अब किसानों को गांव में ही मिलेगी आधार बनवाने से लेकर अपडेट की सुविधा

Share Product प्रकाशित - 09 Jan 2026 by Vivek Tailang

अब किसानों को गांव में ही मिलेगी आधार बनवाने से लेकर अपडेट की सुविधा

प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्थापित होंगे आधार सेवा केंद्र 

उत्तर प्रदेश के किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए उन्हें ब्लॉक कार्यालयों या शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। योगी सरकार ने आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर ही आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। 

क्या है इस पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों और ग्रामीण नागरिकों को उनके गांव में ही आधार से जुड़ी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन केंद्रों के माध्यम से नया आधार बनवाने, आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि अपडेट कराने के साथ-साथ आधार प्रमाणीकरण (ऑथेंटिकेशन) की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे न केवल समय और पैसा बचेगा, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी। 

अब कहां बनवा सकते हैं नया आधार और आधार अपडेट

पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक चयनित ग्राम पंचायत के ग्राम सचिवालय में आधार सेवा केंद्र स्थापित किया जाएगा। इन केंद्रों के लिए आवश्यक तकनीकी उपकरण लगाए जा रहे हैं, ताकि आधार सेवाएं बिना किसी रुकावट के संचालित की जा सकें। ग्राम सचिवालय को ही आधार सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि इन आधार सेवा केंद्रों का संचालन ग्राम पंचायत सहायक करेंगे। इससे जहां एक ओर स्थानीय युवाओं को रोजगार और जिम्मेदारी मिलेगी। वहीं दूसरी ओर सेवाओं का संचालन भी स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से हो सकेगा। 

फर्जीवाड़े की संभावना होगी कम

योजना के सुचारु और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने पंचायती राज विभाग को रजिस्ट्रार आईडी और इंपैनलमेंट एजेंसी (EA) आईडी जारी कर दी है। इससे आधार से जुड़ी सभी सेवाएं पूरी तरह अधिकृत तरीके से संचालित की जा सकेंगी। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था आधार सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी और किसी भी तरह की अनियमितता या फर्जीवाड़े की संभावना को काफी हद तक कम करेगी। साथ ही ग्रामीणों को भरोसेमंद और सुरक्षित सेवाएं मिल सकेंगी। 

इस नई व्यवस्था से किसानों क्या होगा लाभ

आधार कार्ड आज लगभग सभी सरकारी योजनाओं से जुड़ा हुआ है। चाहे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हो, फसल बीमा योजना, खाद-बीज सब्सिडी या अन्य कल्याणकारी योजनाएं, हर जगह आधार की आवश्यकता पड़ती है। गांव में ही आधार सेवाएं मिलने से किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर और बिना परेशानी के मिल सकेगा। अब किसानों को आधार अपडेट के लिए दिनभर लाइन में लगने या शहर जाकर खर्च उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और खेती-किसानी पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। 

आधार से जुड़ी परेशानियां होंगी खत्म

नई व्यवस्था के लागू होने से आधार नामांकन, अपडेट और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं ज्यादा सरल और सुगम हो जाएगी। अब तक ग्रामीण इलाकों में आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए सीमित केंद्र होने के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता था। कई बार तकनीकी दिक्कतों के कारण काम अधूरा रह जाता था। ग्राम पंचायत स्तर पर सेवा मिलने से ये सभी समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी। साथ ही, ग्रामीणों का सीधा जुड़ाव सरकारी सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म से मजबूत होगा। 

पायलट प्रोजेक्ट के बाद होगा विस्तार

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल 1000 ग्राम पंचायतों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आधार सेवा केंद्रों की स्थापना की जा रही है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में लागू किया जाएगा। 

गांव-गांव विकास की सोच को मिलेगा बल

पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह के अनुसार यह पहल न केवल डिजिटल सशक्तिकरण को मजबूती देगी, बल्कि शासन की “गांव-गांव विकास” की सोच को भी साकार करेगी। ग्राम सचिवालयों में ही आधार सेवाएं उपलब्ध होने से गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। नई व्यवस्था के लागू होने के बाद ग्राम सचिवालय ग्रामीणों और किसानों के लिए एक बहुउद्देश्यीय सेवा केंद्र के रूप में उभरेंगे, जिससे शासन और जनता के बीच दूरी और भी कम होगी।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button