मानसून अलर्ट : इस बार समय से पहले केरल पहुंचेगा मानसून, जल्द शुरू होगी खरीफ की बुवाई

Share Product प्रकाशित - 12 May 2025 ट्रैक्टर जंक्शन द्वारा

मानसून अलर्ट : इस बार समय से पहले केरल पहुंचेगा मानसून, जल्द शुरू होगी खरीफ की बुवाई

जानें, मौसम विभाग की मानसून को लेकर महत्वपूर्ण भविष्यवाणी

Monsoon Alert 2025: देश के किसानों के लिए एक बहुत ही राहत भरी खबर है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने साल 2025 के लिए दक्षिण–पश्चिम मानसून (South-west monsoon) को लेकर भविष्यवाणी जारी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून, समय से 4 दिन पहले केरल पहुंच सकता है। ऐसे में इस बार किसान खरीफ फसल (Kharif Fasal) की बुवाई भी जल्द शुरू कर सकेंगे। मौसम विभाग ने अपनी भविष्यवाणी में बताया कि इस बार मानसून समय से पहले 27 मई के दिन केरल पहुंच सकता है। आमतौर पर दक्षिण–पश्चिम मानसून के केरल तट पर पहुंचने की तारीख एक जून मानी जाती है। 

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यदि मानसून 27 मई को आता है तो यह 16 साल में पहली बार होगा जब मानसून इतनी जल्द भारत में दस्तक देगा। इससे पहले मानसून 2009 में 23 मई को केरल पहुंचा था। वहीं 2024 में 30 मई को केरल में दस्तक दी थी। इसके अलावा 2022 में 29 मई को मानसून केरल पहुंचा था। सामान्यत: दक्षिण–पश्चिम मानसून एक जून को केरल पहुंकर 8 जुलाई तक पूरे भारत को कवर कर लेता है।  

इस साल कैसा रहेगा मानसून, कितनी होगी बारिश

इससे पहले मौसम विभाग (IMD) की ओर से 15 अप्रैल के दिन मानसून 2025 को लेकर अपना पहला पूर्वानुमान जारी किया गया था। इसमें मौसम विभाग ने बताया था कि इस साल दक्षिण–पश्चिम मानसून सीजन 2025 (South-west monsoon season 2025) के दौरान पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून सीजन में जून से सितंबर महीने के दौरान दीर्घ अवधि औसत यानी LPA का 105 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है, जिसमें ±5 प्रतिशत तक की त्रुटि हो सकती है। सामान्य तौर पर 96 से 104 फीसदी बारिश को सामान्य माना जाता है। 

इससे पहले मौसम विभाग की भविष्यवाणी कितनी सही साबित हुईं

भारत मौसम विभाग (IMD) की ओर से इससे पहले भी कई बार भविष्यवाणियां की जो करीब–करीब सही साबित हुईं। यदि साल 2015 को छोड़ दिया जाए तो मौसम विभाग द्वारा मानसून के आने की सटीक भविष्यवाणियां की गई हैं। मौसम विभाग ने साल 2024 में केरल मानसून पहुंचने के लिए 31 मई की तारीख दी थी, जिसके मुकाबले मानसून 30 मई के दिन केरल पहुंचा था, जो करीब–करीब सटीक भविष्यवाणी थी। 

TJ App Banner

इस सप्ताह देश में कहां कैसा रहेगा मौसम का हाल (This week's weather In India) 

मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी किए गए इस सप्ताह के मौसम अपडेट (This week's weather updates) के अनुसार 12 मई से लेकर अपने वाले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी–तूफान, बिजली गिरने की संभावना है। वहीं कई जगहों पर गर्मी का प्रकोप बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वाेत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम खराब होने की संभावना है। 

  • मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली–एनसीआर में आसमान में 12 तारीख (Aaj ka Mausam) को भी बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है। 
  • पूर्वी राजस्थान, मध्यप्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 12 से 15 मई के बीच आंधी व बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। 
  • केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में 12 से 15 मई तक गरज–चमक के साथ बारिश हो सकती है। 
  • आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 13 (Kal ka Mausam) व 14 मई को तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं जिसकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। 
  • तमिलनाडु, पुडुचेरी व रायलसीमा में 13 से 16 मई तक भारी बारिश की संभावना है। 
  • सब हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 12 मई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। यहां पर कुछ जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 
  • असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड व त्रिपुरा में 12 से 15 मई तक भारी बारिश तथा कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 13 मई को मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। 
  • बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हीटवेव यानी लू की स्थिति बनी रह सकती है। 
  • झारखंड, केरल, तमिलनाडु व पुडुचेरी में कुछ जगहों पर गर्मी व उमस बनी रह सकती है। 
  • उत्तर प्रदेश में आगामी 5 दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 14 मई से पूर्वी और तराई क्षेत्रों में लू की स्थिति बन सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में गरज के साथ बारिश की संभावना है। 

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टरमहिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टरपुराने ट्रैक्टरकृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

हमसे शीघ्र जुड़ें

Call Back Button
Vote for ITOTY 2025 scroll to top