शीतलहर और कोहरे के बीच अब इन राज्यों में हो सकती है बारिश

Share Product Published - 15 Jan 2022 by Tractor Junction

शीतलहर और कोहरे के बीच अब इन राज्यों में हो सकती है बारिश

जानें, किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल और आगे क्या

देश के अधिकांश राज्यों में इस समय सर्दी का असर बढ़ा हुआ है। कई राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। अल सुबह और देर रात कोहरा छाने के साथ ही अब मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना भी जताई गई है। बता दें कि इस बार सर्दी का असर लंबे समय तक रह सकता है। 

जैसा कि जनवरी माह में ही रिकार्ड तोड़ सर्दी ने ये अहसास करा दिया है कि आगामी दिनों में भी इसी तरह सर्दी का असर बने रहने की संभावना है। वहीं देश के कई राज्यों में हल्की से लेकर मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से शीतलहर, कोहरा और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यहां हम आपको हर राज्य के मौसम की जानकारी दे रहे हैं और आगे के मौमस का पूर्वानुमान भी बता रहे हैं। तो आइए जानतें हैं कहां, कैसा रहेगा मौसम का हाल। 

राजस्थान : शीतलहर का प्रकोप जारी, पारा माइनस डिग्री पर पहुंचा

राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप जारी है और हालत ये हैं कि पारा लगातार माइनस डिग्री पर है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार राजस्थान में जनवरी में रिकार्ड तोड़ सर्दी पड़ रही है। माउंटआबू में पारा लगातार सातवें दिन माइनस में दर्ज किया गया है। माउंट आबू में बीती रात का पारा माइनस तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फसलों से लेकर अन्य जगहों पर जमीं बर्फ की परत जमी मिल रही है। उधर, प्रदेश में शीतलहर का असर जारी रहने से जनजीवन काफी अस्त-व्यस्त हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में कुछ इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर का असर रहेगा। शनिवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, धोलपुर, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर में कहीं कोहरा छाया रहा। वहीं, भीलवाड़ा, चित्तौडग़ढ़, करौली, सीकर, चूरू और बीकानेर में शीतलहर का जोर रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो रविवार से मौसम शुष्क हो सकता है। इससे शीतलहर से थोड़ी राहत मिल सकती हैं।

हरियाणा : आसमान में छाए रहेंगे बादल, शीतलहर की संभावना

हरियाणा में 19 जनवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील लेकिन खुश्क रहने की संभावना है। 16 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की गति से उत्तर पश्चिमी हवा शीतलहर की संभवना बना रही है। इसके बाद 17 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा में बदलाव उत्तर पश्चिम से दक्षिण पूर्व व पूर्वी हो जाने से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से अब 17 जनवरी तक हल्की धूप के साथ मौसम सर्द रहने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में आगामी तीन दिनों में शीतलहर चलने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि हाल ही में हुई बारिश से अभी भी हवा में नमी है। इस नमी के कारण सर्द मौसम बना हुआ है। हवा के चलने से गलन और भी अधिक हो गई है। इसी कारण से धुंध हो रही है और यही कारण है जिसके चलते दिन का तापमान लगातार गिर रहा है। आने वाले कुछ समय तक इसी प्रकार की स्थिति बनी रहेगी।

झारखंड : बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना

झारखंड की राजधानी रांची सहित आसपास के क्षेत्रों को लेकर मौसम विभाग ने कल बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई थी। मौसम विभाग ने संभावना जताते हुए भी अलर्ट भी जारी किया था। मौसम विभाग का अलर्ट अभी भी जारी है। विभाग के अनुसार यहां आसमान में बादल छाए रहेंगे। झारखंड के दक्षिणी क्षेत्रों में एकाध जगहों पर बारिश की संभावना है। बाकी जगहों पर मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा। 16 व 17 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा। दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस गिरावट की आशंका है। मौसम विभाग ने रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक तापमान में भी 2-4 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है। साथ ही सूबे के सभी हिस्सों में दो दिनों तक सुबह में कोहरा व धुंध रहने की संभावना है।

मध्यप्रदेश : दो संभागों में बारिश के आसार, इन जिलों में कोल्ड-डे का येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग अनुसार जम्मू कश्मीर और पाकिस्तान की तरफ से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गए हैं जिसके बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान में दो सिस्टम एक साथ एक्टिव हुए। वहीं हरियाणा की तरफ भी एक चक्रवात निर्मित हुआ है जिसके बाद मध्यप्रदेश के शहडोल, जबलपुर संभाग सहित बैतूल जिले में बारिश के साथ ओले पडऩे की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 16 जनवरी को एक के बाद एक दो और सिस्टम एक्टिव होंगे। जिसके बाद उज्जैन, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर और चंबल में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। उज्जैन में अगले 2 दिन तक कड़ाके की ठंड की संभावना भी जताई गई है। इधर ग्वालियर, दतिया, गुना और रायसेन में रात के तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। जिसके बाद रात में ठंड का प्रकोप बढऩे लगा है।

छत्तीसगढ़ / बिलासपुर : बिलासपुर में मौसम साफ होने की संभावना, सर्दी बढ़ेगी

बिलासपुर के न्याय धानी में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है। शनिवार सुबह बारिश नहीं हुई। किंतु आसमान में हल्के बादल छाए रहे। यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पारा 14.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग की मानें तो जल्द बादल हटेंगे और सर्दी बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गरम हवाओं का प्रवेश निरंतर जारी है। एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक स्थित है। इससे प्रदेश के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटें पडऩे की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना बन रही है। चरम उत्तर छग में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं के आगमन के कारण सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है।

इस समय देश में बन रहे हैं ये मौसमी सिस्टम

•    निजी स्काईमेट वेदर के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह 16 जनवरी से पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करना शुरू कर देगा। 
•    एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है।  
•    एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण कोंकण और उसके आसपास बना हुआ है।
•    एक ट्रफ रेखा उत्तर आंतरिक कर्नाटक से उत्तर आंतरिक ओडिशा तक फैली हुई है।
•    एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कहां, कैसा रहा मौसम

•    पिछले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति रही।
•    उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिण जम्मू और कश्मीर, पंजाब के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा।
•    तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पूर्वी एमपी और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
•    गंगीय पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, झारखंड और मराठवाड़ा के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई।

अगले 24 घंटों के दौरान देश में कहां, कैसा रहेगा मौसम का हाल

•    अगले 24 घंटों के दौरान, गंगीय पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश के त्रिपुरा भागों और तटीय ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
•    आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
•    गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात संभव है।
•    पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर पूर्व भारत में मध्यम से घने कोहरे की संभावना है।

अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।

Quick Links

Call Back Button
scroll to top
Close
Call Now Request Call Back