किसानों और महिलाओं को मिलेगा आसान लोन, सीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

Share Product प्रकाशित - 02 Feb 2026 by Vivek Tailang

किसानों और महिलाओं को मिलेगा आसान लोन, सीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

20 फरवरी और 16 मार्च 2026 को होंगे दो मेगा ऋण वितरण कार्यक्रम, 2.20 लाख करोड़ रुपये के लोन वितरण का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश में किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे कारोबारियों को आसान और समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैंकिंग तंत्र को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक प्रदेश का क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो 62 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य तय किया है। इस दिशा में 20 फरवरी और 16 मार्च 2026 को प्रदेश स्तर पर दो मेगा ऋण वितरण कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें 2.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह निर्देश राज्य स्तरीय बैंकर्स कमेटी (एसएलबीसी) की विशेष बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैंकिंग प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे आम नागरिक, किसान और महिला लाभार्थियों को वास्तविक सहूलियत मिले। अनावश्यक दस्तावेज, बार-बार वेरिफिकेशन और फाइलों में देरी जैसी समस्याएं खत्म होनी चाहिए ताकि पात्र लाभार्थी बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

ओडीओपी के बाद अब ओडीओसी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना की सफलता के बाद अब राज्य सरकार ‘एक जिला-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पहल के जरिए छोटे व्यापारियों, पारंपरिक पाक कला से जुड़े कारीगरों और गिग वर्कर्स को नई पहचान देने जा रही है। उन्होंने बैंकों से अपील की कि जैसे ओडीओपी को प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय सहयोग मिला, वैसे ही ओडीओसी से जुड़े लाभार्थियों को भी आसान ऋण उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार प्रशिक्षण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग में पूरा सहयोग दे रही है और इस मिशन को सफल बनाने में बैंकों की भूमिका निर्णायक होगी।

प्रक्रिया में देरी बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि इन योजनाओं की सफलता के पीछे बैंकों की सकारात्मक और सहयोगी भूमिका रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऋण स्वीकृति में अनावश्यक देरी, अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग और बार-बार सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं आम लोगों को हतोत्साहित करती हैं। ऐसे में बैंकिंग सिस्टम को और अधिक संवेदनशील, सरल और पारदर्शी बनाया जाना आवश्यक है।

ऋण प्रवाह बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है और इसे और मजबूत बनाने में बैंकिंग तंत्र की सक्रियता बेहद अहम है। उन्होंने सभी बैंकों से अपेक्षा की कि वे ऋण प्रवाह बढ़ाएं, नागरिकों को समयबद्ध सेवा दें और वित्तीय समावेशन के लक्ष्यों को जनपद-दर-जनपद पूरा करें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार और बैंक मिलकर उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेंगे।

साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम में बैंक का सहयोग

उज्जैन में भरोसेमंद यूज्ड ट्रैक्टर!

बैठक में बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक लाल सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की क्रेडिट गारंटी योजनाओं से बैंकों का जोखिम कम हुआ है, जिससे ऋण वितरण की रफ्तार बढ़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के तहत अधिक से अधिक युवाओं और कारीगरों तक ऋण पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए कदमों में बैंक पूरा सहयोग करेंगे। 

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार

भारतीय रिजर्व बैंक, लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश का लगातार राजस्व अधिशेष में बने रहना बैंकिंग क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में तेजी से हुए सुधारों से निवेश, उद्योग और ऋण मांग को मजबूती मिली है। उन्होंने बैंकों से आह्वान किया कि वे इस अनुकूल माहौल का लाभ उठाते हुए ऋण वितरण को और तेज करें। बता दें कि 20 फरवरी और 16 मार्च 2026 को प्रस्तावित मेगा ऋण वितरण कार्यक्रमों के जरिए किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे उद्यमियों को बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता देने की योजना है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button