न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद : एमएसपी पर फसल खरीद की अंतिम तिथि बढ़ाई

Share Product Published - 03 Feb 2022 by Tractor Junction

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद : एमएसपी पर फसल खरीद की अंतिम तिथि बढ़ाई

अब राज्य के किसान इस तारीख तक बेचे सकेंगे धान सहित अन्य फसलें

देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीफ फसलों की खरीद जोरों पर है। अलग-अलग राज्यों ने इसकी खरीद की अंतिम तिथि जारी कर दी है ताकि फसल बेचने से वंचित रहे किसान नियत तिथि तक अपनी खरीफ फसल बेच सकें। हालांकि खरीफ फसल की खरीदी इस समय अंतिम दौर में है। इसी बीच छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब राज्य के किसान 7 फरवरी 2022 तक धान की उपज बेच सकेंगे। वहीं राज्य में उगने वाली अन्य फसलें- कोदो, कुटकी और रागी बेचने की अंतिम तिथि को भी बढ़ाकर 15 फरवरी 2022 कर दिया गया है। अंतिम तिथि को बढ़ाने से किसानों को फायदा होगा। बता दें कि राज्य के काफी संख्या में ऐसे किसान है जो अभी भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी धान की उपज नहीं बेच पाएं हैं। ऐसे में तिथि बढ़ाने से वे धान सहित अन्य फसलें एमएसपी पर बेच पाएंगे। बता दें कि पहले खरीफ फसल बेचने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 थी जिसे बढ़ाकर 7 फरवरी 2022 कर दिया गया है।

Buy Used Tractor

क्यों बढ़ाई एमएसपी पर धान बेचने की अंतिम तिथि

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के किसानों के हित को ध्यान में रखते धान खरीदी की निर्धारित अवधि में एक सप्ताह की वृद्धि किए जाने का फैसला किया है। राज्य में अब 7 फरवरी तक किसानों से धान खरीदी की जाएगी। बता दें कि इस बार राज्य के 24 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि अभी तक 19 लाख किसानों से ही धान की खरीद हो पाई है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तिथि को बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार चाहती है राज्य के किसानों से अधिक से अधिक धान की खरीद की जाए ताकि किसानों को लाभ हो। 

अभी तक राज्य में कितनी हुई न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद

छत्तीसगढ़ में 21 जनवरी तक 78.92 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है, जो कि इस साल के अवमानित लक्ष्य का 75 प्रतिशत है। इस साल धान बेचने के लिए 24 लाख 5 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। धान का पंजीकृत रकबा 30 लाख 21 हजार हेक्टेयर है। इस साल पंजीकृत किसानों की संख्या में 2 लाख 52 हजार तथा रकबे में 2 लाख 28 हजार हेक्टेयर की वृद्धि हुई है, जो कि गत वर्ष की तुलना में क्रमश: 11.76 प्रतिशत एवं 8.20 प्रतिशत अधिक है। 

किसानों को अब तक कितना किया गया धान खरीदी का भुगतान

अभी तक राज्य में करीब 19 लाख किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी धान की फसल बेची है। जिसका मूल्य 15 हजार 335 करोड़ रुपए है। राज्य सरकार की ओर से किसानों को शत-प्रतिशत राशि का भुगतान किया जा चुका है। किसानों द्वारा इस साल 71 हजार गठान बारदाना धान खरीदी के लिए उपलब्ध कराया गया, जिसकी कुल राशि 88.20 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। 

शेष धान की खरीद के लिए कितने बारदाने की होगी आवश्यकता

राज्य में अब शेष अवधि में धान की खरीदी के लिए 1.30 लाख गठान बारदाने की आवश्यकता होगी। जबकि इसके लिए 1.52 गठान बारदाना उपलब्ध है। इस साल उपार्जित धान के एवज में एफसीआई में लगभग 6 लाख मीट्रिक टन तथा नान में 4.63 लाख मीट्रिक टन इस प्रकार कुल 10.57 लाख मीट्रिक टन जमा कराया जा चुका है। 

Minimum Support Price : 15 फरवरी तक होगी कोदो, कुटकी और रागी की खरीद

छत्तीसगढ़ सरकार ने धान के बाद कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी की अंतिम तिथि को भी आगे बढ़ा दिया है। अब किसान 15 फरवरी 2022 तक कोदो, कुटकी एवं रागी की फसल बेच सकेंगे। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश हुई थी जिसके कारण सरकारी खरीदी को रोक दी गई थी। ऐसे में बहुत से पंजीकृत किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाए हैं। ऐसे में सभी पंजीकृत किसानों से फसल की खरीदी की जा सके इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने धान के बाद अब कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी की अंतिम तिथि को भी आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब किसान 15 फरवरी तक  कोदो, कुटकी एवं रागी की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे। इसके पहले इन फसलों की खरीदी के लिए 31 जनवरी तक की तिथि निर्धारित थी। बता दें कि राज्य में 1 दिसंबर 2021 से कोंदों, कुटकी तथा रागी की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी चल रही है।

अभी तक राज्य में कितनी हुई कोदो, कुटकी तथा रागी की खरीद

राज्य लघु वनोपज संघ के प्रबंधक संचालक संजय शुक्ल ने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब ढाई करोड़ रुपए मूल्य की 7 हजार 799 क्विंटल कोदो, कुटकी तह रागी की खरीदी किया जा चुका है। इनमें से 5 हजार 990 क्विंटल कोदो, 1 हजार 112 क्विंटल कुटकी और 697 क्विंटल रागी शामिल है।

क्या है धान, कोदो, कुटकी तथा रागी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2021-22

केंद्र सरकार वित्तीय वर्ष के लिए खरीफ व रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा करती है। उसी मूल्य पर सभी राज्य किसानों से फसल की खरीद करते हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए धान सहित कोंदो, कुटकी तथा रागी का जो एमएसपी निर्धारित किया गया है वे इस प्रकार से हैं। 

  • धान (सामान्य) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1940 रुपए प्रति क्विंटल
  • धान (ग्रेड ए) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1960 रुपए प्रति क्विंटल
  • कोदो का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3,000 रुपए प्रति क्विंटल
  • कुटकी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3377 रुपए प्रति क्विंटल है।


अगर आप अपनी कृषि भूमिअन्य संपत्तिपुराने ट्रैक्टरकृषि उपकरणदुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।

Quick Links

Call Back Button
scroll to top
Close
Call Now Request Call Back