सीएम ने बताए खरीफ फसल उत्पादन बढ़ाने के आसान टिप्स

Share Product प्रकाशित - 01 Jun 2025 ट्रैक्टर जंक्शन द्वारा

सीएम ने बताए खरीफ फसल उत्पादन बढ़ाने के आसान टिप्स

समय पर बुवाई से बढ़ेगा उत्पादन, किसान अपनाएं ये तरीके, होगी बेहतर पैदावार

Developed Agriculture Resolution Campaign 2025: देश में कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की ओर से विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 की शुरुआत कर दी गई है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ 29 मई को उड़ीसा के पुरी से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। 

यह अभियान 12 जून 2025 तक चलेगा और इसमें देशभर के 700 जिलों के 1.5 करोड़ किसान शामिल होंगे। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत वैज्ञानिक किसानों के खेतों तक पहुंचेंगे और उन्हें फसल उत्पादन बढ़ाने के आसान उपायों के बारे में जानकारी देंगे। इससे देश के खाद्यान्न उत्पादन को बढ़ाने के साथ ही भारतीय खेती को नई दिशा मिलेगी। 

वैज्ञानिक करेंगे किसानों से सीधा संवाद

इस अभियान के तहत 16,000 कृषि वैज्ञानिकों की 2,170 टीमें पूरे देश में गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगी। वैज्ञानिक किसानों को मौसम, मिट्टी, बीज, उर्वरक और जलवायु के अनुसार खेती करने के संबंध में सुझाव देंगे। साथ ही वे किसानों को प्राकृतिक खेती, दलहन-तिलहन उत्पादन और खाद्य सुरक्षा जैसे विषयों पर भी जागरूक करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अपील की है कि वे वैज्ञानिकों से मिलें, उनके साथ बैठकर खेती में नए प्रयोग सीखें और पैदावार बढ़ाने के आधुनिक तरीके अपनाएं। उनका कहना है कि अब वैज्ञानिकों को लैब से निकलकर खेतों में जाना होगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बताए खरीफ फसलों के लिए अहम टिप्स

विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष तौर पर किसानों को समय पर बुवाई की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के चलते इस बार मानसून 20 दिन पहले आने की संभावना है, लेकिन बीच में सूखे जैसी स्थिति भी बन सकती है। मुख्यमंत्री ने किसानों से खरीफ फसलों के लिए अहम टिप्स साझा किए, जो इस प्रकार से हैं– 

  • किसान अच्छे बीजों का चयन करें जिससे उत्पादन बेहतर मिल सके। 
  • समय से बुवाई करने पर फसलोत्पादन अच्छा मिलता है।
  • यदि बुवाई में एक महीने की देरी हो तो उत्पादन में करीब 30 प्रतिशत का अंतर आता है। इसलिए किसान समय पर बुवाई करें। 
  • यदि देरी से बुवाई कर रहे हैं तो उस प्रकार के उत्तम बीजों का प्रयोग करें ताकि उत्पादन की मात्रा में कोई विशेष अंतर नहीं आए।

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत क्या–क्या होंगे काम

सीएम ने कहा कि अच्छा बीज किसानों को समय पर मिल सके इसके लिए तैयारी करनी होगी। इस क्षेत्र में कौन सी संभावनाएं हैं, इनकी जानकारी भी किसानों को उपलब्ध करानी होगी। इस 15 दिवसीय अभियान के तहत जो काम होंगे वे इस प्रकार से हैं– 

  • अभियान के तहत आईसीएआर, देश के कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विश्वविद्यालय, कृषि वैज्ञानिक और कृषि विभाग से जुडे़ अधिकारी व कर्मचारी किसानों को खेती–किसानी के बारे में आधुनिक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। 
  • हर टीम प्रतिदिन दो गांवों का दौरा करेगी और प्राकृतिक संसाधनों के अनुसार खेती करने की दिशा में किसानों को मार्गदर्शन देगी। 
  • कृषि वैज्ञानिक स्थानी क्लाइमेटिक जोन तथा भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप बीजों, फसलों और बुवाई के लिए उपयुक्त सही समय आदि के संबंध में किसानों को जानकारी देंगे।
  • अन्नदाता किसानों को इस बात की भी जानकारी देंगे कि जल्दी और देरी से बुवाई का क्या असर पैदावार पर पड़ सकता है।

जलवायु परिवर्तन के दौर में रणनीति बनाकर खेती करना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में रणनीति बनाकर खेती करना जरूरी हो गया है। ऐसे में हमें पहले से तय करना होगा कि अगर सूखा पड़ा तो कौन-सी फसल ली जाए और उसके लिए क्या तैयारी हो। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पीएम-कुसुम योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस योजना के तहत किसानों को सोलर पंप और ऊर्जा की बचत वाले उपकरणों की सुविधा दी जाती है। बता दें कि विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 केवल एक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अभियान खेती को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखने की सोच को मजबूत करेगा और किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक होगा।

अभियान से 89 कृषि विज्ञान केंद्रों और 8,137 किसान कल्याण केंद्रों को जोड़ा गया

उत्तर प्रदेश में इस अभियान को 89 कृषि विज्ञान केंद्र, 826 विकासखंड मुख्यालय और 8,137 किसान कल्याण केंद्रों से जोड़ा गया है। इस 15 दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नवाचार प्रशिक्षण और तकनीकी हस्तांतरण को नई दिशा देने की कोशिश की जा रही है, जिसमें कृषि उत्पादन बढ़ाने की रणनीति और नए प्रयोग शामिल है। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत वैज्ञानिक, किसानों को बताएंगे कि कौन-सी फसल उगाएं?, कौन-सी किस्म चुनें? बीज कब बोएं और किस तकनीक से?, उर्वरकों का संतुलित उपयोग कैसे करें? जैविक और प्राकृतिक खेती के लाभ क्या हैं? आदि विषयों की जानकारी देंगे। 

विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 की खास  बातें

  • 29 मई से शुरू हुआ 15 दिवसीय विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 (VKSA-2025)
  • अभियान में देशभर से 1.5 करोड़ किसानों तक पहुंचेगी वैज्ञानिकों की 2170 टीमें  
  • किसानों को दी जाएगी उन्नत कृषि तकनीक, समय पर बुवाई, और बेहतर बीजों की जानकारी
  • जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखकर खेती के नए तरीके अपनाने की सलाह
  • उत्तर प्रदेश में सीएम ने दिया समय पर बुआई का मंत्र, कहा समय से बुवाई करने पर देरी से बुवाई की अपेक्षा अधिक मिलता है उत्पादन
  • 12 जून तक चलाया जाएगा हर गांव में विकसित कृषि संकल्प अभियान

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टरमहिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टरपुराने ट्रैक्टरकृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

हमसे शीघ्र जुड़ें

Call Back Button
scroll to top