मखाना की खेती पर सरकार देगी ₹75 हजार का अनुदान, इन किसानों को मिलेगा फायदा

Share Product प्रकाशित - 13 Nov 2025 by Tractor Junction

मखाना की खेती पर सरकार देगी ₹75 हजार का अनुदान, इन किसानों को मिलेगा फायदा

मखाना खेती क्षेत्र विस्तार पायलट प्रोजेक्ट: तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ बीज, प्रशिक्षण और प्रसंस्करण सुविधाएं भी मिलेंगी

भारत में मखाना की खेती किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। आज देश-विदेश में मखाना की जोरदार मांग के कारण किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। भारत में सबसे ज्यादा मखाना की खेती बिहार राज्य में होती है। अब अन्य राज्य भी मखाना की खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रहे हैं और उन्हें अनुदान व सरकारी सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश सरकार ने भी मखाना की खेती शुरू करने वाले किसानों को 75 हजार रुपए प्रति एकड़ अनुदान देने की घोषणा की है। आइए ट्रैक्टर जंक्शन की इस पोस्ट में मखाना की खेती पर अनुदान के बारे में विस्तार से जानते हैं।

मखाना खेती क्षेत्र विस्तार पायलट प्रोजेक्ट शुरू

मध्यप्रदेश में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने मखाना खेती क्षेत्र विस्तार पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। मध्यप्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बताया कि मध्यप्रदेश में भी बिहार की तर्ज पर मखाना की खेती को विकसित किया जाएगा। इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट को प्रदेश के 4 जिलों नर्मदापुरम, बालाघाट, छिंदवाड़ा और सिवनी में शुरू किया जा रहा है। मंत्री ने इन जिलों के किसानों को योजना से जुड़ने की अपील की है।

मध्यप्रदेश की जलवायु मखाना उत्पादन के लिए अनुकूल

मध्यप्रदेश की जलवायु मखाना उत्पादन के लिए अनुकूल है।मखाना एक ऐसी फसल है जो पानी में उगाई जाती है। इसके उत्पादन के लिए छोटे-छोटे तालाब, पोखर या जलाशय की आवश्यकता होती है। साथ ही इसकी खेती के लिए हल्की और दलदली मिट्टी, जिसमें पानी कुछ समय तक जमा रह सके, सबसे उपयुक्त मानी जाती है। वहीं गहरी, भारी या रेतीली मिट्टी मखाने की खेती के लिए कम अनुकूल होती है।

मखाना के विकास के लिए 20°C से 30°C के बीच का मध्यम तापमान आदर्श होता है। अत्यधिक ठंड या बहुत अधिक गर्मी इसकी वृद्धि को प्रभावित करती है। इसके अलावा, मखाना को पूर्ण धूप की आवश्यकता होती है, लेकिन तालाबों में पर्याप्त जल स्तर बनाए रखना भी जरूरी है।

विशेषज्ञों के अनुसार, मध्यप्रदेश की जलवायु मखाना उत्पादन के लिए बेहद अनुकूल है। यहां का तापमान, जलवायु और मिट्टी की स्थिति इस फसल के लिए उपयुक्त है। इसलिए प्रदेश के किसानों को मखाने की खेती की ओर आकर्षित करने की आवश्यकता है, जिससे उन्हें नई आय के अवसर मिल सकें।

किसानों की सहायता के लिए सरकार ने बनाया मखाना बोर्ड

मखाने की मांग न केवल भारत में बल्कि अरब देशों और यूरोप में भी लगातार बढ़ रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए, भारत सरकार ने मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मखाना बोर्ड’ का गठन किया है, जो किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और बाजार से जोड़ने का काम कर रहा है।

मप्र के उद्यानिकी मंत्री के अनुसार, “मखाने का उत्पादन सिंघाड़ा की तरह छोटे-छोटे तालाबों में किया जाता है, जिससे यह किसानों के लिए एक लाभकारी विकल्प बन सकता है। वर्तमान में बिहार मखाना उत्पादन में अग्रणी राज्य है, जहां बड़े पैमाने पर मखाने की खेती की जाती है। वहां मखाने के बीज को फल का स्वरूप देने के लिए छोटी-छोटी उत्पादन इकाइयां भी स्थापित की गई हैं। मध्यप्रदेश में भी मखाने की खेती को वृहद स्तर पर बढ़ाया जाएगा।

किसानों को मिलेगा अनुदान, ऑन लाइन आवेदन शुरू

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण आयुक्त अरविंद दुबे ने बताया कि राज्य सरकार ने चार जिलों नर्मदापुरम, बालाघाट, छिंदवाड़ा और सिवनी में मखाना उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत 150 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती विकसित की जाएगी, जिस पर लगभग 45 लाख रुपए खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है।

मखाना उत्पादन करने वाले किसानों को 75 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर या कुल लागत का 40 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत अब तक 99 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन कर दिया है। किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ बीज, प्रशिक्षण और प्रसंस्करण सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

योजना के बारे में अधिक जानकारी व ऑनलाइन आवेदन के लिए किसान मध्यप्रदेश उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग (MP Horticulture Department) की आधिकारिक वेबसाइट https://mpfsts.mp.gov.in/ पर विजिट कर सकते हैं।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button