बड़ी खबर: सहकारी समितियों से ऋण लेने के नियम बदले

Share Product प्रकाशित - 18 Feb 2026 by Vivek Tailang

बड़ी खबर: सहकारी समितियों से ऋण लेने के नियम बदले

अब बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य, ऋण स्वीकृति की जानकारी मिलेगी एसएमएस से

प्रदेश में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को दिए जाने वाले ऋण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गोतम कुमार ने हाल ही में विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि अब किसानों को ग्राम सेवा सहकारी समितियों से ऋण राशि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही दी जाएगी। साथ ही ऋण स्वीकृति और खाते में राशि जमा होने की सूचना सीधे किसान के मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भेजी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य सहकारी ऋण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। पहले जहां फर्जी ऋण वितरण और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं, वहीं अब आधार आधारित प्रमाणीकरण और ऑनलाइन सिस्टम के जरिए ऐसी संभावनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई गई है।

कैसे मिलेगा सहकारी समिति से ऋण

विधानसभा में जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि सहकारी समिति से ऋण लेने के लिए किसानों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। सबसे पहले किसान को अपने क्षेत्र की ग्राम सेवा सहकारी समिति की सदस्यता लेनी होगी। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज समिति में जमा कराने होंगे। ऋण के लिए आवेदन अब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता है। पूरी प्रक्रिया आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से पूरी होती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऋण सही लाभार्थी तक पहुंचे। मंत्री ने कहा कि डिजिटल और बायोमेट्रिक व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किसान के नाम पर ऋण लेने की संभावना लगभग समाप्त हो गई है।

फर्जी ऋण मामलों में कार्रवाई

प्रश्नकाल के दौरान विधायक संदीप शर्मा के पूरक प्रश्न के जवाब में मंत्री ने पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े कुछ मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भरतपुर केंद्रीय सहकारी बैंक की कामां शाखा से संबंधित कुछ ग्राम सेवा सहकारी समितियों जिसमें सुनेहरा, सतवास और गांवड़ी में किसानों के नाम पर फर्जी ऋण वितरण की शिकायतें मिली थीं। जांच के बाद 7 जुलाई 2025 को समिति के व्यवस्थापक और शाखा प्रबंधक को अनियमित ऋण वितरण का दोषी पाया गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा सुनहरा और सतवाड़ा समितियों में फर्जी वितरण और गबन के आरोप में 14 अगस्त 2025 को पुलिस थाना कामां में भी एफआईआर दर्ज करवाई गई। गढ़ अजान और बमनवाड़ी समितियों में भी अनियमितताओं को लेकर मामले दर्ज हुए हैं। फिलहाल इन सभी प्रकरणों की जांच जारी है। 

कोटा संभाग में नहीं मिला फर्जी ऋण का मामला

मंत्री ने लिखित जवाब में यह भी स्पष्ट किया कि पिछले पांच वर्षों में कोटा संभाग की सहकारी समितियों में किसानों के नाम से फर्जी ऋण लेने का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। इसे विभाग की पारदर्शी कार्यप्रणाली का परिणाम बताया गया है। सरकार का दावा है कि बायोमेट्रिक सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रणाली और एसएमएस सूचना जैसी व्यवस्थाओं से सहकारी ऋण वितरण प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनी है। इससे न केवल फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा, बल्कि किसानों का भरोसा भी मजबूत होगा। 

डिजिटल सिस्टम और कड़ी निगरानी से ऋण से जुड़े विवादों होगी कमी 

नई व्यवस्था के तहत अब ऋण प्रक्रिया तकनीक आधारित हो गई है, जिससे पारदर्शिता के साथ-साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है। सरकार का मानना है कि डिजिटल सिस्टम और कड़ी निगरानी से भविष्य में सहकारी ऋण से जुड़े विवादों और अनियमितताओं में कमी आएगी।

“सहकारी समितियों से ऋण लेने के नियम बदले” अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

प्रश्न 1. सहकारी समिति से ऋण लेने के नियमों में क्या बदलाव हुआ है?

उत्तर: अब किसानों को ग्राम सेवा सहकारी समिति से ऋण लेने के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के ऋण राशि जारी नहीं होगी। 

प्रश्न 2. ऋण स्वीकृति की जानकारी किसान को कैसे मिलेगी?

उत्तर: ऋण स्वीकृत होने और राशि बैंक खाते में जमा होने की सूचना किसान को एसएमएस के माध्यम से उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। 

प्रश्न 3. सहकारी समिति से ऋण लेने की प्रक्रिया क्या है?

उत्तर: किसान को पहले अपने क्षेत्र की ग्राम सेवा सहकारी समिति की सदस्यता लेनी होगी। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज जमा कर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। पूरी प्रक्रिया आधार आधारित प्रमाणीकरण से पूरी की जाती है। 

प्रश्न 4. बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण क्यों अनिवार्य किया गया है?

उत्तर: फर्जी ऋण वितरण और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है, ताकि ऋण सही किसान को ही मिले। 

प्रश्न 5. क्या पहले फर्जी ऋण के मामले सामने आए थे?

उत्तर: हाँ, कुछ सहकारी समितियों में किसानों के नाम पर फर्जी ऋण वितरण की शिकायतें मिली थीं। जांच के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई है। 

प्रश्न 6. क्या सभी जिलों में फर्जी ऋण के मामले मिले हैं?

उत्तर: नहीं। मंत्री के अनुसार पिछले पांच वर्षों में कोटा संभाग में किसानों के नाम से फर्जी ऋण लेने का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। 

प्रश्न 7. नई व्यवस्था से किसानों को क्या लाभ होगा?

उत्तर: नई डिजिटल और बायोमेट्रिक प्रणाली से ऋण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित होगी। इससे फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा और किसानों का भरोसा मजबूत होगा।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button