मौसम अलर्ट : धूप से मिली सर्दी से राहत, अब कोहरा और बारिश के आसार

Share Product Published - 23 Dec 2021 by Tractor Junction

मौसम अलर्ट : धूप से मिली सर्दी से राहत, अब कोहरा और बारिश के आसार

जानें, किन जगहों पर छाएगा कोहरा और कहां होगी बारिश

मौसम विभाग की ओर से देश के अलग-अलग राज्यों में कोहरा, बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। साथ ही कहा गया है कि अभी तापमान में बढ़ोतरी होगी और इससे बारिश होगी। वहीं पछुआ हवाएं चलने से सर्दी में इजाफा होगा और बारिश और बर्फबारी के बाद सर्दी ओर जोर पकड़ेगी। इधर निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार देश में इस समय कई मौसमी सिस्टम बन रहे हैं जिससे देश के कई राज्यों में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। इसी के साथ कोहरा छाने रहने और बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है। 

देश भर में बन रहे हैं ये मौसमी सिस्टम

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के 24 दिसंबर के लिए जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार देश में जो मौसमी सिस्टम बन रहे हैं इस प्रकार से हैं- 

  • जम्मू-कश्मीर और उससे सटे इलाके में पश्चिमी विक्षोभ खत्म हो गया है।
  • एक के बाद एक-दो और पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने की उम्मीद है। पहला 24 दिसंबर को और दूसरा 26 दिसंबर को होगा।
  • बांग्लादेश के दक्षिणी हिस्सों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कहां-कहां हुई बारिश

  • पिछले 24 घंटों के दौरान, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय के कुछ हिस्सों में और उत्तरी पंजाब और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
  • गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश और हिमपात हुआ।
  • उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई जिससे शीत लहर में कमी आई।

अगले 24 घंटों में के दौरान इन जगहों पर हो सकती है बारिश

  • अगले 24 घंटों के दौरान, जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट हिमपात के साथ बारिश संभव है। उत्तराखंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में छिटपुट बारिश हो सकती है।
  • असम और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश संभव है।
  • देश के उत्तर पश्चिमी मध्य और पूर्वी हिस्सों में न्यूनतम तापमान और बढ़ सकता है।

दिल्ली : बारिश का यलो अलर्ट जारी, इस दिन हो सकती है बारिश

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का प्रकोप जारी है, लेकिन पिछले कई दिनों की तुलना में बृहस्पतिवार को थोड़ी राहत मिली। इसके पीछे वजह यह है कि शीतलहर नहीं चल रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 5.8 रहा, जबकि लोदी रोड इलाके में न्यूनतम तापमान 5.5 रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। इस वजह से ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। 26 से 29 दिसंबर के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। उस दिन कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। खासतौर पर शाम व रात के वक्त गरज के साथ बारिश हो सकती है। 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

उत्तरप्रदेश / गोरखपुर : 28 दिसंबर को हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में पांच दिन हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले दो दिनों तक हल्के बादल छाये रहेंगे। इसके चलते तापमान हल्की वृद्धि हो सकती है। 26 व 27 दिसंबर का हल्के बादल छाये रह सकते हैं। इससे तापमान में वृद्धि की संभावना है। 28 दिसंबर को बारिश के आसार हैं। इसके बाद फिर से गलन बढ़ सकती है। इधर आगरा के तापमान में हल्का सुधार हुआ है, हालांकि अब भी ये सामान्य से कम है। गुरुवार को दिन में धूप अच्छी निकली है लेकिन बीच-बीच में बादलों के पीछे सूरज छिप जाने के दौरान हवा ठंडी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने हल्के कोहरा छाने के संकेत दिए हैं, इसके साथ ही आगामी दिनों में बूंदाबांदी होने की भी संभावना जताई है। बता दें कि गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ है। ये एक डिग्री कम होकर 7.1 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानि दो दिन पहले के मुकाबले तापमान में सुधार आया है। गुरुवार सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

मध्यप्रदेश ⁄ भोपाल : ठंड से मिली मामूली राहत, बारिश के आसार

पाकिस्तान और बांग्लादेश पर बने सिस्टम के कारण हवाओं का रुख कुछ बदलने लगा है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड से मामूली राहत मिलने लगी है। उधर, बुधवार को रीवा, उमरिया, मंडला, मलाजखंड, सिवनी, खजुराहो, नौगांव, खंडवा, खरगोन, ग्वालियर में शीतलहर का प्रभाव रहा। सिवनी, मलाजखंड, नरसिंहपुर, धार, खंडवा में शीतल दिन रहा। प्रदेश में सबसे कम तीन डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया, मंडला, खजुराहो एवं नौगांव में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा। चार दिन बाद मध्यप्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश होने की भी संभावना है। 26 दिसंबर को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ से मप्र के मौसम का मिजाज प्रभावित होगा। 27 दिसंबर से बादल छाने लगेंगे। साथ ही दो-तीन दिन तक रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं।

राजस्थान : उत्तरी राजस्थान में बढऩे लगी सर्दी, फिर घने कोहरे की संभावना

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से तीन दिन तक उत्तरी राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और चूरू जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण इन जिलों में विजिबिलिटी 100 मीटर तक रह सकती है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि तेज सर्दी के पीछे सामान्य कारण उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद वहां से चलने वाली बर्फीली हवाओं को माना जाता है। इस बार भी सर्द हवाएं चली है। लेकिन कड़ाके की ठंड और तापमान माइनस में जाने के पीछे बड़ा कारण राजस्थान की भौगौलिक परिस्थितियां है। यहां मिट्टी की प्रकृति है। राजस्थान में कम नमी (माइश्चर) है। यहां जितने जल्दी जमीन गर्म होती है,उतनी ही जल्दी ठंडी भी हो जाती है। इस कारण यहां जमीन स्तर पर तापमान माइनस में चला जाता है।

छत्तीसगढ़ / रायपुर : न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार

प्रदेश में इन दिनों ठिठुरन बढऩे के साथ ही सुबह-सुबह आउटर क्षेत्रों में कोहरा भी छाने लगा है। बुधवार सुबह से ही राजधानी रायपुर के साथ ही प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के साथ ही दिन में भी मौसम ठंडा हो गया है। बलरामपुर (स्वचालित वर्षा मापी यंत्र) में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 09.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की दिशा बदलने से न्यूनतम तापमान में बदलाव होगा और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के ही आसार है। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।

झारखंड : जारी रहेगी शीतलहर, दो से तीन डिग्री तापमान गिरने की संभावना

राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा में न्यूनतम तापमान सामान्य के मुकाबले तीन से चार डिग्री नीचे गिर गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले कई दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ती रहेगी। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 48 घंटों में मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। तीन-चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 26 दिसंबर से एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। पूर्वानुमान में बताया गया है कि 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक बादल छाए रहेंगे। 28 और 29 दिसंबर को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।

अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।

Quick Links

Call Back Button
scroll to top
Close
Call Now Request Call Back