मौसम अलर्ट : सर्द हवाओं से गिरा पारा, शीतलहर की होगी शुरुआत

Share Product Published - 11 Dec 2021 by Tractor Junction

मौसम अलर्ट : सर्द हवाओं से गिरा पारा, शीतलहर की होगी शुरुआत

जानें, मौसम विभाग का पूर्वानुमान और आगे के मौसम का हाल

देश के अधिकांश राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे सर्दी का असर बढऩे लगा है। खासकर सुबह और शाम को सर्दी के तेवर तीखे हो चले हैं। वहीं दोपहर में खिली धूप लोगों को राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार इसी माह के अगले सप्ताह तक सर्दी का असर बढऩा शुरू हो जाएगा और देश के कई राज्यों में शीतलहर शुरू हो जाएगी। बता दें कि इस समय देश में कोई भी सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसलिए 14 दिसंबर तक मौसम में कोई खास बदलाव होने की स्थिति नहीं बन रही है। हालांकि इस दौरान सुबह और शाम को सर्दी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग की जानकारी में बताया गया है कि इस समय मौसम को प्रभावित करने वाला देश में कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस कारण हवा का रुख उत्तर से पश्चिम हो गया है। यह हवा अपने साथ जम्मू कश्मीर से बर्फीली ठंडक लेकर आ रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। 

दिल्ली एनसीआर में बढऩे लगी ठिठुरन, सर्द हवाओं ने गिराया पारा

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, सर्द हवाओं ने देश की राजधानी दिल्ली का पार गिरा दिया है। बताया जा रहा है कि उत्तरी दिशा से हिमालय की ओर से आने वाली सर्द हवाओं से दिल्ली में ठिठुरन बढऩे लगी है। इसके चलते 9 दिसंबर 2021 को दिल्ली में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग का यह भी पूर्वानुमान है कि इस हफ्ते के अंत तक पारा और लुढक़ सकता है, यानी यह 7-8 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। इसके अलावा अगले कुछ दिनों शीत लहर भी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग पिछले महीने ही इस बात का पूर्वानुमान जता चुका है कि दिसंबर से लेकर फरवरी तक यानी तीन महीने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में जोरदार ठंड पड़ेगी। इस दौरान ठंड और न्यूनतम तापमान के पिछले कई सालों के रिकार्ड भी टूट सकते हैं।

मध्यप्रदेश/ग्वालियर : उत्तरी हवा चलने से सर्दी का अहसास शुरू

जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर सर्दी का असर बढऩे लगा है। यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पर आने से रात में कंपाने वाली ठंड की शुरुआत हो गई है। तापमान सामान्य से 1.8 डिसे कम रहने से सुबह के समय चुभन बढ़ गई है, दिन में भी उत्तरी हवा चलने से ठंडक का अहसास रहेगा। दिन का तापमान 23 डिसे तक आ सकता है। प्रदेश में ग्वालियर की रात सबसे ज्यादा ठंडी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में दिन व रात के तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं। न्यूनतम तापमान 6 डिसे तक आ सकता है। 14 दिसंबर तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। नया पश्चिमी विक्षोभ आने तक उत्तरी हवा चलेंगी। उत्तरी हवा से बर्फीली ठंडक बरकरार रहेगी। 14 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना रहेगी। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण रात में राहत की उम्मीद रहेगी, लेकिन दिन में बादल छाने से अधिकतम तापमान घट सकता है, जिससे दिन में कंपकपी रहेगी।

उत्तराखंड / देहरादून : आंशिक बादल छाने के साथ चल सकती हल्की हवाएं 

उत्तराखंड के देहरादून में पारे में गिरावट आने लगी है। दिन में चटख धूप खिलने से ठंड कम महसूस की जा रही है, लेकिन रात को कंपकंपी बढ़ गई है। देहरादून समेत मसूरी, नैनीताल, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में शाम को सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ा रही हैं। हालांकि, ज्यादातर मैदानी इलाकों में दिन में अभी ठंड कम महसूस की जा रही है। चटख धूप के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से दो-चार डिग्री अधिक बना हुआ है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य या इससे नीचे पहुंचने लगा है। जिससे सुबह और शाम को कहीं-कहीं कड़ाके की ठंड भी महसूस की जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आगामी सोमवार तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इस दौरान हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़ समूचे प्रदेश में सामान्यत: मौसम साफ रहेगा। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने के साथ हल्की हवाएं चल सकती हैं। समुद्रतल से 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों गिरी बर्फ के पिघलने से सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ा सकती हैं। हालांकि, आगामी 15 दिसंबर के बाद प्रदेश में मौसम के एक बार फिर करवट बदलने के आसार हैं। जिससे चोटियों पर हिमपात की आशंका बन रही है।

हरियाणा : तापमान में गिरावट के साथ ही हल्की धुंध छाने की संभावना 

हरियाणा के जिला हिसार में सर्दी असर दिखाने लगी है। अभी तक हिसार की रात अभी भी प्रदेश में सबसे ठंडी चल रही है। वीरवार को हिसार में रात्रि तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। हिसार के बाद नारनौल में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। बाकी अधिकांश जिलों में दिन और रात्रि का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। चौधरी चरण सिंह हरियाणाा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खिचड़ ने बताया कि हरियाणा में उत्तर पश्चिमी हवा चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने तथा अलसुबह हल्की धुंध छाने की संभावना है।

मध्यप्रदेश ⁄ भोपाल : शनिवार से सर्दी बढऩे के आसार

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और वातावरण में कुछ नमी आने के कारण मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम स्तर पर बादल छा रहे हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो पा रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे की संभावना है। इसके बाद शनिवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। इससे राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में सर्दी बढ़ेगी। 

छत्तीसगढ़/रायपुर : तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में उत्तर से हवा आ रही है और मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में पूर्व से हवा आ रही है। इसकी वजह से उत्तर भाग में (सरगुजा संभाग के जिलों) न्यूनतम तापमान में गिरावट संभावित है। दूसरे क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

बिहार/पटना : पछुआ हवा के प्रभाव से तापमान में आएगी गिरावट 

मौसम विज्ञान केंद्र पटना से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार में पछुआ हवा का प्रभाव बना हुआ है। वहीं एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बने होने के कारण तापमान में आंशिक गिरावट के आसार है। प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों में रात का तापमान 2-3 डिग्री गिर सकता है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हालांकि इस प्रकार का सिस्टम प्रदेश में अभी नहीं बन रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क होने के साथ न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के एक या दो स्थानों पर कोहरा छाए रहने के साथ पूर्णिया में पांच सौ मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार अभी सात से आठ दिनों तक प्रदेश पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही रहेगा।

राजस्थान : सर्दी ने जोर पकड़ा, सर्द हवाओं जनजीवन प्रभावित

राजस्थान के अनेक हिस्सों में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है और सर्द हवाओं से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बीती रात चुरू सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के के अनुसार पिलानी, अलवर, हनुमानगढ़, नागौर और भीलवाड़ा में पारे में गिरावट दर्ज की गई। विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में सर्दी जारी रहेगी।

यूपी : शीतलहर ने दी दस्तक, रात और दिन के तापमान में कमी की संभावना

प्रदेश में शीतलहर ने दस्तक दे दी। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार अभी रात और दिन के तापमान में और कमी आने की संभावना है। इधर जोनपुर में तापमान गिरना शुरू हो गया है। इससे ठंड में काफी इजाफा महसूस किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 20 दिसंबर तक लगातार तापमान गिरते रहने की संभावना है। 15 से 16 दिसंबर के बीच हल्की बूंदाबादी तथा 22 से 26 दिसंबर के बात हल्की बारिश की संभावना बनी है।

 

अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।

Quick Links

Call Back Button
scroll to top
Close
Call Now Request Call Back