योजना के नाम में बदलाव और किस्त की राशि बढ़ाए जाने को लेकर बयानबाजी सामने आ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक अमोल मिटकरी ने मांग की है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का नाम दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नाम पर रखा जाना चाहिए। 

लाड़ली बहन योजना महाराष्ट्र का क्या नया नाम रखने का दिया सुझाव

अमोल मिटकरी ने कहा कि अजित पवार महिलाओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे और वे राज्यभर के दौरों के दौरान अक्सर महिलाओं द्वारा बांधे गए रक्षासूत्रों से घिरे रहते थे। उनके मुताबिक, यदि इस योजना का नाम ‘अजितदादांची लाडकी बहिण योजना’ रखा जाता है, तो यह अजित पवार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। बता दें कि हाल ही में एक विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था, जिसके बाद उनके नाम पर योजना रखने की मांग सामने आई है।

कब शुरू हुई थी लाड़ली बहना योजना महाराष्ट्र

मिटकरी ने यह भी याद दिलाया कि इस योजना की परिकल्पना और घोषणा स्वयं अजित पवार ने वित्त मंत्री रहते हुए की थी। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को जुलाई 2024 में लागू किया गया था। योजना के तहत राज्य की 21 से 65 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस योजना ने 2024 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में महिलाओं के बीच इस योजना को व्यापक समर्थन मिला, जिससे सरकार को मजबूत जनाधार हासिल हुआ।

किस्त की राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये की जाएगी: एकनाथ शिंदे

इस बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साफ किया है कि सरकार इस योजना को बंद करने पर किसी भी तरह का विचार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से महिलाओं को जमीनी स्तर पर बड़ा लाभ मिल रहा है। शिंदे ने संकेत दिया कि सरकार सही समय आने पर इस योजना के तहत दी जाने वाली मासिक राशि को 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर गंभीर है और लाड़ली बहना योजना इसी दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम है। हालांकि, राशि बढ़ाने और योजना के नाम में बदलाव को लेकर अंतिम फैसला समय आने पर लिया जाएगा।

क्या है लाड़ली बहना योजना महाराष्ट्र

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महाराष्ट्र सरकार की एक प्रमुख महिला कल्याण योजना है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक खर्चों में सहायता देना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने निश्चित राशि सीधे बैंक खाते में दी जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलता है जिनकी आय सरकार द्वारा तय सीमा के भीतर है और जो आयकर दाता नहीं हैं। सरकार का दावा है कि इस योजना से लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है और उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।

सबकी नजर सरकार के अंतिम फैसले पर

कुल मिलाकर लाड़ली बहना योजना का नाम बदलने और किस्त बढ़ाने को लेकर चल रही चर्चा ने महाराष्ट्र की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। अब सबकी नजर सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी है। अब देखना होगा कि महाराष्ट्र सरकार योजना के नाम में बदलाव और किस्त बढ़ाने को लेकर क्या अंतिम फैसला लेती है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button