30 हजार महिलाओं की किश्तें रोकी, क्या बंद होने वाली है लाड़ली बहना योजना?
प्रकाशित - 22 Jan 2026
by Vivek Tailang
जानें, क्यों नहीं मिली इन महिलाओं को किस्त और आगे लाड़ली बहना योजना को लेकर सरकार का रूख
Ladli Behna Yojana Update : महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी माझी लाडकी बाहिण योजना जिसे लाड़ली बहना योजना महाराष्ट्र के नाम से भी जाना जाता है। इस योजना को लेकर हाल ही के दिनों में कई सवाल सामने आए हैं। खासकर बुलढाणा जिले में करीब 30 हजार महिलाओं की किस्तें पिछले दो महीनों से रोके जाने के बाद लाभार्थियों के बीच चिंता बढ़ गई है। इसके साथ ही योजना बंद होने की अफवाहें भी फैलने लगीं, जिससे महिलाओं में भ्रम की स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासन और महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने साफ किया है कि योजना बंद नहीं की गई है, बल्कि कुछ तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से भुगतान रोका गया है।
क्यों रोकी गई हजारों लाभार्थी महिलाओं की किस्त
बुलढाणा जिले में इस योजना का लाभ साढ़े छह लाख से अधिक महिलाएं उठा रही हैं। लेकिन प्रशासनिक सत्यापन के दौरान e-KYC प्रक्रिया में सामने आई गड़बड़ियों के कारण करीब 30 हजार महिलाओं की किश्तें रोक दी गई हैं। बताया जा रहा है कि कई मामलों में बैंक खाते आधार से लिंक नहीं पाए गए, तो कहीं दस्तावेजों की जानकारी में तकनीकी त्रुटियां सामने आईं। लगातार दो महीने तक पैसे न मिलने से महिलाएं चिंतित हो गईं और बड़ी संख्या में जिला महिला एवं बाल कल्याण कार्यालय पहुंचकर जानकारी लेने लगीं।
लाड़ली बहना योजना बंद होने की अफवाहों से बढ़ी चिंता
किश्तें रुकने के साथ ही योजना को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं कि कहीं यह योजना बंद तो नहीं होने वाली। इससे ग्रामीण इलाकों की महिलाओं में डर का माहौल बन गया। कई महिलाओं का कहना था कि उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी, इसलिए वे खुद कार्यालय पहुंचकर स्थिति समझना चाहती थीं। प्रशासन ने साफ किया कि योजना को बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
त्रुटियां ठीक कराने पर फिर से मिल सकेंगी किस्तें
महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिन महिलाओं की किश्तें रोकी गई हैं, उनके दस्तावेज या ई–केवाईसी (e-KYC) में कुछ तकनीकी गलतियां पाई गई हैं। विभाग के अनुसार यह रोक स्थायी नहीं बल्कि अस्थायी है। जैसे ही लाभार्थी अपने दस्तावेजों की त्रुटियां ठीक करा लेंगी, उनकी रुकी हुई किश्तें फिर से जारी कर दी जाएंगी। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि महिलाओं को गलतियां सुधारने का पूरा मौका दिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
ई–केवाईसी (e-KYC) और आधार लिंकिंग क्यों है जरूरी
सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और सही लाभार्थी तक सहायता पहुंचाने के लिए e-KYC और आधार लिंकिंग को अनिवार्य किया गया है। लाड़ली बहन योजना में भी इसी प्रक्रिया के तहत सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे फर्जी या डुप्लीकेट लाभार्थियों को रोका जा सकता है और वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता मिल सकेगी। जिन महिलाओं की जानकारी में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है, उनसे जल्द से जल्द सुधार कराने की अपील की गई है।
क्या है लाड़ली बहना योजना महाराष्ट्र और इसका उद्देश्य
महाराष्ट्र सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलाई जा रही माझी लाडकी बाहिण योजना जिसे लाड़ली बहना योजना महाराष्ट्र के नाम से भी जाना जाता है। इस योजना की शुरुआत महिलाओं की आर्थिक मजबूती, स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की थी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह योजना उन परिवारों के लिए है जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से कम है। इसके दायरे में विवाहित महिलाएं, विधवाएं, तलाकशुदा महिलाएं और वे महिलाएं भी शामिल हैं, जिनके पति या पिता नहीं हैं।
लाड़ली बहना योजना को लेकर आगे सरकार का क्या है रुख
महाराष्ट्र सरकार और प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि लाड़ली बहन योजना जारी रहेगी और इसे बंद करने का कोई विचार नहीं है। फिलहाल फोकस इस बात पर है कि जिन लाभार्थियों की किश्तें तकनीकी कारणों से रुकी हैं, उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाए। प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, अपने दस्तावेज और e-KYC की स्थिति की जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर संबंधित कार्यालय से संपर्क करें। इससे न केवल रुकी हुई किश्तें मिलेंगी, बल्कि आगे भी योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा। कुल मिलाकर, 30 हजार महिलाओं की किश्त रुकना किसी नीति बदलाव या योजना बंद होने का संकेत नहीं है, बल्कि यह तकनीकी सत्यापन की प्रक्रिया का हिस्सा है। सही जानकारी और समय पर सुधार के जरिए लाभार्थी महिलाएं दुबारा योजना का पूरा लाभ उठा सकेंगी।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।