संरक्षित खेती : 30 हजार किसानों मिलेगी 501 करोड़ रुपए की सब्सिडी, जानें, पूरी जानकारी

Share Product प्रकाशित - 16 May 2023 by Tractor Junction

संरक्षित खेती : 30 हजार किसानों मिलेगी 501 करोड़ रुपए की सब्सिडी, जानें, पूरी जानकारी

जानें, क्या है संरक्षित खेती और इससे कैसे मिलेगा ज्यादा मुनाफा

मौसम से प्रकोप जैसे- आंधी, बारिश, बेमौसमी बारिश से फसलों को काफी नुकसान होता है। इस साल किसानों की काफी फसल बेमौसम बारिश के कारण बर्बाद हो गई। इन सब प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए सरकार की ओर से किसानों को संरक्षित खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। संरक्षित खेती करके किसान मौसम के प्रकोप से फसल को बचाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से अनुदान का लाभ भी किसानों को प्रदान किया जाता है।

आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से आपको संरक्षित खेती के लिए किसानों को कितना सरकारी अनुदान मिल सकता है और किसान इस योजना का कैसे लाभ उठा सकते हैं, इसकी जानकारी दे रहे हैं, तो आइये जानते हैं, इसके बारे में।

क्या है संरक्षित खेती (What is Protected Farming?)

प्राकृतिक प्रकोपों से फसल सुरक्षा और जल संरक्षण के लिए संरक्षित खेती के लिए योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत ग्रीन हाउस और शेडनेट हाउस लगाने के लिए राजस्थान में किसानों को 95 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। संरक्षित खेती अपनाकर किसान अपने खेतों में ग्रीन हाउस तथा शेडनेट हाउस निर्मित करके कम क्षेत्रफल में अधिक तथा बेहतर क्वालिटी वाली फसल प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना से किसानों को आर्थिक लाभ हो रहा है।

संरक्षित खेती पर अनुदान के लिए कितना रुपए खर्च करेगी सरकार

संरक्षित खेती को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आगामी दो वर्षों में 60 हजार किसानों को एक हजार करोड़ रुपए का अनुदान दिया जाएगा। इस वित्तीय वर्ष के दौरान 30 हजार किसानों को 501 करोड़ रुपए का अनुदान देने का प्रावधान किया गया है।

किसानों को कितना मिलेगा अनुदान

संयुक्त निदेशक उद्यान के अनुसार ग्रीन एवं शेडनेट हाउस के निर्माण पर सामान्य किसानों को इकाई लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसी प्रकार अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति किसानों को 70 प्रतिशत अनुदान देय होगा। उन्होंने बताया कि राज्य  सरकार की ओर से इस वर्ष बजट घोषणा में अनुदान की राशि बढ़ाते हुए अधिसूचित जनजाति क्षेत्र के सभी किसानों तथा प्रदेश के सभी लघु, सीमांत किसानों को 95 प्रतिशत तक का अनुदान दिए जाने का प्रावधान किया गया है।  

4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल के लिए मिलेगा अनुदान

  • श्री बी.आर कड़वा के अनुसार किसानों को 500 वर्ग मीटर में ग्रीन हाउस की स्थापना के लिए 1060 रुपए प्रति वर्ग मीटर अनुदान दिया जाएगा।
  • वहीं 500 से 1008 वर्ग मीटर के लिए 935 रुपए प्रति मीटर की दर से अनुदान दिया जाएगा।
  • इसी प्रकार 1008 से 2080 वर्ग मीटर के लिए 890 रुपए प्रति मीटर की दर से अनुदान देय होगा।
  • 2080 से 4000 वर्ग मीटर पर किसानों को 844 रुपए प्रति वर्ग मीटर इकाई लागत के आधार पर पात्रतानुसार 50, 70 या 95 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
  • इसी प्रकार शेडनेट हाउस की स्थापना के लिए एक हजार से लेकर 4 हजार वर्ग मीटर पर 710 रुपए प्रति वर्गमीटर लागत के आधार पर नियमानुसार अनुदान का लाभ किसानों को प्रदान किया जाएगा।

ग्रीन हाउस या शेडनेट के लिए सब्सिडी हेतु कहां करें आवेदन

जो प्रदेश किसान ग्रीन हाउस या शेडनेट हाउस लगाने के लिए सरकारी सब्सिडी का लाभ चाहते हैं वे राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आप अपने निकटतम ई-मित्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता

किसानों को संरक्षित खेती के तहत ग्रीन हाउस या शेडनेट हाउस लगाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, इसके लिए कुछ दस्तोवजों की आवश्यकता होगी, ये दस्तावेज इस प्रकार से हैं

  • आवेदन करने वाले किसान का आधार कार्ड
  • आवेदन करने वाले किसान का मोबाइल नंबर
  • आवेदन करने वाले किसान का पासपोर्ट साइज फोटो
  • बैंक खाता विवरण हेतु बैंक पासबुक की कॉपी
  • खेत की जमाबंदी की कॉपी (जमाबंदी की नकल छह माह से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए)
  • नक्शा ट्रेस, भू-स्वामित्व प्रमाण-पत्र
  • मिट्‌टी एवं पानी की जांच रिपोर्ट

योजना की अधिक जानकारी के लिए कहां करें संपर्क

संरक्षित खेती के तहत ग्रीन हाउस या शेडनेट हाउस बनवाने के लिए मिलने वाले सरकारी अनुदान की अधिक जानकारी के लिए आप इस योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://rajkisan.rajasthan.gov.in/ पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपने जिले के कृषि विभाग के कार्यालय से संपर्क करके इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों फोर्स ट्रैक्टर, पॉवर ट्रैक ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button