प्रकाशित - 24 Jun 2025
ट्रैक्टर जंक्शन द्वारा
Monsoon 2025 : देशभर में मानसून 2025 ने जोरदार दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के साथ मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। खास तौर पर उत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत में 24 से 29 जून के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 24 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में मानसून (Delhi Monsoon) को लेकर मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस बार 12 साल बाद मानसून समय से पहले दिल्ली पहुंचेगा। 24 और 25 जून को राजधानी में रुक-रुक कर तेज बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाएं चलने की संभावना है। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में मानसून पहले ही सक्रिय हो चुका है। पंजाब में रविवार से लगातार अच्छी बारिश दर्ज की गई है, वहीं हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से ठंडक का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पोंटा साहिब में 84.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं केलांग का न्यूनतम तापमान 12.6°C और ऊना का अधिकतम तापमान 38.8°C दर्ज किया गया। कई इलाकों में 80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
मध्य प्रदेश में भी मौसम विभाग ने 24 और 25 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। विशेषकर पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 सेमी से अधिक वर्षा हो सकती है।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और सिक्किम में 24 से 27 जून तक हल्की से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल के जिलों हावड़ा, हुगली, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर और झारग्राम में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है। वहीं दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जैसे जिलों में भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मानसून की प्रगति तेजी से हो रही है। साथ ही गुजरात, कोंकण और गोवा में भी 26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 24 से 29 जून तक भारी बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा में भी मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
अरुणाचल प्रदेश में 24 जून को बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूरे पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिन तक गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिलेंगी।
केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी 24 से 27 जून तक तेज बारिश और 60 किमी/घंटा तक की हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने सभी राज्यों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन को आपदा प्रबंधन की तैयारी करने की सलाह दी है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा या खुले में निकलने से पहले इंडियन वेदर अपडेट ( India Weather Update ) और आईएमडी (IMD) अलर्ट पर नजर बनाए रखें।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।