मानसून 2025 पूर्वानुमान : इस साल मानसून सीजन में होगी जमकर बारिश

Share Product प्रकाशित - 16 Apr 2025 ट्रैक्टर जंक्शन द्वारा

मानसून 2025 पूर्वानुमान : इस साल मानसून सीजन में होगी जमकर बारिश

जानें, मौसम विभाग का जून से सितंबर तक के लिए मानसून 2025 के लिए पूर्वानुमान 

Monsoon 2025: किसानों के लिए मानसून को लेकर खुशखबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मानसून 2025 के लिए अपना पहला पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इसमें बताया गया है कि इस बार मानसून काफी अच्छा रहने वाला है। इस साल मानसून सीजन में जमकर बारिश होगी। ऐसे में किसानों को फायदा होगा। उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि इस साल दक्षिण–पश्चिम मानसून सीजन 2025 के दौरान पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। 

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इस साल मानसून सीजन में जून से सितंबर माह के दौरान दीर्घ अवधि औसत यानी एलपीए के 105 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो इस साल दक्षिण–पश्चिम मानसून जो कि जून से सितंबर महीने तक एक्टिव रहेगा। इसमें ऋतुनिष्ठ बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है। मात्रात्मक रूप से पूरे देश में एलपीए का 105 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है जिसमें +-5 प्रतिशत तक की त्रुटि हो सकती है। इससे पहले 1971 से 2020 तक की अवधि के लिए पूरे देश का ऋतुनिष्ठ बारिश का एलपीए 87 सेमी है। 

इस बार मानसून सीजन में किन राज्यों में होगी ज्यादा बारिश

मानसून 2025 पूर्वानुमान के मुताबिक इस साल देश के अधिकांश भागों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर पश्चिम भारत, पूर्वोत्तर भारत व दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से नीचे बारिश हो सकती है। दक्षिण–पश्चिम मानसून 2025 के लिए संभावित बारिश पूर्वानुमान के अनुसार तटीय केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और बिहार के कुछ क्षेत्र शामिल हैं जहां पर सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं तमिलनाडु, जम्मू–कश्मीर, लद्दाख और पूर्वात्तर भारत के सभी राज्यों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

मई माह में जारी होगा मानसून का दूसरा पूर्वानुमान

साल 2003 से ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से पूरे देश में दक्षिण–पश्चिम मानसून बारिश के लिए दीर्घावधि एलआरएफ जारी होता रहा है। इसमें पहले चरण का पूर्वानुमान अप्रैल में जारी किया जाता है। वहीं दूसरा पूर्वानुमान मई महीने के अंत में जारी किया जाता है। इसके अलावा साल 2021 से आईएमडी देश भर में दक्षिण–पश्चिम मानसून बारिश के लिए हर महीने पूर्वानुमान जारी करता है। मौसम विभाग की ओर से 15 अप्रैल के दिन मानसून सीजन 2025 का पहला पूर्वानुमान जारी किया गया है। 

क्या होती है सामान्य बारिश, सामान्य से कम या अधिक बारिश

मौसम विभाग के अनुमानों के तहत मानसून सीजन के लिए 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है। इससे ऊपर बारिश सामान्य से अधिक व इससे नीचे जो बारिश होती है, उसे सामान्य से कम माना जाता है। इस साल 2025 में मौसम विभाग ने 105 प्रतिशत यानी 87 सेंटीमीटर बारिश का पूर्वानुमान बताया है जो सामान्य से अधिक है। 

भारत में केरल से प्रवेश करता है मानसून

भारत में मानसून हर साल एक जून को केरल से प्रवेश करता है। इसके बाद करीब चार महीने बाद राजस्थान से इसकी वापसी होती है। केरल से देश के मध्य उत्तरी राज्यों में यह 15 से 25 जून के बीच पहुंचता है। 

सामान्य से अधिक बारिश, खेती के लिए अच्छा संकेत

भारत का आधा खेतीहर भाग आज भी मानसून की बारिश पर निर्भर है। ऐसे में मानसून का फसलों की पैदावार पर सीधा असर पड़ता है। यदि मानसून खराब हुआ तो फसलों की पैदावार कम होती है जिससे महंगाई बढ़ने की संभावना रहती है। वहीं यदि मानसून अच्छा रहता है तो पैदावार अच्छी होती है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से सामान्य बारिश रहने की भविष्यवाणी खेती के लिए अच्छा संकेत है। इससे किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं। इधर मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब मानसून में बारिश के दिनों की कमी हो रही है और भारी बारिश की बढ़ोतरी हो रही है। इसके परिणामस्वरूप देश के कई हिस्सों में लगातार सूखा और बाढ़ के हालात बन रहे हैं।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टरमहिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टरपुराने ट्रैक्टरकृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

हमसे शीघ्र जुड़ें

Call Back Button
scroll to top